Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

राजस्थान: REET परीक्षा में पद घटाने को लेकर गहलोत सरकार की किरकिरी, युवाओं ने दी आंदोलन की चेतावनी

पहले सरकार ने इस परीक्षा के लेवल 2 में 31 हज़ार 500 पदों पर भर्ती की बात कही थी, लेकिन अब उसे घटाकर 25 हज़ार 500 कर दिया है, यानी 6000 पद कम कर दिए हैं। उम्मीदवार इसी का सड़क से सोशल मीडिया तक विरोध कर रहे हैं।
Rajasthan

राजस्थान के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती के लिए होने वाली राजस्थान शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी REET (रीट) एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार वजह सरकार द्वारा लेवल 2 परीक्षा के पदों को कम करना है। पहले सरकार ने इस परीक्षा के लेवल 2 में 31 हज़ार 500 पदों पर भर्ती की बात कही थी, लेकिन अब उसे घटाकर 25 हज़ार 500 कर दिया है, यानी 6000 पद कम कर दिए हैं। उम्मीदवार इसी का विरोध कर रहे हैं।

बता देंं कि सोमवार, 17 अक्तूबर को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश में 46,500 पदों पर भर्ती की स्वीकृति जारी की। इसके लिए उन्होंने लेवल-1 में 6000 पद बढ़ाकर 21,000 पदों पर भर्ती की घोषणा की। वहीं, लेवल-2 में 6000 पद घटाकर 25 हजार 500 पदों पर ही भर्ती करने का फैसला किया। इसके बाद सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक मुख्यमंत्री के फैसले का विरोध शुरू हो गया है।

क्या है पूरा मामला?

राजस्थान में शिक्षक बनने की योग्यता को परखने के लिए रीट की परीक्षा होती है। यानी इस परीक्षा के जरिए ये तय होता है कि आप शिक्षक बनने के योग्य हैं या नहीं। यह परीक्षा दो लेवल की होती है। लेवल 1 कक्षा एक से पांच तक के टीचर्स के लिए और लेवल 2 कक्षा छह से आठ तक के टीचर्स के लिए। फिर इसे क्वालिफाई करने वाले उम्मीदवारों की भर्ती सरकार मेरिट के हिसाब से शिक्षकों के तौर पर करती है।

विवाद की शुरुआत तब हुई, जब 26 सितंबर, 2021 को रीट परीक्षा आयोजित हुई और उसमें लेवल दो का पेपर लीक हो गया। ये परीक्षा दोनों लेवल के लिए थी। पहले में 15 हज़ार 500 पद थे तो वहीं दूसरे लेवल में 16 हज़ार 500 पद की वैकेंसी थी। मतलब कुल 32 हज़ार पदों के लिए ये परीक्षा थी। लेकिन लेवल 2 का पेपर लीक हो गया। 10 बजे शुरू होने वाली परीक्षा के पर्चे सुबह 8:30 बजे ही कुछ लोगों तक पहुंच गए थे। मामला सामने आया, बवाल हुआ, जांच हुई और 7 फरवरी को राजस्थान सरकार ने लेवल 2 की परीक्षा रद्द करने का फैसला किया।

फैसले की जानकारी ट्विटर पर पर देते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने खुद कहा था कि लेवल 1 के 15 हज़ार 500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने ऐलान किया था कि लेवल 1 और लेवल 2 मिलाकर अब कुल 62 हज़ार पदों पर भर्ती होगी। इसके बाद फरवरी में ही राजस्थान के शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला ने ऐलान किया था कि रीट परीक्षा जुलाई, 2022 में आयोजित कराई जाएगी। उन्होंने कहा था कि रीट के बाद लेवल 1 और लेवल 2 के कुल 62 हज़ार 500 पदों पर भर्ती होगी। उनके मुताबिक इसमें से लेवल 1 के 15 हज़ार 500 पदों पर पहले से भर्ती जारी है।

शिक्षा मंत्री की तरफ से प्रेस नोट जारी किया गया। जिसके मुताबिक, लेवल 1 के 15 हज़ार और लेवल 2 के 31 हज़ार 500 पदों पर भर्ती होनी थी। जैसा कि उन्होंने बताया था, जुलाई में माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षा आयोजित करवाई। परीक्षा के नतीजे घोषित हुए।

इसके बाद 17 अक्टूबर को अशोक गहलोत ने एक और ट्वीट कर बताया कि 46 हज़ार 500 पदों की भर्ती होगी। जिसमें पहले से 62 हज़ार में से 15 हज़ार 500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चालू है। इसके बाद उन्होंने लिखा कि लेवल 2 के छह हज़ार पद लेवल 1 में ट्रांसफर कर दिए गए हैं। यानी पहले की वेकेंसी जो लेवल 1 के लिए 15,000 पद और लेवल 2 के लिए 31,500 पद की थी, अब वो नई वेकेंसी में लेवल 1 के लिए 21,000 पद और लेवल 2 के लिए 25,500 पद में बदल दी गई है। सीएम गहलोत के इस बयान में उम्मीदवारों को सड़क पर ला दिया।

सोशल मीडिया पर भी मुख्यमंत्री के फैसले का विरोध शुरू हो गया है। देशभर में राजस्थान के युवाओं की "#लेवल2_के_पद_32000_करो" की मांग ट्रेंड करने लगी है। युवाओं ने सरकार को चेतावनी भी दी कि अगर जल्द से जल्द लेवल-2 के घटाए गए पदों को फिर से नहीं बढ़ाया गया, तो ह प्रदेशव्यापी आंदोलन करेंगे। जिसके लिए सरकार जिम्मेदार होगी।

विरोध कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार ने साल 2019 में रीट परीक्षा कराने की बात कही थी। लेकिन इसमें दो साल लग गए। इसके बाद 2021 मे पेपर हुआ भी तो हुआ धांधली के चलते लेवल 2 की परीक्षा रद्द कर दी गई। शिक्षा मंत्री ने लेवल 2 में 31 हज़ार 500 पदों पर भर्ती की बात कही थी। लेकन अब पदों की संख्या ही घटा दी गई है। ऐसे में ये उम्मीदवारें के साथ धोखा है, जो सरकार परीक्षा के तीन महीने पहले सुनियोजित तरीके से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।

लेवल दो की तैयारी कर रहीं मधु ने न्यूज़क्लिक से बातचीत में बताया कि वो और उनके दोस्तों ने साल 2021 में रीट की परीक्षा पास कर ली थी, लेकिन जब पेपर रद्द हुआ तो उन्हें भारी निराशा हुई लेकिन इसके बावजूद उनके पास एक उम्मीद थी। लेकिन अब जब सरकार ने लेवल दो के पद ही घटा दिए, तो उनकी उम्मीद को तगड़ा झटका लगा है। वो कहती हैं कि परीक्षा के तीन महीने पहले जब ये हाल है तो पता नहीं अभी परीक्षा और उसके बाद फिर क्या-क्या सुनने और देखने को मिलेगा।

नौजवानों का गुस्सा और आगामी विधानसभा का चुनाव

गौरतलब है कि राजस्थान में 31 हजार पदों के लिए 26 सितंबर 2021 को 25 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने रीट परीक्षा दी थी। इसके 36 दिन बाद रीट का रिजल्ट जारी कर दिया गया था। इसमें से 11 लाख चार हजार 216 को पात्र घोषित किया गया था। इनमें लेवल-1 के लिए 3 लाख तीन हजार 604 और लेवल-2 के लिए 7 लाख 73 हजार 612 को पात्र घोषित किया गया था। भर्ती परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद लेवल-2 के पेपर के लीक होने सबंधी विवाद में सरकार ने लेवल-2 की परीक्षा को रद्द कर दिया। इस परीक्षा के चलते मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उनकी सरकार की तब देश भर में बहुत किरकिरी हुई थी। सरकार के विरोध में प्रदेश भर में युवाओं और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने धरने, प्रदर्शन, रैली और विधानसभा का घेराव तक किया। जिसके बाद छात्रों के विरोध को काम करने के लिए भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाते हुए कुल 62 हजार पदों पर भर्ती करने का फैसला किया।

हालांकि अब सरकार स्कूलों में छात्रों के नामांकन के आधार पर भर्ती की संख्या में बदलाव करने का कारण दे रही है, जो सालों से परीक्षा की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के गले से नीचे नहीं उतर रहा। राज्य में विधानसभा चुनाव नज़दीक हैं, ऐसे में भर्तियों के प्रति लेट-लतीफी और ढीले-ढाले रवैये के चलते सरकार को चुनावी साल में युवाओं का गुस्सा भारी पड़ सकता है। वैसे भी प्रदेश के बेरोज़गार नौजवान गहलोत सरकार से काफी नाराज़ हैं और लगातार रोज़गार के मुद्दे पर सरकार को घेरते रहे हैं।

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest