मुंबई यातायात पुलिस को ‘26/11 जैसा’ हमला करने और शहर को ‘उड़ाने’ की धमकी मिली

मुंबई यातायात पुलिस के नियंत्रण कक्ष को उसके हेल्पलाइन नंबर पर कई धमकी भरे संदेश मिले हैं, जिनमें कहा गया है कि छह लोग मुंबई में ‘‘26/11 जैसे’’ हमले करेंगे और शहर को ‘‘उड़ाने की तैयारी की जा रही’’ है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रथमदृष्ट्या ऐसा लगता है कि ये संदेश देश के बाहर के किसी नंबर से भेजे गए हैं। अधिकारी के मुताबिक, ‘‘मध्य मुंबई के वर्ली स्थित नियंत्रण कक्ष से संचालित मुंबई पुलिस की यातायात हेल्पलाइन के व्हाट्सऐप नंबर पर शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे संदेश आए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इन संदेशों को भेजने वाले ने 26/11 के हमले जैसा हमला करने की धमकी दी है।’’ अधिकारी के अनुसार, शहर की अपराध शाखा ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुंबई में 26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान के 10 सशस्त्र आतंकवादियों ने हमला कर दिया था। यह देश में हुए सबसे भयावह आतंकवादी हमलों में से एक है। इस हमले में 166 लोगों की मौत हो गई थी और 300 से अधिक लोग घायल हो गए थे।
इस बीच, राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता अजीत पवार ने नागपुर हवाईअड्डे पर संवाददाताओं से कहा कि मुंबई पुलिस को मिले धमकी भरे संदेशों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और केंद्रीय एजेंसी को भी इस पर गौर करना चाहिए।
अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।