Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

चक्रवाती तूफान फानी कमज़ोर पड़ा, ओडिशा में मरने वालों की संख्या 12 हुई

पश्चिम बंगाल को कोई बड़ा नुकसान पहुंचाए बिना चक्रवाती तूफान फानी आगे निकलकर बंगलादेश पहुंच गया है, जहां 4 लोगों की मौत की ख़बर है। इधर, सबसे प्रभावित ओडिशा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। इसी के साथ ओडिशा में नीट 2019 की परीक्षा भी टाल दी गई है।
Guwahati
PHOTO : IANS

शुक्रवार देर रात पश्चिम बंगाल पहुंचा भीषण चक्रवाती तूफान फानी राज्य में शनिवार को अपेक्षाकृत कमजोर हो गया और दोपहर बाद ये बांग्लादेश में प्रवेश कर गया। बांग्लादेश में इससे काफी नुकसान की ख़बरें मिल रही हैं। अभी तक 4 लोगों की मौत की सूचना मिली है। इधर, ओडिशा के मयूरभंज जिले में चार और लोगों की मौत के साथ ही मरने वालों की संख्या 12 हो गई है।

शुक्रवार को ओडिशा के तट पर पहुंचने वाले चक्रवाती तूफान फोनी के कारण राज्य में काफी नुकसान हुआ। ओडिशा में तबाही मचाने के बाद इसने पश्चिम बंगाल का रुख किया और अब ये वहां से भी गुजर गया है। इस दौरान बंगाल में किसी बड़े नुकसान की ख़बर नहीं है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया है कि कुछ कच्चे घर और पेड़ गिरे हैं, लेकिन किसी भी जिले से किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि अभी और जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।

उधर बांग्लादेश से ख़बर है कि वहां फानी तूफान से चार लोगों की मौत हो गई और 63 अन्य घायल हो गए। बीडीन्यूज24 की रिपोर्ट के अनुसार, आपदा प्रबंधन राज्य मंत्री इनामुर रहमान ने इस आंकड़े की पुष्टि की। उन्होंने कहा, तूफान केंद्र ले जाए गए करीब 16 लाख लोग शनिवार को बाद में अपने घर वापस जा सकते हैं।

बांग्लादेश मौसम विज्ञान विभाग ने हालांकि मोंगला, पायरा, चट्टोग्राम और कॉक्स बाजार जिलों के लिए खतरे के संकेतों को कम कर दिया है।

कोलकाता हवाई अड्डे पर परिचालन बहाल

फानी के गुजरते ही कोलकाता हवाईअड्डे पर परिचालन बहाल कर दिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। कोलकाता हवाईअड्डे के प्रवक्ता ने कहा, "अगरतला के लिए एयर इंडिया एआई 743 कोलकाता से सुबह 9.57 बजे रवाना होने वाली पहली उड़ान रही, जबकि गोएयर की जी 8 101 दिल्ली-कोलकाता में सुबह 10.10 बजे के आसपास कोलकाता में लैंड होने वाली पहली उड़ान रही।"

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के अनुसार, नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीयहवाई अड्डा शुक्रवार दोपहर तीन बजे से शनिवार सुबह आठ बजे तक बंद रहा। 

अधिकारियों ने बताया कि सियालदह और हावड़ा क्षेत्र में ट्रेनों का परिचालन भी सामान्य हो रहा है।

1ee341cdd336ad531dbcf6f841a2e1f6.jpg

असम के कई हिस्सों में भारी बारिश

इसके अलावा तूफान फानी के प्रभाव से शनिवार को असम के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। जिसे देखते हुए राज्य सरकार ने शनिवार व रविवार को जोराहाट और माजुली, गुवाहाटी और उत्तरी गुवाहाटी, धुबरी और अन्य जगहों के बीच नौका सेवाओं को बंद करने के लिए अलर्ट जारी किया है।

गुवाहाटी में शनिवार शाम तक विमान सेवा पर प्रतिबंध लगाया गया, वहीं पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने कोलकाता और ओडिशा जाने वाली कई ट्रेनों को रद्द करने के साथ ही कोलकाता और ओडिशा से असम आने वाली ट्रेनों को भी रद्द किया।

बोरझार के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों ने शनिवार और रविवार को पूर्वोत्तर राज्य में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की चेतावनी दी है।

असम सरकार ने फानी को लेकर जिला प्रशासन को पहले ही अलर्ट जारी करने के साथ राज्य के कुछ संवेदनशील जगहों पर राष्ट्रीय आपदा बचाव दल की 40 टुकड़ियों की तैनाती कर दी थी।

ओडिशा में नीट परीक्षा टली

इधर, दिल्ली से ख़बर है कि मानव संसाधन विकास (एचआरडी) मंत्रालय ने चक्रवात फनी के कारण ओडिशा में राष्ट्रीय योग्यता सह प्रवेश परीक्षा (नीट), 2019 टाल दी है।

राज्य में राहत एवं पुनर्वास कार्य के मद्देनजर ओडिशा प्रशासन की ओर से मिले अनुरोध के बाद यह फैसला किया गया।

एचआरडी सचिव आर. सुब्रमण्यम ने ट्वीट किया, ‘‘फानी चक्रवात के मद्देनजर चलाए जा रहे राहत और पुनर्वास कार्य को लेकर ओडिशा सरकार के अनुरोध के बाद राज्य में पांच मई को होने वाली नीट परीक्षा टाल दी गयी है। ओडिशा में परीक्षा के लिए संशोधित तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी।’’

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest