Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

दिल्ली भाजपा को हराने के लिए तैयार

नरेन्द्र मोदी और अमित शाह को इसका अंदाजा तो था कि दिल्ली का चुनाव उतना आसान नहीं है जितना कि वे अन्य राज्यों के चुनावों को समझ रहे थे। क्योंकि लोकसभा चुनाव के बाद जिन-जिन राज्यों में चुनाव हुए वहां अमूमन कांग्रेस का शासन था। लेकिन दिल्ली की बात कुछ और है। यहाँ पहले से ही आप पार्टी ने कांग्रेस के आधार को हड़प लिया है और पूरी दिल्ली के पैमाने पर भाजपा के मुकाबले जनता के मुद्दों पर अपनी बढ़त बना ली है। सभी सर्वेक्षण आप को भाजपा के मुकाबले काफी बढ़त दिखा रहे हैं। इसके पूरे आसार हैं कि आप साधारण बहुमत तो आराम से पा लेगी। आम आदमी पार्टी ने शुरू से ही भ्रष्टाचार और पानी, बिजली तथा जन कल्याण के मुद्दों को अपना मुख्य निशाना बनाया और दिल्ली की जनता को विश्वास दिलाया कि अगर वह सत्ता में आती है तो वह उनकी तकलीफों को दूर कर सकती है। इसी का नतीजा है कि आप को जनता के हर तबके से व्यापक समर्थन मिल रहा है। खासकर मेहनतकश तबका पूरी तरह आप के साथ है।

मोदी के खिलाफ रुख

पिछले करीब एक महीने में मैंने बस में, मेट्रो में, बाजारों में और राह चलते करीब 200 लोगों से बात की, उनमें करीब-करीब सभी लोगों ने आप को वोट देने की बात कही। यह पूछने पर कि वे नरेंद्र मोदी को क्यों नहीं वोट कर रहें हैं तो उन्होंने कहा कि “मोदी तो केवल भाषण देना जानते हैं, वे जनता के लिए कुछ नहीं कर रहे हैं, अच्छे दिन की बात की और काम किसी और के लिए कर रहे हैं।” इतनी जल्दी दिल्ली की जनता के दिल में मोदी सरकार के खिलाफ आक्रोश भर जाएगा यह समझने वाली बात है। जनता के इस फैसले से यह साफ़ हो गया है भाजपा की हर चाल उलटी हो गयी है चाहे फिर वह किरण बेदी को मुख्यमंत्री के उम्मीदवार के रूप में उतारने की बात हो या फिर आप के फंड पर सवाल उठाने की बात हो।

                                                                                                                                      

दिल्ली की जनता के मुद्दे

दिल्ली की जनता ,खासकर गरीब और मेहनतकश वर्ग महंगाई, बेरोज़गारी, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और भष्टाचार से जूझ रही है। 60% से भी ज्यादा आबादी ऐसी बस्तियों में रहती जोकि नियमित कोलोनियों की श्रेणी में नहीं आती हैं। इन बस्तियों में रहे रही जनता को सम्पूर्ण विकास का फल आज तक चखने को नहीं मिला। यहाँ युवा तबका लाखों की तादाद में बेरोजगार है और अभी तक आई किसी भी सरकार के पास इस बेरोज़गारी को दूर करने के कोई भी पक्का कार्यक्रम नहीं है। ये सभी सवाल बड़े पैमाने पर आम जनता को झकझोर रहे हैं। यही कारण है कि इस बार दिल्ली की जनता बड़ी ही समझदारी से कदम उठा रही है। इस चुनाव ने उनकी सम्पूर्ण भागीदारी को सुनिश्चित कर दिया है। इस बार आम जनता अपने मुद्दे पर वोट देगी। इस चुनावी समर में अगर अपने मुद्दों का कोई हिमायती उन्हें नज़र आता है तो वह आम आदमी पार्टी है जो महंगाई को कम करने की बात कर रही है, बिजली, राशन, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुडी समस्याओं को सुलझाने और उनपर तुरंत कदम उठाने की बात कर रही है। यानी आम आदमी पार्टी के पास भाजपा के मुकाबले दिल्ली की जनता के लिए कार्यक्रम है।

भाजपा के उलटे पड़ते वार

यूँ देखा जाए तो भाजपा के पास दिल्ली की जनता के लिए कोई कार्यक्रम नहीं है। इसलिए उन्होंने दिल्ली की राजनीति को सांप्रदायिक मोड़ देने की कोशिश की। त्रिलोकपुरी के दंगों से लेकर बवाना तक साम्प्रदायिक मुहीम छेड़ी गयी लेकिन दिल्ली की जनता की सूझ-बूझ ने इनकी इस चाल को कामयाब नहीं होने दिया। केजरीवाल की प्रसिद्धि का मुकाबला करने के लिए किरण बेदी को मैदान में उतारना भी महंगा पड़ा। इसके चलते भाजपा के वोट में बड़ी कटौती हो गयी। केजरीवाल और आप के कईं नेताओं पर व्यक्तिगत आरोप लगाए गए लेकिन उनसे भी भाजपा की किरकिरी ही हुयी। पिछले एक दशक से भी ज्यादा से भाजपा स्थानीय निकायों यानी एम.सी.डी. में काबिज़ है पर दिल्ली की स्थानीय समस्याएं न केवल ज्यों की त्यों बनी हुई हैं वरन और ख़राब हो गयी है। दिल्ली नगर निगम में भ्रष्टाचार का बोलबाला है, प्रदुषण के नाम पर रिश्वत न देने पर छोटी-छोटी दुकानों के बंद किया जा रहा है, रेहडी-पटरी पर गुजारा करने वालों पर निगम और पुलिस का दमन बरकार है, नालियों और सिवरेज की स्थिति काफी ख़राब है, मोदी सरकार द्वारा स्वच्छ अभियान चलाये जाने के बावजूद भी दिल्ली सबसे गन्दा शहर बना हुआ है। भाजपा अगर नगर-निगम में स्वच्छ प्रशासन नहीं दे पायी तो दिल्ली में कैसे देगी। दिल्ली की जनता के पास भाजपा के शासन का काफी बड़ा तजुर्बा है।

अपने शहर को आम आदमी का शहर बनाने वाली दिल्ली की जनता ने फैसला कर लिया है कि अब सरकार आम आदमी की ही बनेगी। भाजपा को यहाँ से अब हारने की आदत डाल लेनी चाहिए। क्योंकि ये पब्लिक है, ये सब जानती है।

डिस्क्लेमर:- उपर्युक्त लेख मे व्यक्त किए गए विचार लेखक के व्यक्तिगत हैं, और आवश्यक तौर पर न्यूज़क्लिक के विचारो को नहीं दर्शाते ।

 

 

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest