Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

बदायूं में महिला की सामूहिक बलात्कार के बाद हत्या, राज्य की योगी सरकार-पुलिस प्रशासन पर फिर उठे सवाल

मंदिर के महंत और उसके दो साथियों पर लगा है आरोप। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने की महिला से बलात्कार की पुष्टि। गुप्तांग में चोट के निशान तथा पैर की हड्डी टूटी पाई गई।
rape

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के एक मंदिर में पूजा-अर्चना करने गई एक आंगनबाड़ी सहायिका की संदिग्ध परिस्थितियों में सामूहिक बलात्कार के बाद निर्मम हत्या कर दी गई।  घटना बदायूं के उघैती क्षेत्र की है।  मामला सामने आने के बाद मंदिर के महंत समेत तीन संदिग्धों के खिलाफ सामूहिक बलात्कार और हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने बुधवार को बताया कि गत रविवार को उघैती थाना क्षेत्र के एक गांव में मंदिर गई 50 वर्षीय एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। शर्मा ने बताया कि महिला के परिजनों ने मंदिर के महंत सत्य नारायण और उसके दो साथियों पर बलात्कार और हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस आधार पर मामला दर्ज कर दो आरोपियों को मंगलवार रात गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी महंत फरार है और उसे गिरफ्तार करने के लिए चार दलों का गठन किया गया है। 

शर्मा ने आगे बताया कि इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में थाना प्रभारी को निलम्बित कर दिया गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला से बलात्कार की पुष्टि हुई है और गुप्तांग में चोट के निशान तथा पैर की हड्डी टूटी पाई गई है। मृत महिला के बेटे ने बताया कि उनकी मां पिछले रविवार की शाम गांव के ही मंदिर में पूजा अर्चना करने गई थी और रात करीब 11 बजे मंदिर का महंत दो अन्य साथियों के साथ आया और उनकी मां के मृत शव को घर में रख कर चला गया। उनके बेटे ने आगे बताया कि घर में मौजूद लोग उनसे कुछ पूछ पाते, उससे पहले ही वे यह कह कर लौट गए कि महिला की, घर लौटते समय, रास्ते में एक सूखे कुएं में गिर जाने से मृत्य हो गई, और उन्होनें (महंत) ने महिला की चीख-पुकार सुन कर उन्हें कुएं से बाहर निकाला और घर ले कर आए। 

महिला के बेटे का कहना है कि पुलिस को घटना की सूचना सोमवार के सुबह ही दे दी गई थी और शुरुआती दौर से परिजन इसे बलाटकार और हत्या का मामला बता रहे थे, लेकिन पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाही का बहाना दे कर, शव को मंगलवार को पोस्ट्मार्टम के लिए भेज दिया।

मामले की गंभीरता और पुलिस के ढीले रवैयए को देखते हुए सभी विपक्षी दल योगी सरकार को घेरने का प्रयास कर रहे हैं। प्रदेश के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने इस घटना पर सरकार को घेरते हुए एक ट्वीट में कहा, "यूपी के बदायूं में पूजा करने गई 50 वर्षीय आंगनवाड़ी सहायिका के साथ गैंगरेप और फिर उसके बाद उसकी निर्मम हत्या ने संपूर्ण मानवता को शर्मसार कर दिया है।" पार्टी ने इसी ट्वीट में कहा " डूब मरें सत्ताधीश जो महिला सुरक्षा के सिर्फ झूठे दावे किया करते हैं। दोषियों को जल्द से जल्द सख्त सजा दिला कर न्याय किया जाए।" 

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मामले पर सरकार और पुलिस महकमे के रवैये को ले कर राज्य की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला सुरक्षा पर सरकार की नीयत में ही खोट है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘हाथरस में सरकारी अमले ने शुरुआत में फरियादी की नहीं सुनी, सरकार ने अफसरों को बचाया और आवाज को दबाया। बदायूं में थानेदार ने फरियादी की नहीं सुनी, घटनास्थल का मुआयना तक नहीं किया। महिला सुरक्षा पर उप्र सरकार की नीयत में खोट है।’’

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भी इस घटना पर उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखे शब्दों में हमला किया। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘‘वीभत्स, जघन्य, मानवता हुई शर्मसार! कितनी और निर्भया? कितनी और हैवानियत? कब जागेगी आदित्यनाथ सरकार? कहां है हमारे सजग पत्रकार?’’ 

यह कोई पहली बलात्कार की घटना नहीं हैं जो उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था और प्रशासन की संवेदनहीनता पर सवाल खड़े करती हो। कुछ महीनों पहले  बहुचर्चित हाथरस कांड में भी पुलिस की भूमिका पर कई सवाल खड़े हुए थे। तब भी पुलिस पर मामले को गंभीरता से न लेने का आरोप था। घटना के 10 दिन बाद तक पुलिस ने किसी की गिरफ़्तारी नहीं की थी। पुलिस और प्रशासन पर पीड़िता के परिवार की सहमति के बिना ही उसका अंतिम संस्कार किए जाने का भी गंभीर आरोप था।

निर्भया कांड के बाद जनता के फूटे गुस्से के चलते भारतीय दण्ड संहिता में हुए महत्वपूर्ण बदलाव के बावजूद देश में बलात्कार के मामलों में कोई कमी नहीं आई है। आज भी परिस्थिति ज्यों कि त्यों हैं। राष्‍ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्‍यूरो के 2019 की रिपोर्ट के अनुसार देश में हर रोज़ 88 बलात्कार की घटनाएँ सामने आती हैं। अगर और ध्यान से इन आंकड़ों को देखें तो पता चलेगा कि स्तिथि इतनी भयावह है कि 88 महिलाओं में से 14 नाबालिग लड़कियां होती हैं। बलात्कार के मामलों में उत्तर प्रदेश, राजस्थान के बाद, दूसरे नंबर पर है, जहाँ हर रोज़ करीबन 17 महिलाओं के साथ बलात्कार की घटनाएँ सामने आती हैं।

(समाचार एजेंसी भाषा इनपुट के साथ )

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest