‘इंडिया’ गठबंधन को एकजुट रखने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे: खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में वापस जाने की संभावना के बीच शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी को उम्मीद है कि जो लोग देश के संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करने की इरादा रखते हैं, वे निश्चित रूप से जल्दबाजी में कोई कदम नहीं उठाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) को एकजुट रखने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।
उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई स्पष्टता नहीं है कि जद (यू) नेतृत्व के मन में क्या है।
#WATCH | Congress leader Jairam Ramesh says, "...I can formally say that Congress President Mallikarjun Kharge tried to talk to Bihar CM Nitish Kumar not just once, but several times. However, the Bihar CM is busy..." pic.twitter.com/KC3R1hgJdv
— ANI (@ANI) January 27, 2024
जद(यू) के ‘इंडिया’ गठबंधन से बाहर जाने की संभावना पर एक सवाल के जवाब में खरगे ने कहा, ‘‘क्या वे बाहर जा रहे हैं? मुझे अभी तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। मैंने उनके नेतृत्व को एक पत्र लिखा है और उनसे बात करने की कोशिश की है। मैं स्पष्ट रूप से नहीं जानता कि उनके मन में क्या है।’’
इस बात के पुख्ता संकेत हैं कि जद (यू) प्रमुख और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य में सत्तारूढ़ ‘महागठबंधन’ से अलग होने और फिर से भाजपा नीत राजग में शामिल होने की योजना बना रहे हैं।
के सी त्यागी समेत कुछ जद (यू) नेताओं ने दावा किया है कि ‘इंडिया’ गठबंधन टूटने की कगार पर है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं कल देहरादून जा रहा हूं और वहां से दिल्ली जाऊंगा। एक बार वहां जाकर मैं इसके बारे में पूरी जानकारी जुटाऊंगा और आपसे बात करूंगा, अन्यथा भ्रम पैदा हो सकता है ..चलिए देखते हैं, क्या होता हैं।’’
बिहार में नई सरकार बनाने के लिए जद (यू) के भाजपा के साथ हाथ मिलाने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर खरगे ने कहा, ‘‘हमारे पास इसकी जानकारी नहीं है। क्या वे राज्यपाल के पास गए हैं या जा रहे हैं, उन्होंने हमें नहीं बताया है। यदि ‘इंडिया’ गठबंधन के पास इस बारे में जानकारी होती, तो मैं प्रामाणिक रूप से कह सकता था, अन्यथा इससे अटकलों को और बल मिलेगा। देखते हैं क्या होता है।’’
न्यूज़ एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ
अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।