Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

उत्तर भारत में घने कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित

उपग्रह से प्राप्त तस्वीरों से पता चला कि पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बृहस्पतिवार रात आठ बजे से कोहरा छाया है।
fog
प्रतीकात्मक तस्वीर। PTI

पंजाब से पश्चिम बंगाल तक कोहरे की एक चादर फैली हुई है, जिसके कारण बृहस्पतिवार रात से गंगा के मैदानी इलाकों में दृश्यता कम हो गई और इससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

उपग्रह से प्राप्त तस्वीरों से पता चला कि पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बृहस्पतिवार रात आठ बजे से कोहरा छाया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया कि पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में बहुत घना कोहरा छाया रहा। उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में मध्यम कोहरा छाया रहा।

सुबह 5.30 बजे, बठिंडा और बीकानेर में दृश्यता का स्तर शून्य मीटर था, वहीं अमृतसर और पटियाला में 25 मीटर, गंगानगर, चुरू, हिसार, पालम, सफदरजंग, जयपुर और अगरतला में 50 मीटर; और अंबाला, देहरादून, सुल्तानपुर (पूर्वी यूपी), पूर्णिया, भागलपुर, रांची और झारसुगुड़ा में 200 मीटर रहा।

भारतीय रेलवे के एक प्रवक्ता ने कहा कि कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 22 ट्रेन साढ़े छह घंटे तक की देरी से चल रही हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अमृतसर हवाई अड्डे पर रात आठ बजे तक दृश्यता का स्तर गिरकर शून्य मीटर हो गया, जबकि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास पालम वेधशाला में यह रात 9.30 बजे 1400 मीटर से अचानक गिरकर 10 बजे 400 मीटर हो गया।

रात 11.30 बजे तक दृश्यता का स्तर 50 मीटर और सुबह 4.30 बजे यह शून्य मीटर हो गया, लेकिन सुबह 7.30 बजे तक सुधरकर 300 मीटर हो गया।

पंजाब और हरियाणा में ठंड का कहर जारी है तथा शुक्रवार को बठिंडा और सिरसा दोनों राज्यों में सबसे ठंडे स्थान रहे।

यहां मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज जबकि हरियाणा के सिरसा में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दोनों राज्यों के कई अन्य हिस्से भी ठंड की चपेट में रहे और सुबह घना कोहरा छाया रहा।

पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस, फरीदकोट में पांच डिग्री सेल्सियस, गुरदासपुर में पांच डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 6.8 डिग्री सेल्सियस, पटियाला में 7.7 डिग्री सेल्सियस और पठानकोट में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हरियाणा में, भिवानी और फतेहाबाद भीषण ठंड की चपेट में रहे, जहां न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.3 डिग्री सेल्सियस और 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिसार में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस, करनाल में सात डिग्री सेल्सियस, रोहतक में 7.6 डिग्री सेल्सियस, नारनौल में छह डिग्री सेल्सियस और अंबाला में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

(समाचार एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest