Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

“मेरी बेटी की हत्या हुई है”, भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे की मौत की मिस्ट्री उलझी!

“...उनकी मां की तहरीर (लिखित शिकायत) पर सिंगर समर सिंह समेत चार लोगों के ख़िलाफ़ धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल सबूत जुटाए जा रहे हैं।”
Akanksha Dubey

उत्तर प्रदेश के बनारस में मॉडल एवं भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे की मौत ने सवालों का एक नया सिलसिला शुरू कर दिया है। कहा जा रहा है कि जिन परिस्थितियों में सुंशात की मौत हुई थी, कमोबेश उसी तरह की परिस्थितियों में आकांक्षा की मौत हुई है। दोनों बहुत दबाव में थे और अपने करियर को लेकर परेशान थे। माना जा रहा है कि उनकी फिल्म इंडस्ट्री से पैदा हुई कुछ परिस्थितियों की वजह से उनकी जान गई है।

27 साल की अभिनेत्री आकांक्षा दुबे का शव 26 मार्च 2023 को सारनाथ थाना क्षेत्र के होटल सोमेंद्र रेजीडेंसी के कमरा नंबर 105 में मिला था। उनका शव पंखे से लटका हुआ मिला। शुरुआत में बताया गया था कि आकांक्षा ने आत्महत्या की है, लेकिन अभिनेत्री की मां मधु दुबे ने अपनी बेटी की मौत को हत्या बताते हुए भोजपुरी गायक समर सिंह और उनके रिश्ते के भाई संजय सिंह के ख़िलाफ़ रिपोर्ट दर्ज कराई है। अभी तक की जांच से यह पता नहीं चल सका है कि यह हत्या का मामला है अथवा आत्महत्या का?

आकांक्षा दुबे की मां

चूंकि प्रियंका दुबे की मौत एक हाई प्रोफाइल मामला है, जिसके चलते इस केस की पड़ताल में उन्नत तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। एक्ट्रेस के फोन, सोशल मीडिया और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से तथ्य और आंकड़े जुटाए जा रहे हैं। आरोपियों की गिरफ़्तारी के लिए पुलिस की क्राइम ब्रांच को लगाया गया है। पुलिस इस वक़्त इस बात की तफ़्तीश कर रही है कि आकांक्षा दुबे ने अपनी जान ख़ुद ही ली, या फिर उनकी हत्या की गई।

“मेरी बेटी की हत्या हुई है”

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक़ आकांक्षा दुबे की मौत फांसी पर लटकने के कारण, दम घुटने से हुई थी। पोस्टमार्टम के बाद 27 मार्च 2023 की शाम आकांक्षा दुबे के शव का मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। घाट पर अभिनेत्री के पिता छोटेलाल दुबे, चाचा मुन्ना दुबे और मामा समेत परिवार के कई सदस्य मौजूद थे।

भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे ने 27 मार्च को सारनाथ थाने में भोजपुरी गायक समर सिंह, उनके भाई और दो अन्य सहयोगियों के ख़िलाफ़ केस दर्ज कराया है। हमसे बातचीत में उन्होंने कहा, "जो तस्वीरें सामने आई हैं, उसमें साफ़तौर पर देखा जा रहा है कि आकांक्षा बैठी हुई है, कोई बैठकर कैसे फांसी लगा सकता है? मेरी बेटी की हत्या की गई है। उसकी मौत के लिए समर सिंह और उसका परिवार दोषी है। उसने बेटी को रिलेशनशिप में धोखा दिया है। समर सिंह पिछले तीन साल से आकांक्षा को प्रताड़ित कर रहा था। वह फिल्मों में काम कराता था, लेकिन पैसे नहीं देता था।"

आगे वो कहती हैं, "आकांक्षा जब भी अपनी मेहनत के पैसे मांगती थी, तो वह उसके साथ मारपीट करता था। समर सिंह ने आकांक्षा के क़रीब पांच करोड़ रुपये हड़प लिए थे। इन पैसों के मांगने पर लखनऊ में आकांक्षा का संजय सिंह और समर सिंह से जमकर विवाद हुआ था। बस्ती ज़िले में शूटिंग के दौरान 21 मार्च 2023 को संजय सिंह ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। सिंगर समर सिंह आकांक्षा को किसी दूसरे की फिल्म या गाने में काम करने पर उसके साथ मारपीट और उत्पीड़न करता था। हम यह नहीं मान सकते कि मेरी बेटी ने सुसाइड किया है, क्योंकि वो बहुत ही बहादुर थी। वह पूरे घर और परिवार को चलाने वाली लड़की थी। उसने अपनी मेहनत के बूते मुंबई में फ्लैट ख़रीदा था और कार भी। वह हमेशा खुश रहती थी और दूसरे को भी खुश करती थी।" यह आरोप लगाते हुए मधु दुबे थाने में ही फूट-फूटकर रोने लगीं।

सिंगर समर समेत चार पर केस

अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत के मामले में एडिशनल सीपी संतोष सिंह कहते हैं, "शुरुआती जांच में आत्महत्या का केस लग रहा है, क्योंकि दरवाज़ा अंदर से बंद था। उनकी मां की तहरीर (लिखित शिकायत) पर सिंगर समर सिंह समेत चार लोगों के ख़िलाफ़ धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मां मधु दुबे ने भी तहरीर में सुसाइड की बात कही है। फिलहाल सबूत जुटाए जा रहे हैं।" इस केस में कई अहम बातें सामने आई हैं।

परिजनों का कहना है कि आकांक्षा की मौत के बाद सिंगर समर सिंह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से सभी पोस्ट हटा दिए हैं। एक्ट्रेस के बड़े भाई हरिओम दुबे के मुताबिक़, "बहन की मौत के बाद समर सिंह ने सबूतों के साथ छेड़छाड़ की और इस्टाग्राम से भी उससे जुड़े सभी पोस्ट हटा दिए।"

सारनाथ की बुद्धा कालोनी में होटल सोमेंद्र रेजिडेंसी, एक न्यायिक अधिकारी का है, जो फिलहाल अवैध तरीके से संचालित किया जा रहा था। ख़बर है कि होटल के संचालकों के पास फायर की एनओसी तक नहीं है। भोजपुरी फिल्म "नालायक नहीं, लायक हूं मैं" में काम करने वाली टीम 22 मार्च 2023 की शाम होटल सोमेंद्र रेजीडेंसी में ठहरी थी। फिल्म निर्माता ने कुल आठ कमरे ले रखे थे। आकांक्षा के बगल वाला कमरा उसके मेकअप आर्टिस्ट का था।

26 मार्च 2023 की सुबह आकांक्षा के मेकअप आर्टिस्ट ने उन्हें फोन किया। फोन न उठाए जाने पर वह होटल पहुंचा। आकांक्षा के कमरे का दरवाज़ा बंद था। होटल सोमेंद्र के मैनेजर राजन सिंह ने बताया कि आकांक्षा ने सुबह से नाश्ते का ऑर्डर नहीं किया है। इसके बाद होटल के कर्मचारियों ने कमरे का दरवाज़ा खटखटाया। जब अंदर से कोई रिस्पॉन्स नहीं आया, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मैनेजर ने पुलिस की मौजूदगी में मास्टर चाबी से कमरे का दरवाज़ा खोला, तो आकांक्षा का शव पंखे से लटका मिला। गले में फांसी का फंदा था और वह बेड पर बैठी थी। उनकी सांसें थम चुकी थी।

ऐसा क्या हुआ जो दे दी जान ?

बताया जा रहा है कि मूलरूप से भदोही की रहने वाली आकांक्षा घटना वाली रात किसी पार्टी में गई थीं। होटल के मैनेजर राजन सिह ने बताया कि जब वह वापस आई थीं, तो उनको छोड़ने एक युवक भी साथ आया था। पुलिस ने युवक की पहचान टिकरी के रहने वाले संदीप के तौर पर की है। वह आंकाक्षा को पहले से जानता था। सारनाथ पुलिस संदीप और दंपती समेत तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगा रही है कि आकांक्षा कहां और किस पार्टी में गई थीं? उस पार्टी में ऐसा क्या हुआ था कि वहां से लौटने के बाद वह आत्महत्या करने को मजबूर हो गईं। एक्ट्रेस आकांक्षा की मौत के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उभर कर आया है कि एक ऐसी अभिनेत्री जो अपने करियर की ऊंचाइयों को छू रही थी, आख़िर उसे ऐसा क्या सदमा लग गया कि उसने अपनी जान दे दी? पुलिस अब उनके मोबाइल की ह्वाट्सएप और मैसेंजर चैट को खंगाल रही है।

होटल सोमेंद्र रेजीडेंसी के महाप्रबंधक रितेश मेहता ने बातचीत में बताया, "एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे 25 मार्च 2023 की रात मंडुआडीह स्थित विभु विहार कालोनी में एक दंपती के घर पार्टी में गई थीं। बाद में आकांक्षा अपने कुछ साथियों के साथ महमूरगंज इलाक़े के एक क्लब में गईं। वहां से लौटी तो वह नशे की हालत में थीं। वह चलने-फिरने की स्थिति में नहीं थीं। चितईपुर निवासी संदीप ने उसे सहारा देकर कमरे तक पहुंचाया। वह कमरे में 17 मिनट तक रुका। इस दौरान नल का पानी खुला हुआ था और कमरे की लाइट्स ऑफ थी। युवक के लौटते ही लाइट ऑन हो गई। पुलिस जब मास्टर चाबी से होटल के रूम के अंदर दाख़िल हुई, तो अभिनेत्री का शव एक दुपट्‌टे से लटका मिला। ऐसा लग रहा था कि वह बेड पर बैठी हुई हैं। उनका एक पैर फर्श पर और एक बेड पर था। एक हाथ भी बेड पर था। बाथरूम का नल खुला था। उनका मोबाइल चार्ज पर लगा हुआ था।"

असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर ज्ञान प्रकाश राय हमसे कहते हैं, "अभियुक्तों की गिरफ़्तारी के लिए बिहार, लखनऊ, गाज़ीपुर, आज़मगढ़, मऊ, और प्रतापगढ़ में पुलिस की कई टीमें भेजी गई हैं। दबिश और छापेमारी जारी है। अभी तक किसी अभियुक्त की गिरफ़्तारी नहीं हुई है। उम्मीद है कि जल्द ही अभियुक्तों को गिरफ़्तार कर एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे की मौत की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।"

पहले इंस्टा रील, फिर इंस्टा लाइव

सारनाथ थाना पुलिस के मुताबिक़, "आकांक्षा ने होटल में आने के बाद इंस्टाग्राम पर रील अपलोड की। रील में वह बेहद ख़ुश नज़र आ रही थीं। उनके चेहरे पर किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं झलक रही थी। यह रील होटल के उसी कमरे की थी, जहां उनका शव मिला। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आकांक्षा ने यह वीडियो उसी रात बनाई थी या पहले। आकांक्षा 25 मार्च की रात क़रीब 2.25 बजे इंस्टाग्राम पर लाइव आईं थीं। इस दौरान वह फूट-फूट कर रोते हुए नज़र आईं। फिलहाल, यह वीडियो डिलीट हो चुका है। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। आशंका है कि होटल आने के बाद अभिनेत्री ने किसी से फोन पर बात की। जिससे विवाद हुआ और उन्होंने भयानक कदम उठा लिया।"

उत्तर प्रदेश के भदोही ज़िले के बरदहा गांव में 1996 में जन्मी आकांक्षा दुबेके परिवार की स्थिति बहुत अच्छी नहीं थी। आकांक्षा के पिता खेती-किसानी करते थे। घर में दो बेटे, एक बेटी के साथ पत्नी रहती थी। किसी तरह से घर का खर्चा चलता था। आकांक्षा और उसके दोनों भाई गांव के सन राइज़ स्कूल में ही पढ़ते थे। आकांक्षा की मां भी कुछ न कुछ काम करके अपने पति को सपोर्ट करती थीं। गांव में अभी भी आकांक्षा का घर है जहां पर अब उसके चाचा-चाची रहते हैं। घर पक्का बना हुआ है। बाहर जानवर बंधे हुए हैं। आकांक्षा के चाचा खेती-किसानी ही करते हैं।

बरदहां गांव के लोग बस आकांक्षा की बात ही कर रहे हैं। आकांक्षा की चाची ने बताया, "मेरे सामने तो आकांक्षा बहुत छोटी थी। जब मेरी शादी हुई तब वो तो दो-तीन साल की होगी। बहुत शैतान थी। वो हमेशा बाहर घूमने की ज़िद किया करती थी। घर में सब उसको बहुत प्यार करते थे। पढ़ने में बचपन से होशियार थी। स्कूल का सारा काम बिना किसी के कहे पूरा करती थी। उसे डांस करने का शौक तो बचपन से ही था। वह दूसरी लड़कियों को भी डांस सिखाया करती थी। वो कहती थी, एक दिन दुनिया पर छा जाऊंगी।"

आकांक्षा के परिवारजनों के मुताबिक़ आकांक्षा दुबे के कारोबारी पिता उन्हें आईपीएस अफ़सर बनाना चाहते थे, लेकिन उनका रुझान एक्टिंग और डांसिंग में था। बताया जाता है कि काफ़ी मान-मनौव्वल के बाद उन्होंने अपने परिजनों को ख़ुद के फिल्मों में काम करने के लिए राज़ी किया था। मौत से ठीक पहले उन्होंने इंस्टाग्राम पर आख़िरी पोस्ट शेयर किया था, जिसमें वह डांस करती ख़ुश नज़र आ रही हैं। आकांक्षा दुबे की मौत से उनके प्रशंसक सदमे में हैं और इस ख़बर पर विश्वास नहीं कर पा रहे हैं।बरदहां गांव के लोग अपने सामने बड़ी हुई आकांशा की इन परिस्थितियों में हुई मौत पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं।

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest