Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

23 मार्च के शहीदी दिवस के मद्देनज़र किसान-मज़दूर निकालेंगे पदयात्रा

भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहीदी दिवस के दिन सीआईटीयू, किसान सभा, और खेत मज़दूर यूनियन ने कृषि क़ानूनों, लेबर एक्ट और मोदी सरकार की अन्य नीतियों के ख़िलाफ़ पदयात्रा निकालने की घोषणा की है और सभी किसानों-मज़दूरों, आम जनता, शिक्षक छात्र बुद्धिजीवी और हर वर्ग के लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की है।
23 मार्च

देश भर में मोदी सरकार द्वारा लाये गए तीनों कृषि क़ानूनों का विरोध लगातार बढ़ रहा है। किसानों के अलावा मज़दूर भी इस आंदोलन को अपने आंदोलन के साथ जोड़ कर एकजुट होकर संघर्ष कर रहे हैं। 

इसी सिलसिले में 23 मार्च, जिस दिन भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को फांसी दी गई थी, उस शहीदी दिवस के मद्देनज़र सीआईटीयू, किसान सभा, और खेत मज़दूर यूनियन ने तीन काले कृषि क़ानून, लेबर कोड एक्ट, बिजली बिल और निजीकरण के ख़िलाफ़ तथा एमएसपी पर ख़रीद की गारंटी का क़ानून बनवाने, खाद्य सुरक्षा और रोज़गार के अधिकार के लिए पदयात्रा निकालने की घोषणा की है और सभी किसानों-मज़दूरों, आम जनता, शिक्षक छात्र बुद्धिजीवी और हर वर्ग के लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की है।

इस पदयात्रा की घोषणा एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर की गई है। प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, "अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के सपनों के अनुरूप आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक व्यवस्था को बदलने के संघर्ष को तेज करने के संकल्प के रूप में देश लोग के उन्हें याद करते हैं।

मशहूर शायर एवं स्वतंत्रता सेनानी हसरत मोहानी द्वारा दिये गए इंकलाब- जिंदाबाद के नारे को भगत सिंह और उसके साथियों ने ही ऐसा लोकप्रिय बनाया कि आज चप्पे- चप्पे पर इसकी गूंज सुनी जा सकती है। इंकलाब का मतलब है: व्यवस्थागत क्रांतिकारी बदलाव, पूंजीवाद की जगह कमेरे वर्गों का राज - जिसे समाजवाद कहते हैं। लेकिन देश की हालत क्या है?

उस आजादी को भी आज खतरा पैदा हो गया है जिसके लिए वे साम्राज्यवाद से लड़ते हुए भरी जवानी में फांसी पर झूल गए। हमारे देश में वो ताकत शासन पर पहुंच गई जिसने स्वतंत्रता आंदोलन में अंग्रेजी साम्राज्य का साथ दिया था। आज उन्होंने भारत को अमेरिकी साम्राज्यवाद का पिछल्लगू बना दिया।

बाबा साहब अंबेडकर की अध्यक्षता में स्वतंत्र भारत के लिए जिस संविधान को ग्रहण किया गया उसकी मूल रचना को ही खंडित किया जा रहा है। समानता, संप्रभुता, स्वतंत्रता, लोकतंत्र और धर्मनिरपेक्षता के बुनियादी मूल्यों को तहस-नहस किया जा रहा है। नागरिक अधिकारों को छीना जा रहा है और तानाशाह निजाम थोपने की कुचेष्ठा की जा रही है।"

यह पदयात्रा हरियाणा में हांसी की लाल सड़क से शुरू की जा रही है जो कि ईस्ट इंडिया कंपनी के खिलाफ 1857 के जनप्रतिरोध का ऐतिहासिक केंद्र रहा है। इसी जगह पर लाला हुकुमचंद जैन और मिर्जा मुनीर बेग की सांझी शहादत हुई थी। इसी दिन एक सहयोगी जत्था जींद से चलकर हांसी वाले मुख्य जत्थे में रोहतक के आसपास मिलेगा। पांच दिन तक गांव - शहरों से गुजरते हुए इस विशाल जत्थे का 23 मार्च को टीकरी बार्डर पर हजारों किसानों के साथ समावेश होगा.

दूसरा बड़ा जत्था पंजाब किसान, मजदूरों का होगा जो शहीद भगत सिंह के गांव खटकड़ कलां से आएगा जिसका 19 मार्च को कुरुक्षेत्र और करनाल में नागरिक अभिनन्दन होगा और 20 मार्च को यह हरियाणा के किसान मजदूर जत्थे के साथ मिलकर पानीपत से सिंघु बार्डर पहूंचेगा। 

तीसरा जत्था उत्तर प्रदेश-मध्य प्रदेश के किसानों का 19 मार्च को पदयात्रा करते हुए 23 मार्च को पलवल पहुंचेगा।

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest