Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

तिरछी नज़र: बढ़ती महंगाई का मतलब है कि देश में बहुत ही अधिक विकास हो रहा है

अब आप स्वयं ही सोचिये कि क्या देश की जनता को इतना अधिक विकास होने के बाद भी इतना सस्ता पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस खरीदने में शर्म नहीं आती? आती ना! तो देश की आम जनता को शर्मिंदगी से बचाने के लिए ही सरकार जी ने इन सब चीजों को इतना महंगा कर दिया है।
cartoon

देश में बहुत ही अधिक विकास हो रहा है। विकास के अजेंडे पर बनी सरकार बहुत ही तेजी से लोगों का विकास कर रही है। जब सोने के, चांदी के रेट बढ़ते हैं तो ऐसा लगता है कि कुछ ही लोगों का विकास हो रहा है। ऐसे ही शेयरों के दाम बढ़ने या फिर सेंसेक्स बढ़ने पर भी बहुत थोड़े लोगों की ही उन्नति होती है क्योंकि इन सब चीजों में बहुत ही कम लोग पैसा लगाने वाले होते हैं।

सरकार बनी है सबका विकास करने के लिए। चुनाव में ही नारा दिया गया था कि 'सबका साथ, सबका विनाश, ओह सॉरी, सबका विकास तो सरकार जी ने सोचा कि विकास सबका ही होना चाहिए। मतलब यह कि आम जनता यह न सोचे कि अमीरों का ही विकास हो रहा है, सेंसेक्स और सोना ही बढ़ता जा रहा है। तो सरकार जी ने पेट्रोल के, डीजल के और रसोई गैस के दाम भी बढ़ाने शुरू कर दिये जिससे आम जनता को भी लगे कि उनका भी विकास हो रहा है। देश के विकास में वे पीछे नहीं छूट रहे हैं।

सरकार जी का वायदा था। सरकार जी ने सरकार जी बनने से पहले ही वायदा किया था कि पेट्रोल पैंतीस रुपये लीटर मिलेगा। जब पेट्रोल पैंतीस रुपये मिलता तो डीजल तो तीस रुपये ही मिलता और रसोई गैस भी तीन सौ रुपये प्रति सिलेंडर। अब आप स्वयं ही सोचिये कि क्या देश की जनता को इतना अधिक विकास होने के बाद भी इतना सस्ता पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस खरीदने में शर्म नहीं आती? आती ना! तो देश की आम जनता को शर्मिंदगी से बचाने के लिए ही सरकार जी ने इन सब चीजों को इतना महंगा कर दिया है।

सरकार जी ने यह भी बताया है कि इन सब चीजों के दाम बढ़ने में पूर्ववर्ती सरकारों की ही जिम्मेदारी है। अब बताइए, सूरज तो पहले से ही है। सूरज कोई मोदी जी थोड़ी ही न लाये हैं। सूरज तो तब से है जब से धरती है, चांद और सितारे हैं। पर क्या नेहरू ने सौर ऊर्जा की खोज की? देश भर में गंदगी से भरे नाले बहुतायत में हैं और बहुत समय से हैं पर इन नालों में बनने वाली रसोई गैस की खोज क्या मोदी जी से पहले किसी ने की? नेहरू ने और पहले वाली सरकारों ने यह पुण्य कार्य कर दिया होता तो क्या आज पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम इतने अधिक होते? नहीं ना!

लेकिन मुझे लगता है कि सिर्फ इन पूर्ववर्ती सरकारों पर जिम्मेदारी डालने से बात नहीं बनेगी। असली जिम्मेदारी तो तय करनी ही पड़ेगी। ये पेट्रोल और ये डीजल, ये डालते हैं बाइक और स्कूटी में, कार में, बस और ट्रक में, ट्रैक्टर में। और इन सबमें ही होते हैं पहिये। और अगर पहिया ही नहीं होता तो ये भी नहीं होते। तब पेट्रोलियम उत्पाद भी कोड़ियों के मोल मिलते। तो असली जिम्मेदारी है उसकी जिसने करीब छह हजार वर्ष पहले पहिया बनाया। मेरी सरकार जी से गुजारिश है कि उसे ढूंढ कर उस पर देशद्रोह की धाराएं लगा जल्द ही यूएपीए में गिरफ्तार किया जाये।

इसी तरह से उसकी भी खोज की जाये जिसने पहली बार आग की खोज की। न वह आग खोजता, न हम खाना पकाने के चक्कर में पड़ते। कच्चा प्राकृतिक भोजन खाते और अधिक स्वस्थ रहते। तब न रसोई होती और न ही रसोई गैस। और जब होती ही नहीं तो रसोई गैस के दाम कहाँ से बढ़ते हजूर! वैसे भी इस आग खोजने वाले ने तो और भी बहुत ही जुल्म ढहाया है। न वह आग खोजता और न ही दहेज के लिए बहुएं जलाई जातीं। न वह आग खोजता और न ही दंगों में घर जलाये जाते। उसे तो तुरंत ही पकड़ कर सीधे सीधे फांसी पर चढ़ा देना चाहिए।

हंसी-मजाक एक तरफ, सच्ची बात तो यह है कि इस सरकार को पूरा अधिकार है पेट्रोल और डीजल के दाम अनाप-शनाप बढ़ाने का। आखिर यह इतने सारे लोगों को मुफ्त में वैक्सीन जो लगा रही है। बताया जा रहा है कि यह काम देश में पहली बार हो रहा है। इससे पहले की सरकारों ने जो देश में जो पहले चेचक (small pox) का और फिर पोलियो का खात्मा किया था वह तो ऐंवे ही था। उन्होंने तो पानी के टीके लगा कर चेचक भगा दिया था और फिर रंगीन बूँदें पिला कर पोलियो। इसीलिए इसके लिए उन सरकारों को कीमत बढ़ाने की कोई जरूरत नहीं पड़ी।

पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमत बढाने में सरकार की मंशा बहुत ही अच्छी है। यह तर्क भी दिया जा रहा है कि रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी से लोगबाग शाकाहारी खानपान पर आ जायेंगे। ये मलेच्छ भी मांस भक्षण छोड़ घास-फूस खाने लगेंगे। और पेट्रोल मंहगा होगा तो मलेच्छों के लड़के अपनी बाइक दौड़ा कर हमारी लड़कियों को नहीं पटा पायेंगे। गौहत्या और लव जिहाद, दोनों ही समाप्त हो जायेंगे। अब चाहे पेट्रोल दो सौ रुपये प्रति लीटर मिले या रसोई गैस दो हजार रुपये प्रति सिलेंडर, हिन्दू राष्ट्र की ओर बढ़ते कदमों के लिए सब स्वीकार्य है।

(तिरछी नज़र एक व्यंग्य स्तंभ है। लेखक पेशे से चिकित्सक हैं।)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest