Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

भगवान की गलती?

देश का प्रशासन ऐसे लोगों के हाथ में है जो कुछ भी कह सकते हैं। सत्ता का सुख और सत्ता के तेवर भाजपा के नेताओं के इतने सर चढ़ कर बोलेंगे इसका अंदाजा शायद उस मीडिया को नहीं था जिसने इसके समर्थन में अपने सभी सिद्धांतों को सिरे चढ़ा दिया। और इसका अंदाजा उन लोगों को भी नहीं था जिन लोगों ने तथाकथित विकास के नारे की आड़ में अपना वोट भाजपा को दिया। यह बड़ी ही शर्मनाक बात है कि गोवा के मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पारसेकर ने विकलांगों को भगवान की गलती बताया है। बयान में उन्होंने कहा कि ऐसे लोग भगवान की लापरवाही होते हैं। विकलांग लोगों के साथ इससे भद्दा कोई मज़ाक नहीं हो सकता कि एक प्रदेश के मुख्यमंत्री इस तरह का बेहूदा बयान भी दे सकते हैं। इस तरह के तौहीन भरे बयान भाजपा और संघ के नेताओं की तरफ से लगातार जारी हैं। ये बातें भोलेपन या बेवकूफी में नहीं कही जा रही हैं। यह हम सब जानते हैं की यह बात बेवकूफी भरी है,लेकिन भाजपा के और संघ के गूढ़ ज्ञान पर यकीन किया जाए तो ये साहब अपनी विचारधारा के आधार पर सही फरमा रहे थे।

                                                                                                                                         

क्योंकि ऐसी ताकतों का मानना है कि समाज में जो भी खराब है वह भगवान की देन है फिर चाहे वह विकलांग हो, गरीब हो, या फिर जातीय आधार पर शोषित तबका हो। और इनके धार्मिक गुरु और इनके द्वारा समर्थित ब्राह्मणवादी जातीय व्यवस्था सदियों से इन विचारों का प्रचार प्रसार करती आई हैं। वे हमेशा गरीब और दलितों को ये बताते आये हैं कि ईश्वर ने ही आपको बनाया है और उन्ही की बनायी व्यवस्था में हम सब रह रहे हैं। यानी शोषण पर आधारित बनायी व्यवस्था ईश्वर ने बनायी है तो इस पर किसी को ऐतराज़ करने का हक नहीं है। ये सब तो भगवान की लापरवाही या उनके आदेश से बनी हैं, इसलिए इनको सुधारना इनके आपे की बात नहीं है।

इस तरह के विचार से ये ताकतें सत्ता में रहने के बावजूद जनता में आपसी भाईचारे और सामान समाज की समझ को अग्रसर नहीं होने देती हैं। इनके विचारक समाज में बराबरी की बात न कर समाज में व्याप्त भेदभाव को ज्यादा बढाने की बात करते हैं। बत्रानामा यानी शिक्षा के भगवाकरण के अभियान के महानायक भी इसी एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं; जनता को गुमराह करने के लिए उनके ये तर्क कि हजारों साल पहले सर्जरी से कटा सर जोड़ दिया जाता था, वैदिक काल में शल्य चिकित्सा होती थी, परमाणु तकनीक महाभारत के समय मौजूद थी, प्रमेय का अविष्कार भारत ने किया था, देश में रहने सभी लोग हिन्दू है आदि।ये सब विचार संघ की विचारधारा को आगे बढाने के एजेंडे का हिस्सा है। सता और संघ की राजनीती का घालमेल बड़े पैमाने पर हो रहा है।

आम आदमी अपनी परेशानियों के विरुद्ध कहीं आंदोलित न हो जाए इसलिए पूरे समाज में इस तरह की भ्रामक विचारों को फैलाने की कोशिश की जा रही है। इसलिए इसके लिए अगर भगवान् को भी लपेटना पड़े तो इसमें किसी को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। अब हमारे देश में प्रचार माध्यमों का ताना-बाना बदल रहा है। बड़े-बड़े कॉर्पोरेट घराने मीडिया को अपना गुलाम बना रहे हैं। हाल ही में अम्बानी के एक चैनल ने पंकज श्रीवास्तव नाम के पत्रकार को इसलिए निकाल दिया क्योंकि वे दिल्ली में भाजपा के समर्थन में  झूठे आंकड़े दिखा रहे थे और विपक्षी पार्टी ‘आप’ को पूरी तरह नज़रन्दाज़ कर रहे थे जबकि ज्यादातर सर्वेक्षण में ‘आप’ स्थिति मज़बूत बतायी जा रही है। इससे कोई भी अन्दाज़ लगा सकता है कि बयार किस ओर बह रही है।

 

डिस्क्लेमर:- उपर्युक्त लेख मे व्यक्त किए गए विचार लेखक के व्यक्तिगत हैं, और आवश्यक तौर पर न्यूज़क्लिक के विचारो को नहीं दर्शाते ।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest