Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

पिछले तीन वर्षों में क़रीब चार लाख लोगों ने भारतीय नागरिकता छोड़ी, सबसे ज़्यादा अमेरिका में बसे लोग

वर्ष 2019 में 1,44,017 भारतीयों ने नागरिकता छोड़ी वहीं वर्ष 2020 में 85,256 भारतीयों ने यहां की नागरिकता छोड़कर अन्य देशों की नागरिकता ले ली थी।
पिछले तीन वर्षों में क़रीब चार लाख लोगों ने भारतीय नागरिकता छोड़ी, सबसे ज़्यादा अमेरिका में बसे लोग
Source: ET

पिछले वर्ष यानी साल 2021 में 1,63,370 लाख लोगों ने भारतीय नागरिकता छोड़ कर अन्य देशों की नागरिकता ले ली। वहीं पिछले तीन वर्षों का आंकड़ा देखें तो 3,92,643 लोगों ने भारतीय नागरिकता को छोड़ दिया है। ये जानकारी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने मंगलवार को लोकसभा में दी। उनके द्वारा दिए गए तीन साल यानी वर्ष 2019 के बाद के आंकड़ों की बात करें तो पिछले साल भारतीय नागरिकता छोड़ने वालों की तादाद सबसे ज्यादा रही है। दुनिया के 103 देशों में लोग भारतीय नागरिकता छोड़कर बस रहे हैं।

विदेश मंत्रालय द्वारा विवरण कराया गया उपलब्ध

दरअसल जारी संसद के मानसून सत्र के दौरान लोकसभा में बहुजन समाज पार्टी के नेता हाजी फजलुर रहमान ने पूछा कि क्या गृह मंत्री 2019 से चालू वर्ष तक भारतीय नागरिकता त्यागने वाले लोगों का विवरण और उनकी संख्या बताएंगे। फजलुर रहमान के इस प्रश्न का उत्तर देते हुए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने भारत की नागरिकता त्यागने वाले भारतीय लोगों की संख्या के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने विदेश मंत्रालय द्वारा उपलब्ध कराए गए विवरणों का हवाला देते हुए ये जानकारी दी। लोगों द्वारा भारतीय नागरिकता छोड़ने के कारणों के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि इन लोगों ने अपने व्यक्तिगत कारणों से भारतीय नागरिकता का त्याग किया है।

पिछले तीन साल में क़रीब 4 लाख लोगों ने छोड़ी नागरिकता

अपने उत्तर में उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 से 2021 के दौरान नागरिकता छोड़ने वाले भारतीयों की संख्या 3,92,643 थी। इसमें वर्ष 2019 में 1,44,017 भारतीयों ने नागरिकता छोड़ी वहीं वर्ष 2020 में 85,256 भारतीयों ने यहां की नागरिकता छोड़कर अन्य देशों की नागरिकता ले ली थी।

सबसे ज़्यादा अमेरिका में बसे लोग

दूसरे देशों की नागरिकता ग्रहण करने के मामले में सबसे ज्यादा लोगों ने अमेरिका को तरजीह दिया है। राय ने कहा कि वर्ष 2021 में भारत की नागरिकता छोड़ने वाले लोगों में से सबसे ज्यादा यानी 78,284 भारतीयों ने अमेरिका की नागरिकता ग्रहण की। इसके बाद 23,533 भारतीयों ने ऑस्ट्रेलिया में नागरिकता ग्रहण की है। वहीं 21,597 लोगों ने कनाडा और 14,637 लोगों ने यूके की नागरिकता ली है।

पिछले तीन सालों में अमेरिका के बाद कनाडा को तरजीह

आंकड़ों के अनुसार पिछले तीन सालों यानी वर्ष 2019 से 2021 के बीच 1,70,795 भारतीयों को अमेरिका ने नागरिकता दी। इनमें वर्ष 2019 में 61,683, वर्ष 2020 में 30,828 तथा वर्ष 2021 में 78,284 भारतीयों को अमेरिका ने नागरिकता दी है। इन आंकड़ों में बताया गया है कि ऑस्ट्रेलिया में पिछले तीन सालों में 58,391, कनाडा में 64,071, ब्रिटेन में 35,435, जर्मनी में 6,690, इटली में 12,131, न्यूजीलैंड में 8,882 तथा पाकिस्तान में 48 भारतीयों को नागरिकता मिली।

ज्ञात हो कि पिछले साल नवंबर महीने में लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा था कि वर्ष 2017 में 1,33,049 भारतीयों ने नागरिकता छोड़ दी थी, वहीं वर्ष 2018 में 1,34,561 लोगों ने भारतीय नागरिकता छोड़ी थी।

 

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest