Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

मध्य प्रदेश की 230 और छत्तीसगढ़ में अंतिम चरण की 70 सीटों पर वोटिंग जारी

मध्य प्रदेश की कुल 230 विधानसभा सीटों के लिए कुल 2,533 उम्मीदवार मैदान में हैं, वहीं छत्तीसगढ़ के दूसरे और अंतिम चरण के लिए 958 उम्मीदवारों के भाग्य का फ़ैसला होगा।
madhya pradesh
फ़ोटो साभार : X

शुक्रवार, 17 नवंबर को मध्य प्रदेश की कुल 230 विधानसभा सीट और छत्तीसगढ़ के दूसरे और अंतिम चरण के लिए 70 सीटों पर सुबह मतदान शुरू हो गया।

मध्य प्रदेश:

प्रदेश की कुल 230 विधानसभा सीटों के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनके पूर्ववर्ती कमल नाथ सहित 2,533 उम्मीदवार मैदान में हैं जहां सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी कांग्रेस के बीच काफी हद तक सीधा मुकाबला है।

वोटिंग शुरु होने के बाद मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पहले नर्मदा नदी की पूजा की, उसके बाद वोट करने पहुंचे।

तो दूसरी ओर छिंदवाड़ा से चुनाव लड़ रहे पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी वोट करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुझे राज्य पर पूरा भरोसा है कि वे सच्चाई का साथ देंगे, मुझे जनता, मतदाताओं पर भरोसा है। मैं शिवराज सिंह चौहान नहीं हूं कि ये कहूं कि हम इतनी-इतनी सीटें जीतेंगे, सीटों की संख्या जनता तय करेगी, भाजपा के पास पुलिस, पैसा और प्रशासन है, अब कुछ और घंटों तक ही ये उनके पास रहेगा। कल मुझे कई फोन आए, किसी ने मुझे वीडियो भी भेजा जिसमें दिख रहा था कि शराब और पैसे बांटे जा रहे हैं।

नक्सल प्रभावित बालाघाट जिले की बैहर, लांजी और परसवाड़ा सीटों तथा मंडला जिले की बिछिया और मंडला सीटों के 55 मतदान केंद्रों और डिंडोरी जिले के 40 मतदान केंद्रों पर मतदान का समय सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक है। बाकी सभी विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान है।

अधिकारी ने कहा कि राज्य की सभी 230 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान हो रहा है और इस चुनाव में 5.6 करोड़ से अधिक पंजीकृत मतदाता हैं।

अधिकारी ने बताया कि मतदान शुरू होने से 90 मिनट पहले अधिकृत मतदान एजेंटों की मौजूदगी में ‘मॉक पोल’ आयोजित किया गया।

राज्य में 64,626 मतदान केंद्रों पर मतदान चल रहा है। इनमें 64,523 मुख्य बूथ और 103 सहयोगी (सहायक) स्टेशन शामिल हैं, जहां मतदाताओं की संख्या 1,500 से अधिक है। मतदाताओं में 2,87,82,261 पुरुष, 2,71,99,586 महिलाएं और 1,292 तीसरे लिंगी हैं। उनमें सेवा और विदेशी मतदाता भी शामिल हैं।

इस चुनाव में कुल 2,533 उम्मीदवार हैं जिनमें 2,280 पुरुष, 252 महिलाएं और एक तीसरे लिंगी हैं।

अधिकारी ने कहा कि "महत्वपूर्ण" मतदान केंद्रों की संख्या 17,032 है, जबकि 5,260 बूथों पर सभी महिला मतदान कर्मचारी हैं।

जिन बूथों पर पिछले चुनाव के दौरान बहुत अधिक मतदान हुआ या किसी प्रकार की हिंसा देखी गई, उन्हें "महत्वपूर्ण मतदान केंद्र" के रूप में नामित किया गया है। दिव्यांग व्यक्तियों के लिए 183 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

पहली बार, 371 युवा-प्रबंधित बूथ स्थापित किए गए हैं, जबकि "मॉडल" मतदान केंद्रों की संख्या 2,536 है।

अधिकारी ने कहा कि 57 "हरित" बूथ (पर्यावरण-अनुकूल केंद्र) - जबलपुर में 50 और बालाघाट में सात - भी स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए 1,90,233 व्यक्तियों के खिलाफ निषेधाज्ञा कार्रवाई की गई और 2,69,318 लाइसेंसी हथियार अधिकारियों के पास जमा कराए गए। उनके अनुसार चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के लिए 1,142 प्राथमिकी (प्रथम सूचना रिपोर्ट) दर्ज की गईं।

राज्य के 52 जिलों में फैली 230 विधानसभा सीटों पर मतदान कराने के लिए कुल 73,622 बैलेट यूनिट (बीयू), 64,626 सेंट्रल यूनिट (सीयू) और 64,626 वीवीपीएटी (वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल) इकाइयों का उपयोग किया जा रहा है।

वीवीपीएटी प्रणाली डाले गए सभी वोटों का लेखा-जोखा रखती है। यह मतदाताओं को यह सत्यापित करने की अनुमति देता है कि उनका वोट इच्छानुसार डाला गया है।

मुख्यमंत्री चौहान (बुधनी) और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ (छिंदवाड़ा) के अलावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीन केंद्रीय मंत्री - नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद पटेल और फग्गन सिंह कुलस्ते - चुनाव लड़ रहे हैं।

भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय इंदौर-1 से चुनाव लड़ रहे हैं और इसी पार्टी के तीन लोकसभा सांसद - राकेश सिंह, गणेश सिंह और रीति पाठक भी मैदान में हैं।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के बेटे और पूर्व राज्य मंत्री जयवर्धन सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के बेटे अजय सिंह क्रमशः अपनी पारंपरिक राघौगढ़ और चुरहट सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं।

छत्तीसगढ़ चुनाव:

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में शुक्रवार को 70 सीटों पर दूसरे और अंतिम चरण का मतदान शुरू हो गया। राज्य में शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

दूसरे चरण में 1,63,14,479 मतदाता हैं। इस चरण में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, आठ मंत्रियों और चार सांसदों समेत 958 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा।

राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि राजिम जिले की नक्सल प्रभावित बिंद्रानवागढ़ सीट के नौ मतदान केंद्रों– कामरभौदी, आमामोरा, ओढ, बड़े गोबरा, गंवरगांव, गरीबा, नागेश, सहबीनकछार और कोदोमाली में सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ जो दोपहर बाद तीन बजे समाप्त होगा। अन्य निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान का समय सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक है।

अधिकारियों ने बताया कि दूसरे चरण में 827 पुरुष, 130 महिलाएं और एक तृतीय लिंग के उम्मीदवार समेत कुल 958 प्रत्याशी हैं।

उन्होंने बताया कि रायपुर शहर पश्चिम सीट पर सबसे अधिक 26 उम्मीदवार हैं, जबकि डौंडीलोहारा निर्वाचन क्षेत्र में सबसे कम चार उम्मीदवार मैदान में हैं।

अधिकारियों ने बताया कि दूसरे चरण में 70-70 उम्मीदवार भाजपा और कांग्रेस से तथा 43 उम्मीदवार आम आदमी पार्टी (आप) से है। वहीं जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) से 62, हमर राज पार्टी के 33, बहुजन समाज पार्टी से 43 तथा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से 26 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में कुल मतदाताओं में से 81,41,624 पुरुष, 81,72,171 महिलाएं और 684 तीसरे लिंग के मतदाता हैं। दूसरे चरण के लिए 18,833 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि इन मतदान केंद्रों में से 700 संगवारी बूथ हैं जिनका प्रबंधन महिला मतदान कर्मियों द्वारा किया जाएगा।

रायपुर उत्तर विधानसभा सीट एक ऐसा विधानसभा क्षेत्र है जहां सभी मतदान केंद्रों पर महिला अधिकारी और कर्मचारी ही तैनात हैं जो मतदान कार्य संपन्न कराएंगी।

राज्य के 70 विधानसभा क्षेत्रों में से 44 सीटें सामान्य है जबकि 17 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए और नौ सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं।

अधिकारियों ने बताया कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मतदान के लिए कुल 90,272 मतदान कर्मियों को तैनात किया गया है।

राज्य में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच है। लेकिन राजनीतिक विशेषज्ञों के मुताबिक, बिलासपुर संभाग की कई सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है। इस संभाग की कुछ सीटों पर जोगी की पार्टी और बसपा की अच्छी-खासी मौजूदगी है। वहीं आप भी इस क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

दूसरे चरण में कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (पाटन), विधानसभा अध्यक्ष चरण दास महंत (सक्ती), उप मुख्यमंत्री टीएस सिंह देव (अंबिकापुर), गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू (दुर्ग ग्रामीण) और रवींद्र चौबे (साजा) सहित राज्य के आठ मंत्रियों के भाग्य का फैसला आज होगा।

वहीं भाजपा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष और सांसद अरुण साव (लोरमी), नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल (जांजगीर-चांपा), केंद्रीय जनजातीय मामलों की राज्य मंत्री रेणुका सिंह (भरतपुर-सोनहत-एसटी), सांसद गोमती साय (पत्थलगांव-एसटी), वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल (रायपुर दक्षिण), अजय चंद्राकर (कुरुद) और पुन्नूलाल मोहिले (मुंगेली) दूसरे चरण में प्रमुख उम्मीदवार हैं।

मुख्यमंत्री बघेल अपनी पारंपरिक पाटन सीट से चुनाव लड़ रहे हैं जहां भाजपा ने उनके दूर के भतीजे और पार्टी के सांसद विजय बघेल को मैदान में उतारा है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी के पाटन से मैदान में उतरने से मुकाबले में एक और आयाम जुड़ गया है।

अंबिकापुर में टी एस सिंह देव के खिलाफ भाजपा ने नए चेहरे राजेश अग्रवाल को मैदान में उतारा है। अग्रवाल 2018 में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे।

प्रदेश में 2018 के विधानसभा चुनाव में, कांग्रेस ने इन 70 निर्वाचन क्षेत्रों में से 51 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा को 13, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) को चार और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को दो सीटों पर जीत मिली थी। बाद में कांग्रेस ने उपचुनाव में एक और सीट जीत ली थी।

राज्य में इस विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के चुनाव अभियान का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया और दूसरे चरण से पहले उन्होंने चार बड़ी रैलियों को संबोधित किया।

भाजपा की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह तथा स्मृति ईरानी ने भी बड़े पैमाने पर प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने सट्टेबाजी ऐप घोटाले, धर्मांतरण और तुष्टिकरण की राजनीति को लेकर मुख्यमंत्री बघेल पर हमला बोला और सत्ताधारी दल कांग्रेस पर इसमें शामिल होने का आरोप लगाया।

इधर कांग्रेस की ओर से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मुख्यमंत्री बघेल ने सत्ताधारी दल के लिए अभियान का नेतृत्व किया और जवाबी हमला करते हुए दावा किया कि उनकी पार्टी गरीबों के हित के बारे में सोचती है जबकि भाजपा के नेतृत्व वाला केंद्र केवल अमीरों के कल्याण के लिए काम करता है।

राज्य में चुनाव प्रचार के दौरान आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और बसपा प्रमुख मायावती ने भी अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया।

विधानसभा चुनाव में इस बार सत्ताधारी दल कांग्रेस ने कुल 90 में से 75 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। वहीं भाजपा राज्य में सत्ता में वापसी करना चाहती है। भाजपा ने यहां 2003 से 2018 तक लगातार 15 वर्षों तक राज किया है।

सूबे में 20 सीटों पर पहले चरण का चुनाव सात नवंबर को हुआ था, जिसमें 78 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

पिछले चुनाव में कांग्रेस को राज्य में 68 सीटें मिली थी तथा भाजपा 15 सीटों पर सिमट गई थी। उस चुनाव में जेसीसी (जे) को पांच और बसपा को दो सीटें मिली थी। कांग्रेस की मौजूदा ताकत 71 है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ बिलासपुर में ग्रामीणों ने मतदान का विरोध कर दिया है। तो दूसरी ओर मस्तुरी विधानसभा के मनिकपुर और धुमा में भी लोग वोट डालने को राज़ी नहीं है। यहां के लोगों को कहना है कि पहले सड़क, नाली, पानी जैसी समस्याओं का समाधान होगा, तभी वोट करेंगे।

इसी बीच धमतरी में सीआरपीएफ की टीम पर नक्सली हमला हुआ है, गश्त पर निकले सीआरपीएफ और डीआरजी की टीम पर नक्सलियों ने एक के बाद एक आईईडी ब्लास्ट किए, इस दौरान बाइक सवार 2 सीआरपीएफ जवान बाल-बाल बचे।

आपको बता दें कि राज्य में मतदान केंद्रों में से 109 को अतिसंवेदनशील और 1670 को संवेदनशील करार दिया गया है, स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। राज्य में कुल 90 हजार 272 मतदान कर्मियों को तैनात किया गया है।

(न्यूज़ एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest