Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

असम चुनावः भाजपा को हांफ़ना पड़ गया विपक्ष और मुद्दों के आगे

बात बोलेगी: ब्रह्मपुत्र नदी के तट पर बसे शहर गुवाहाटी में चुनावी धार क्या वही है जो पूरे असम की है—शायद नहीं।

विस्तार है अपार, प्रजा दोनों पार... करे हाहाकार निःशब्द सदा... ओ गंगा तुम, ओ गंगा बहती हो क्यूं ?

...नैतिकता नष्ट हुई, मानवता भ्रष्ट हुई... निर्लज्ज भाव से बहती हो क्यूं ? ओ गंगा तुम, ओ गंगा बहती हो क्यूं ?

मतदान करते असम को देखते हुए आज ज़ेहन में असम के महान गायक, संस्कृतिकर्मी भूपेन हजारिका के प्रसिद्ध गीतओ गंगा तुम बहती हो क्यों...की ये पंक्तियां घूमती रहीं। ब्रह्मपुत्र नदी-- के तट पर बसे शहर गुवाहाटी में चुनावी धार क्या वही है जो पूरे असम की हैशायद नहीं। हालांकि असम में इस बार का चुनाव पूरी तरह से हिंदू-मुसलमान ध्रुवीकरण पर केंद्रित करने में भाजपा काफी हद तक सफल रही है। इसके साथ ही बाकी सारी मशीनरी के बेजा इस्तेमाल से लेकर सभी हथकंडे इस्तेमाल करने से भाजपा को कोई गुरेज़ नहीं दिखाई दिया। जिस तरह से भाजपा के नेताओं और उनके रिश्तेदारों के पास ईवीए मशीन मिल रही है, लोगों को धमकाया जा रहा है, पोलिंग स्टेशन में घुस कर भाजपा कार्यकर्ता हिंसा पर उतारू हो रहे हैं, उससे यह भी आभास होता है कि असम जीतने में भाजपा की सांस छूट गई यानी बहुत ही मुश्किल हो रहा है भाजपा के लिए।

इन विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान सबसे अधिक विवादित बयानों के जरिए चर्चा में रहे हेमंत विस्वा सरना। उनकी ज़मीन बहुत पुख्ता है। उत्तर गुवाहाटी में उनका खासा दबदबा है, लोग उनके बयानों से ज्यादा उनके कामकाज की तारीफ करते हैं। सड़कों की बात करते हैं, स्वास्थ्य सेवाओं की बात करते हैं और फिर जब हम उनसे हिंदू-मुसलमान ध्रुवीकरण की बात पूछते हैं तो वे कहते हैं कि नफरत नहीं है, हम ये सब नहीं चाहते। गुवाहाटी शहर -उत्तर गुवाहाटी में भारतीय जनता पार्टी का खासा दबदबा दिखाई दिया, हालांकि असम के बाकी हिस्सों की तस्वीर इसके अलग नजर आई। गुवाहाटी में भी जो नौजवान तबका है, वह भीतर तक बेहद उद्वेलित है। वह नौकरी के वादे पर मोदी सरकार और असम की सोनेवाल की सरकार से जबाव की दरकार करता है। लेकिन यहीं पर हमें ऐसे नौजवान मिले जो भाजपा से बेहद नाराज हैं। उनका कहना है कि भाजपा हमें बेवकूफ बना रही है। सब कुछ बेच रही है। नौकरियां नहीं दे रही है। इस बारे में युवा सोनू ने बताया- हम इस बार भाजपा के खिलाफ हैं और रहेंगे, क्योंकि वह नौजवानों को पकौड़ा बेचने वाला नहीं तो दंगा करने वाला बनाना चाहती है।

मतदान की लाइन में लगी महिला सुष्मिता देव ने कहा, हम बड़ी संख्या में वोट देने के लिए इसलिए आये हैं क्योंकि हमें असम को बचाना है। हमारा कल्चर अलग है, खाना-पीना-पहनावा अलग। हम इसके पक्ष में है। हिंदू मुसलमान लड़ाई झगड़ा हमें पसंद नहीं। न ही हम नफरत के लिए घर से निकलते हैं।

ऐसा लगता है कि असम में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ जो संघर्ष चला था, उसकी आग ठंडी पड़ गई है। कम से कम ऐसा एहसास हुआ गुवाहाटी में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ चले प्रदर्शन में जान गंवाने वाले 17 साल के नौजवान सैम के घर जाकर। उनकी बहन मौसमी ने दुख के साथ बताया कि अब कोई इस मुद्दे को याद नहीं करना चाहता। कोई नहीं बात करता सैम की शहादत की। शायद असम के एक हिस्से में इसका असर मतदान में पड़ेगा, लेकिन पूरे राज्य में नहीं। वहीं, अखिल गोगोई अपने इलाके में खासा प्रभाव पैदा करने में कामयाब हो पाए हैं।

वाम दल और एआईयूडीएफ के साथ कांग्रेस जमीन पर कड़ी टक्कर भाजपा को दे रही है। चुनाव घोषणा होने तक भाजपा को लग रहा था कि मैदान उसके लिए खाली है, लेकिन जमीनी मुद्दों औऱ संगठित विपक्ष ने भाजपा को हांफने पर मजबूर कर दिया है। शायद यही कारण है कि इतने बड़े पैमाने पर ईवीएम धांधलियां सामने आईं। 

(भाषा सिंह वरिष्ठ पत्रकार हैं।)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest