Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

राष्ट्रमंडल खेल में संकेत ने भारोत्तोलन में रजत पदक जीतकर भारत का खाता खोला

महाराष्ट्र के सांगली ज़िले के रहने वाले 21 वर्षीय संकेत स्वर्ण पदक की ओर बढ रहे थे लेकिन क्लीन एंड जर्क में दो प्रयास नाकाम रहने से वह एक किलो से चूक गए। 
sanket

भारत के संकेत महादेव सागर ने राष्ट्रमंडल खेलों में पुरूषों की 55 किलो भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर भारत का खाता खोला है। 
महाराष्ट्र के सांगली जिले के 21 वर्ष के सागर स्वर्ण पदक की ओर बढ रहे थे लेकिन क्लीन एंड जर्क में दो प्रयास नाकाम रहने से वह एक किलो से चूक गए। उन्होंने 248 किलो (113 और 135 किलो) वजन उठाकर रजत पदक जीता।
 
मलेशिया के मोहम्मद अनीक ने कुल 249 किलो वजन उठाकर क्लीन एंड जर्क में खेलों का नया रिकॉर्ड बनाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने स्नैच में 107 और क्लीन एंड जर्क में 142 किलो वजन उठाया। श्रीलंका के दिलांका इसुरू कुमारा ने 225 किलो वजन उठाकर कांस्य पदक जीता।
 
सागर स्नैच में शीर्ष पर रहे थे लेकिन क्लीन एंड जर्क में एक ही प्रयास कामयाब रहा जिसमें उन्होंने 135 किलो वजन उठाया। इसके बाद चोट के कारण वह दूसरे और तीसरे प्रयास में 139 किलो नहीं उठा सके।

ज्ञात हो कि पिछली बार भारत ने भारोत्तोलन में पांच स्वर्ण समेत नौ पदक जीते थे। 

शाम को पी गुरूराजा (61 किलो), ओलंपिक रजत पदक विजेता मीराबाई चानू (49 किलो) और एस बिंदियारानी देवी (55 किलो) भी पदक की दौड़ में होंगे। 

उधर अन्य खेलों की बात करें तो मिश्रित बैडमिंटन के नॉकआउट चरण में भारत ने श्रीलंका को हरा दिया है। वहीं टेबल टेनिस में भारतीय महिला टीम ने गयाना पर आसान जीत दर्ज की है। 

श्रीलंका को हराकर भारत मिश्रित टीम बैडमिंटन के नॉकआउट चरण में

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन बरकरार रखते हुए 22वें राष्ट्रमंडल खेलों की मिश्रित टीम स्पर्धा में शनिवार को ग्रुप ए के दूसरे मैच में श्रीलंका को 3.0 से हराया।

पाकिस्तान को 5.0 से हराने के बाद भारत ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करके एक मैच बाकी रहते क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। 

अश्विनी पोनप्पा और सात्विक साइराज रंकीरेड्डी ने मिश्रित युगल में सचिन डियास और टी हेंडाहेवा को 21.14, 21.9 से हराकर भारत को 1.0 से बढत दिलाई।

विश्व चैम्पियनशिप कांस्य पदक विजेता लक्ष्य सेन ने कंधे की चोट से उबरने के बाद पहला मैच खेलते हुए निलुका करूणारत्ने को 21.18, 21.5 से शिकस्त दी। आकृषि कश्यप ने सुहासनी विदानागे को 21.3, 21.9 से हराया। वहीं भारत पुरूष युगल और महिला युगल मैच भी खेलेगा। आखिरी लीग मैच में भारत का सामना आस्ट्रेलिया से होगा।
 
टेबल टेनिस में भारतीय महिला टीम की गयाना पर आसान जीत

मनिका बत्रा की अगुवाई वाली भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने शनिवार को यहां राष्ट्रमंडल खेलों के ग्रुप दो के मैच में गयाना को 3-0 से हराकर अपना विजय अभियान जारी रखा।

चार साल पहले गोल्ड कोस्ट में जीते गये अपने खिताब का बचाव करने की कवायद में लगी महिला टीम ने शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका और फिजी को समान 3-0 के अंतर से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की थी।

प्रतियोगिता के दूसरे दिन श्रीजा अकुला और रीथ टेनिसन की जोड़ी ने नताली कमिंग्स और चेल्सी एडघिल को 11-5 11-7 11-7 से हराकर भारत को 1-0 से आगे कर दिया।

पिछले राष्ट्रमंडल खेलों में महिला एकल में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी बनी मनिका बत्रा ने इसके बाद थुरिया थॉमस को सीधे गेम में 11-1, 11-3, 11-3 से हराया।

एक अन्य मैच में रीथ ने चेल्सिया एडघिल के खिलाफ 11-7 14-12 13-11 से जीत दर्ज करके भारत को 3--0 की अजेय बढ़त दिलाई।

(समाचार एजेंसी भाषा इनपुट के साथ)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest