Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

उप्र उपचुनाव : मैनपुरी, खतौली में सपा और रामपुर सदर में भाजपा को बढ़त

मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव की शुरुआती मतगणना के रुझानों में सपा उम्मीदवार डिंपल यादव अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के रघुराज सिंह शाक्य से आगे चल रही हैं। उन्हें मैनपुरी सदर और जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्रों में मजबूत बढ़त मिली है।
up

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट और रामपुर सदर तथा खतौली विधानसभा सीटों के उपचुनाव की मतगणना जारी है। शुरुआती रुझानों में मैनपुरी और खतौली में समाजवादी पार्टी (सपा) जबकि रामपुर में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं।

मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव की शुरुआती मतगणना के रुझानों में सपा उम्मीदवार डिंपल यादव अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के रघुराज सिंह शाक्य से आगे चल रही हैं। उन्हें मैनपुरी सदर और जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्रों में मजबूत बढ़त मिली है।
 
खतौली विधानसभा सीट पर डाक मत पत्र राउंड में पिछड़ने वाले राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) प्रत्याशी मदन भैया ने पहले चक्र के बाद भाजपा उम्मीदवार राजकुमारी सैनी पर करीब एक हजार मतों से बढ़त बना ली है। रालोद और सपा के बीच गठबंधन है।

रामपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझान में भाजपा के आकाश सक्सेना अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा के आसिम राजा पर शुरुआत से ही बढ़त बनाए हुए हैं।

मैनपुरी लोकसभा सीट सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन से रिक्त हुई है जबकि रामपुर सदर और खतौली विधानसभा सीट क्रमशः सपा विधायक आजम खां और भाजपा विधायक विक्रम सैनी को अलग-अलग मामलों में सजा सुनाए जाने के कारण खाली हुई हैं। मैनपुरी लोकसभा और रामपुर सदर विधानसभा क्षेत्र, सपा के गढ़ माने जाते हैं।

इन सीटों के उपचुनाव के तहत इसी महीने पांच दिसंबर को मतदान हुआ था।

ओडिशा : पदमपुर उपचुनाव की मतगणना में बीजद ने बढ़त बनाई

ओडिशा के बरगढ़ जिले की पदमपुर विधानसभा सीट पर बृहस्पतिवार को चल रही मतगणना के चौथे चरण के बाद सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) की उम्मीदवार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी पर 8,000 से अधिक मतों की बढ़त बना ली है।

अभी तक हुई मतों की गिनती में बीजद की वर्षा सिंह बरिहा को 21,837 वोट मिले हैं, वहीं भाजपा के प्रदीप पुरोहित के खाते में 13,659 मत आये हैं।

वर्षा के पिता बिजय रंजन सिंह बरिहा पदमपुर से बीजद विधायक थे जिनके निधन के कारण उपचुनाव जरूरी हो गया था।

पहले दौर की मतगणना में बीजद उम्मीदवार 1,712 मतों से आगे चल रही थीं। कांग्रेस प्रत्याशी सत्य भूषण साहू को 616 वोट मिले हैं।

(समाचार एजेंसी भाषा इनपुट के साथ)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest