Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

मैक्सिको: चक्रवात ‘ओटिस’ से मरने वालों की संख्या 48 हुई, कई लापता, बचाव अभियान जारी

मैक्सिको के अधिकारियों ने बताया कि प्राकृतिक आपदा के कारण जान गंवाने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। चक्रवात ‘ओटिस’ बुधवार तड़के 266 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तट पर पहुंचा था।
maxico
फ़ोटो साभार : AFP

अकापुल्को (मैक्सिको): मैक्सिको के दक्षिणी प्रशांत तटीय क्षेत्र में चक्रवात ‘ओटिस’ के प्रभाव के कारण कम से कम 48 लोगों की मौत हो गई जिनमें से अधिकतर की जान अकापुल्को में गई। मैक्सिको के अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि प्राकृतिक आपदा के कारण जान गंवाने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

मैक्सिको की नागरिक रक्षा एजेंसी ने एक बयान में कहा कि मृतकों में से 43 अकापुल्को शहर से और पांच पास के कोयुका दे बिनेतेज शहर से हैं। गुएरेरो राज्य के गवर्नर ने इससे पहले लापता लोगों की संख्या 10 बताई थी जो बढ़कर अब 36 हो गई है। अधिकारियों ने शनिवार को मृतक संख्या 39 बताई थी जिसके बाद इसमें फिर से इजाफा हुआ है।

अकापुल्को में परिजनों ने रविवार को अपने प्रियजनों का अंतिम संस्कार किया। वहीं सरकारी कर्मचारी और स्वयंसेवी कार्यकर्ताओं ने शक्तिशाली पांच श्रेणी के चक्रवात के कारण सड़कों पर जमा मलबे और गंदगी को साफ किया।

कैथी बरेरा (30) ने रविवार को कहा कि उनकी चाची का परिवार भूस्खलन में दब गया, जब मिट्टी और चट्टानें उनके घर पर गिरीं। उसकी चाची का शव उनके दो से 21 वर्ष की उम्र के तीन बच्चों के शवों के साथ मिला था। उसके चाचा अब भी लापता हैं। इसके अलावा, बरेरा की अपनी मां और भाई भी लापता हैं।

रविवार को अधिकारियों ने बरेरा की चाची ओर उनके दो छोटे बच्चों के शव परिजनों को सौंपे।

राष्ट्रपति एंद्रेस मैनुएल लोपेज ओब्राडोर ने शनिवार को कहा कि उनके विरोधी उन्हें राजनीतिक रूप से नुकसान पहुंचाने के लिए मृतकों की संख्या बढ़ा चढ़ाकर बताने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सैकड़ों परिवार अब भी अपने प्रियजनों के संदेश का इंतजार कर रहे हैं और मृतक संख्या बढ़ने की आशंका है।

चक्रवात ‘ओटिस’ बुधवार तड़के 266 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तट पर पहुंचा और लोगों के पास चक्रवात से बचाव की तैयारी के लिए बहुत कम समय था।

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest