Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

झारखंड के नए मुख्‍यमंत्री के रूप में चंपई सोरेन ने शपथ ली

झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक दल के नेता चंपई सोरेन राज्‍य के 12वें मुख्‍यमंत्री बने।
Champai Soren
फ़ोटो साभार : द हिन्दू

आदिवासी नेता चंपई सोरेन (67) ने शुक्रवार को झारखंउ के मुख्‍यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने उन्हें यहां राजभवन में पद की शपथ ग्रहण कराई।

शपथ ग्रहण समारोह राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित किया गया और इस अवसर पर झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन के वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

मुख्‍यमंत्री शपथ समारोह में ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आलमगीर आलम और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता सत्यानंद भोक्ता ने राज्य के मंत्रियों के रूप में शपथ ली।

बता दें कि आदिवासी नेता चंपई सोरेन (67) राज्य के 12वें मुख्यमंत्री हैं। वह झारखंड के कोल्हान क्षेत्र से छठे मुख्यमंत्री हैं। कोल्हान क्षेत्र में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले हैं।

उल्‍लेखनीय है कि बुधवार को हेमंत सोरेन ने अपने पद से इस्‍तीफा दे दिया था। कोई मुख्यमंत्री नहीं था इस कारण 'भ्रम' की स्थिति बनी हुई थी। इसके कारण राजनीतिक संकट गहरा गया था। राज्यपाल ने चंपई सोरेन को बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री नियुक्त किया था।

चंपई सोरेन ने राज्यपाल से सरकार बनाने के उनके दावे को जल्द से जल्द स्वीकार करने का आग्रह किया था ताकि कोई अवांछित स्थिति उत्‍पन्‍न न हो।

इससे पहले चंपई सोरेन ने कहा था, ‘‘हम एकजुट हैं। हमारा गठबंधन मजबूत है, इसे कोई तोड़ नहीं सकता।’’

बताते चलें कि कांग्रेस राज्य में झामुमो-नीत गठबंधन की सहयोगी पार्टी है। कांग्रेस प्रदेश इकाई के प्रमुख राजेश ठाकुर ने कहा कि चंपई सोरेन को अपनी सरकार का बहुमत साबित करने के लिए 10 दिन का समय दिया गया है।

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest