Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार 2021: किसको क्या मिला, देखिए पूरी सूची

आलिया भट्ट और कृति सैनन ने क्रमश: ‘‘गंगूबाई काठियावाड़ी’’ और ‘‘मिमी’’ में अपनी भूमिकाओं के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार साझा किया। आर माधवन के निर्देशन में बनी पहली फिल्म, ‘रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार दिया गया है।
National Film Awards

‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ फिल्म के निर्माता संजय लीला भंसाली और इसकी अभिनेत्री आलिया भट्ट, ‘मिमी’ की अभिनेत्री कृति सैनन के साथ-साथ ‘सरदार उधम’ के निर्देशक शूजीत सरकार ने 69वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीतने पर बृहस्पतिवार को खुशी व्यक्त की।

हिंदी सिनेमा कलाकार भट्ट और सैनन ने क्रमश: ‘‘गंगूबाई काठियावाड़ी’’ और ‘‘मिमी’’ में अपनी भूमिकाओं के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार साझा किया।

भट्ट ने अपने पुरस्कार को भंसाली, फिल्म की टीम, अपने परिवार, अपनी टीम और दर्शकों को समर्पित किया।

उन्होंने ‘इंस्टाग्राम’ पर पोस्ट किया, “ यह राष्ट्रीय पुरस्कार आपका है.. क्योंकि आप सबके बिना यह कुछ भी संभव नहीं होता। मैं बहुत आभारी हूं। मैं ऐसे क्षणों को हल्के में नहीं लेती हूं। मुझे उम्मीद है कि मैं जब तक संभव हो मनोरंजन करती रहूंगी।”

उन्होंने उनके साथ सर्वेश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार साझा करने वाली सैनन की भी सराहना की और कहा कि ‘मिमी’ की अभिनेत्री इसकी हकदार हैं।

भट्ट ने कहा, “ कृति.. मुझे याद है कि जिस दिन मैंने ‘मिमी’ देखी थी, उस दिन मैंने आपको संदेश भेजा था… यह काफी प्रभावशाली प्रदर्शन था, मैं रोई। आप इसकी बहुत हकदार हैं।”

सैनन ने कहा कि राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जूरी द्वारा सम्मानित किया जाना उनके लिए एक काफी अहम है।

सैनन ने पीटीआई-भाषा से कहा, ”यह फिल्म अब मेरी फिल्मों की सूची में एक विशेष स्थान रखेगी।”

भंसाली की ‘‘गंगूबाई काठियावाड़ी’’ ने पांच पुरस्कार जीते हैं। भंसाली ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मैं उन सभी लोगों के लिए खुश हूं जिन्होंने पुरस्कार जीते हैं…अच्छे सिनेमा को पहचान मिलती है और सरकार तथा राष्ट्रीय स्तर पर और सम्मानित जूरी से सराहना मिलने पर हमेशा आपको खुशी मिलती है।’’

पंकज त्रिपाठी को ‘मिमी’ के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक कलाकार का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। उन्होंने पुरस्कार को अपने पिता को समर्पित किया जिनका हाल में निधन हुआ है।

त्रिपाठी ने एक बयान में कहा, “ दुर्भाग्य से यह मेरे लिए शोक का समय है। अगर बाबूजी पास होते तो वह मेरे लिए बहुत खुश होते। जब मुझे पहली बार राष्ट्रीय पुरस्कार (‘न्यूटन’ के लिए विशेष पुरस्कार) मिला, तो उन्हें गर्व और प्रसन्नता हुई। मैं यह राष्ट्रीय पुरस्कार उन्हें और उनके जज्बे को समर्पित करता हूं। कृति ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीता है, इसलिए उन्हें बहुत-बहुत बधाई।”

आर माधवन के निर्देशन में बनी पहली फिल्म, ‘रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट’ को 69वें राष्ट्रीय पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार दिया गया है।

अपनी ‘इंस्टाग्राम स्टोरीज़’ में, माधवन ने पुरस्कार को अपने माता-पिता और इसरो के पूर्व वैज्ञानिक नंबी नारायणन को समर्पित किया, जिनके जीवन की कहानी से प्रेरणा लेकर यह फिल्म बनायी गयी।

सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मराठी फिल्म ‘गोदावरी’ के लिए निखिल महाजन को देने का ऐलान किया गया है।

महाजन ने कहा कि वह उस फिल्म के लिए पुरस्कार जीतकर खुश हैं जो शायद उनके दिल के सबसे करीब है।

महाजन ने कहा, ‘यह पुरस्कार मेरी मां और पिताजी के लिए है, जिन्होंने अथक परिश्रम से यह सुनिश्चित किया कि मैं अपना सपना पूरा कर सकूं। यह जितेंद्र जोशी के लिए भी है, जिन्होंने मुझ पर विश्वास किया और मेरे साथ खड़े रहे। यह गोदावरी की मेरी पूरी टीम के लिए है।”

उन्होंने यह सम्मान दिवंगत सिने अभिनेता विक्रम गोखले और दिवंगत फिल्म निर्माता निशिकांत कामत को समर्पित किया।

‘‘आरआरआर’’ ने छह पुरस्कार जीते हैं।

इस फिल्म के संगीत निर्देशक एम एम कीरावनी ने ‘पुष्पा : द राइज (पार्ट 1)’ के संगीत निर्देशक देवी प्रसाद के साथ सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन का पुरस्कार साझा किया। एसएस राजमौली द्वारा निर्देशित फिल्म ने दर्शकों को भरपूर मनोरंजन प्रदान करने के लिए सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म, काला भैरव को सर्वश्रेष्ठ पुरुष पार्श्व गायक, सर्वश्रेष्ठ स्पेशल इफेक्ट्स, सर्वश्रेष्ठ एक्शन निर्देशन और सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी का पुरस्कार भी जीता।

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट में, कीरावनी ने कहा कि वह इस पुरस्कार के लिए चयन किए जाने पर बहुत सम्मानित महसूस कर रहे हैं और उन्होंने देवी प्रसाद को भी मुबारकबाद दी।

‘आरआरआर’ के लिए सर्वश्रेष्ठ कोरियोग्राफी का पुरस्कार जीतने वाले प्रेम रक्षित ने कहा कि वह सम्मानित महसूस कर रहे हैं।

विवेक रंजन अग्निहोत्री के निर्देशन वाली ‘द कश्मीर फाइल्स’ ने राष्ट्रीय एकीकरण पर सर्वश्रेष्ठ फिल्म के लिए नरगिस दत्त पुरस्कार जीता।

अग्निहोत्री ने कहा कि वह इस पुरस्कार को आतंकवाद के पीड़ितों खासतौर से कश्मीरी हिंदुओं को समर्पित करते हैं।

उनकी अभिनेत्री-पत्नी पल्लवी जोशी ने फिल्म में अपने प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार जीता।

उन्होंने कहा, “ मैं इस पुरस्कार को जीतकर बहुत खुश हूं, बेशक हर कलाकार खुश होगा लेकिन मुझे ज्यादा खुशी इस बात की है कि हमारी फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय एकीकरण की श्रेणी में 69वां राष्ट्रीय पुरस्कार जीता और यह हमारे लिए महत्वपूर्ण है। मैं यह पुरस्कार पूरे कश्मीरी पंडित समुदाय और दुनिया के उन सभी उत्पीड़ित समुदायों को समर्पित करती हूं, जिन्होंने आतंकवाद की वजह पीड़ा झेली है।”

‘पुष्पा: द राइज’ के लिए संगीत निर्देशक (गीत) का राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने वाले देवी प्रसाद ने इस सम्मान को फिल्म के प्रशंसकों को समर्पित किया।

राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार 2021: विजेताओं की सूची

बृहस्पतिवार को घोषित 69वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, 2021 के विजेताओं की सूची इस प्रकार है :

फीचर फिल्म श्रेणी-

सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म : रॉकेट्री : द नंबी इफेक्ट

सर्वश्रेष्ठ निर्देशन : गोदावरी के लिए निखिल महाजन

सर्वश्रेष्ठ अभिनेता : ‘पुष्पा : द राइज’ के लिए अल्लू अर्जुन

सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री : गंगूबाई के लिए आलिया भट्ट और मिमी के लिए कृति सैनन

सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता : मिमी के लिए पंकज त्रिपाठी

सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री : द कश्मीर फाइल्स के लिए पल्लवी जोशी

सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म (भरपूर मनोरंजन के लिए) : आरआरआर

राष्ट्रीय एकीकरण पर सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म के लिए नरगिस दत्त पुरस्कार : द कश्मीर फाइल्स

सामाजिक मुद्दों पर सर्वश्रेष्ठ फिल्म : अनुनाद- द रेजोनेंस

निर्देशक श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ डेब्यू फिल्म के लिए इंदिरा गांधी पुरस्कार : मेप्पदियां के लिए विष्णु मोहन

सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार : लास्ट फिल्म शो (छेलो शो) के लिए भाविन राबरी

विशेष जूरी पुरस्कार : शेरशाह के लिए विष्णु वर्धन

सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन –

संगीत निर्देशक (गीत) : ‘पुष्पा: द राइज’ के लिए देवी श्री प्रसाद

संगीत निर्देशक (बैकग्राउंट स्कोर) : आरआरआर के लिए एम एम कीरवानी

सर्वश्रेष्ठ मेकअप आर्टिस्ट : गंगूबाई काठियावाड़ी के लिए प्रीतिशील सिंह डिसूजा

सर्वश्रेष्ठ कॉस्ट्यूम डिजाइनर : सरदार उधम सिंह के लिए वीरा कपूर

सर्वश्रेष्ठ स्क्रीनप्ले लेखक (मौलिक) : नायट्टू के लिए शाही कबीर

सर्वश्रेष्ठ स्क्रीनप्ले लेखक (रूपांतरित) : गंगूबाई काठियावाड़ी के लिए संजय लीला भंसाली एवं उत्कर्षिनी वशिष्ठ

सर्वश्रेष्ठ संवाद लेखक : गंगूबाई…के लिए उत्कर्षिनी वशिष्ठ और प्रकाश कपाडिया

सर्वश्रेष्ठ सिनेमैटोग्राफी : सरदार उधम सिंह के लिए अविक मुखोपाध्याय

सर्वश्रेष्ठ महिला पार्श्व गायिका : इराविन निझाल से मायावा छायावा के लिए श्रेया घोषाल

सर्वश्रेष्ठ पुरुष पार्श्व गायक : आरआरआर से कोमुराम भीमुदो के लिए कालभैरव

सर्वश्रेष्ठ नॉन-फीचर फिल्म : एक था गांव

सर्वश्रेष्ठ पर्यावरण फिल्म : मुन्नम वलावु

सर्वश्रेष्ठ एनीमेशन फिल्म : लुकिंग फॉर चालान

स्पेशल मेंशन (क्रिटिक) : सुब्रमण्य बदूर।

(समाचार एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest