Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

“हिमाचल संकट को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग संसद में उठाएंगे”

“जितने बड़े पैमाने पर नुक़सान हुआ है, उस हालात में राज्य को मदद की ज़रूरत है। मैं केंद्र सरकार से अपील करती हूं कि हिमाचल की आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाए।”
Priyanka Gandhi
फ़ोटो : PTI

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को कहा कि पार्टी की हिमाचल प्रदेश इकाई की अध्यक्ष और मंडी से लोकसभा सदस्य प्रतिभा सिंह राज्य में भारी बारिश के कारण हुई तबाही को ‘राष्ट्रीय आपदा’ घोषित करने की मांग संसद के विशेष सत्र में उठाएंगी।

उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इस बारे में पता नहीं है कि इस विषय को सत्र के दौरान मांग उठाने की अनुमति दी जाएगी या नहीं। आपको बता दें, संसद का विशेष सत्र 18 से 22 सितंबर तक होगा।

उन्होंने यहां समर हिल में शिव मंदिर का दौरा किया और इसके बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमें नहीं पता कि सत्र किस बारे में है और क्या उन्हें यह मुद्दा उठाने की अनुमति दी जाएगी या नहीं। लेकिन अगर ऐसा नहीं हो पाता है, तो हमें इस पर केंद्र के सामने एक प्रतिवदेन देना चाहिए। हम इसको लेकर पूरी ताकत लगाएंगे और केंद्र सरकार को इस बात के लिए मनाने का प्रयास करेंगे कि इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाए।

प्रियंका गांधी ने भूस्खलन से प्रभावित परिवारों से भी मुलाकात की। आपको बता दें, गत 14 अगस्त को शिव मंदिर के आसपास हुए भूस्खलन में 20 लोगों की मौत हो गई थी।

शिमला शहर में भूस्खलन की तीन घटनाओं में 27 लोगों की जान चली गई थी। फागली और कृष्णानगर में भूस्खलन से क्रमश: पांच और दो लोगों की मौत हुई थी।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात परिचालन की बहाली जैसे कई मुद्दे है जिनका समाधान केवल भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा ही किया जा सकता है।

उनका कहना था कि भारी बारिश के बाद हुई तबाही को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने से राज्य में बहाली कार्यों में आसानी होगी।

अमेरिकी सेब पर आयात शुल्क कम करने के सरकार के कदम की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र को राज्य में हुए नुकसान की पूरी जानकारी नहीं है और इस कदम से आयात को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय सेब उत्पादकों पर असर पड़ेगा जो पहले ही बारिश के कारण नुकसान झेल चुके हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘इस समय कोई भी राजनीति नहीं करना चाहेगा और हर किसी को मदद के लिए आगे आना चाहिए।’’

प्रियंका गांधी कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन जिलों के बारिश प्रभावित क्षेत्रों के दो दिवसीय दौरे पर हैं। उन्होंने मंगलवार को मंडी और कुल्लू का दौरा किया था और केंद्र से भारी मानसूनी बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश में आई आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का आग्रह किया था। 

उन्होंने इस बात को दोहराया, ‘‘हिमाचल के लोगों ने एकजुट होकर और प्रभावित परिवारों की मदद के लिए आगे आकर देश के लिए एक मिसाल कायम की है। राज्य में लोग प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों के लिए दान करने के लिए आगे आए हैं और यहां तक ​​कि 'श्रम दान' भी किया है।’’

प्रियंका गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “हिमाचल प्रदेश में आई आपदा ने भयानक तबाही मचाई है। बाढ़ एवं भूस्खलन के चलते राज्य में बड़ी संख्या में जानें गई हैं, लोग बेघर हुए हैं। हिमाचल सरकार अपने स्तर पर राहत एवं पुनर्वास के हर संभव प्रयास कर रही है। लेकिन जितने बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है, उस हालात में राज्य को मदद की ज़रूरत है। मैं केंद्र सरकार से अपील करती हूं कि हिमाचल की आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाए ताकि आपदा से प्रभावित भाई-बहनों का समुचित पुनर्वास हो सके।”

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, प्रदेश में 24 जून को मानसून की शुरुआत से लेकर 11 सितंबर तक 8,679 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, बारिश से संबंधित हादसों में 260 लोगों की जान चली गई।

राज्य में मानसून के मौसम के दौरान भूस्खलन की कम से कम 165 और बाढ़ की 72 घटनाएं दर्ज की गईं। भूस्खलन के कारण हुई 111 मौतों में से 94 मौतें कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन जिलों में हुईं और बाढ़ के कारण 19 में से 18 मौतें भी इन्हीं जिलों में हुईं।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य में 12,000 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हिमाचल प्रदेश में आई आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का आग्रह किया है।

(न्यूज़ एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest