राजस्थान चुनाव: पूर्वाह्न 11 बजे तक लगभग 25 प्रतिशत मतदान

राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को मतदान हो रहा है जहां पूर्वाह्न 11 बजे तक लगभग 25 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
राज्य की 199 विधानसभा सीट पर मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ जो शाम छह बजे तक चलेगा।
एक अधिकारी ने बताया कि पूर्वाह्न 11 बजे तक मतदान प्रतिशत 24.74 था।
Rajasthan registers 24.74 pc voter turnout till 11.30 am, says EC
Read @ANI Story | https://t.co/cIB73PlYaz#RajasthanElection2023 #PollDay #VoterTurnout pic.twitter.com/kdjkiARjR2
— ANI Digital (@ani_digital) November 25, 2023
अधिकारी ने बताया कि पूर्वाह्न 11 बजे तक कामां विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 38.56 फीसदी और तिजारा में 34.08 फीसदी मतदान हुआ।
राज्य की 200 विधानसभा सीट में से 199 सीट पर मतदान हो रहा है। करणपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार की मृत्यु के कारण मतदान स्थगित कर दिया गया है। वोटों की गिनती तीन दिसंबर को होगी।
राज्य में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ कांग्रेस व मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी में माना जा रहा है जहां इन दोनों पार्टियों के नेताओं का आक्रामक चुनाव प्रचार बृहस्पतिवार शाम थम गया। इसके बाद प्रत्याशियों ने घर घर जाकर मतदाताओं को रिझाने का प्रयास किया।
राजस्थान में कुल 200 विधानसभा सीटें हैं। करणपुर सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार और मौजूदा विधायक गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन के कारण चुनाव स्थगित किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि इन 199 सीटों पर 1862 उम्मीदवार मैदान में हैं, जहां मतदाताओं की संख्या 5,25,38,105 है। इनमें 18-30 आयु वर्ग के 1,70,99,334 युवा मतदाता शामिल हैं, जिनमें 18-19 आयु वर्ग के 22,61,008 नए मतदाता शामिल हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि मतदान शनिवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा, जिसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
सत्तारूढ़ कांग्रेस की ओर से इस बार भी अपना चुनावी भाग्य आजमा रहे नेताओं में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी, मंत्री शांति धारीवाल, बीडी कल्ला, भंवर सिंह भाटी, सालेह मोहम्मद, ममता भूपेश, प्रताप सिंह खाचरियावास, राजेंद्र यादव, शकुंतला रावत, उदय लाल आंजना, महेंद्रजीत सिंह मालवीय तथा अशोक चांदना व पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट शामिल हैं।
वहीं भाजपा के प्रमुख उम्मीदवारों में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया तथा सांसद दीया कुमारी, राज्यवर्धन राठौड़, बाबा बालकनाथ व किरोड़ी लाल मीणा मैदान हैं।
भाजपा ने कांग्रेस विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा समेत छह सांसदों और एक राज्यसभा सदस्य सहित 59 मौजूदा विधायकों को टिकट दिया है। वहीं कांग्रेस ने सात निर्दलीय विधायकों और एक भाजपा विधायक-शोभारानी कुशवाह, जिन्हें पिछले साल भाजपा से निष्कासित कर दिया गया था, सहित 97 विधायकों को मैदान में उतारा है।
कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने वाले प्रमुख चेहरों में से एक पूर्व सांसद ज्योति मिर्धा हैं, जो नागौर से विधानसभा चुनाव लड़ रही हैं। नागौर से सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के संयोजक हनुमान बेनीवाल भी विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। इस पार्टी ने चन्द्रशेखर आजाद के नेतृत्व वाली आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के साथ चुनावी गठबंधन किया है।
भाजपा सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि सत्तारूढ़ कांग्रेस ने 2018 चुनाव की तरह अपने सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के लिए एक सीट -भरतपुर- छोड़ी है। भरतपुर सीट से आरएलडी के मौजूदा विधायक सुभाष गर्ग चुनाव लड़ रहे हैं।
राज्य में इसके अलावा माकपा, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी, भारत आदिवासी पार्टी, भारतीय ट्राइबल पार्टी, आम आदमी पार्टी, एआईएमआईएम समेत कई पार्टियां भी मैदान मे हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों के 40 से अधिक बागी भी मैदान में हैं।
मौजूदा विधानसभा की बात करें तो इस समय कांग्रेस के 107 विधायक, भाजपा के 70, आरएलपी के तीन, माकपा और भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) के 2-2, राष्ट्रीय लोक दल का एक विधायक हैं। निर्दलीय विधायक 13 हैं जबकि दो दो सीटें (उदयपुर और करणपुर) खाली हैं।
(न्यूज़ एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ)
अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।