Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

दिल्ली चुनाव: बडबोलेपन की हार और जनता की जीत

दिल्ली विधान सभा चुनावों में आम आदमी पार्टी की भारी जीत ने भाजपा को बेआबरू कर दिया है। देश के चुनावी इतिहास में इतनी शर्मनाक हार का सामना तो शायद ही किसी राजनितिक दल ने किया होगा। इसी वेबसाइट पर मैंने अपने पिछले लेख में कह दिया था कि भाजपा एक बड़ी हार की तरफ बढ़ रही है। लेकिन यह हार इतनी बड़ी होगी कि जिस हार से हार को भी शर्म आ जाए, ऐसा मैंने भी नहीं सोचा था। कुल मिलाकर लोक सभा चुनाव के बाद दिल्ली चुनाव में भाजपा की यह सबसे बड़ी हार है। शायद यह कहना भी सही होगा कि यहाँ से भाजपा को अब अगले चुनावों में हार की आदत डाल लेनी चाहिए क्योंकि आने वाले चुनाव भी बडबोलेपन और जनता के असली मुद्दों के बीच होंगे। हाल ही में हुए चुनावों में यह शायद पहला चुनाव है जिसमें भाजपा और उसके नेताओं के बडबोलेपन और जनता के असली मुद्दों के बीच सीधी टक्कर हुयी है। इस चुनाव ने यह साबित कर दिया है कि अगर चुनावों में जनता के ज्वलंत मुद्दों को केन्द्रित कर चुनाव लड़ा जाता है तो जीत आम जनता की होगी।

बडबोलेपन की राजनीती

यु.पी.ए. -2 की सरकार ने जो आर्थिक संकट देश में पैदा किया और आम जनता पर जो आर्थिक बोझ डाला उसे भाजपा सरकार ने संबोधित करने के बजाय ओर बढ़ा दिया। भाजपा सरकार की नीतियां भी यु.पी.ए. -2 की नीतियों का अनुपालन करती नज़र आई और उन्होंने महंगाई, बेरोज़गारी को तेज़ी से बढ़ा दिया और ग्रामीण रोजगारों में मंरेगा के बजट में कटौती करने से रोजगार दर बहुत नीचे चली गयी। गरीबों के जीवन से खिलवाड़ वह भी बडबोलेपन के जरिए शायद ज्यादा दिन चलने वाली कहानी नहीं थी। यह कारण है कि दिल्ली चुनाव में मोदी के सीधे कूदने के बावजूद भाजपा कोई करामात नहीं दिखा पायी और बुरी तरह से चुनाव हार गई। ‘विकास’ नाम की जिस चिड़िया को मोदी चुनावों का नारा बना कर लाये थे वह भी ठंडा पड़ गया, क्योंकि आम जनता को यह विकास केवल और केवल पूंजीपतियों के विकास का नारा लगा। आम जनता के भीतर इस बात के एहसास ने भाजपा को हाशिये पर फैंक दिया। दिल्ली के इतिहास में भाजपा ने इतनी करारी हार का सामना कभी नहीं किया और वह भी तब जब वह लोकसभा में पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में कब्ज़ा जमाये बैठी है।

                                                                                                                                

झूठे नारे और व्यक्तिगत आरोप   

भाजपा ने लोकसभा चुनावों के विकास के नारे को दफ़न कर दिया क्योंकि आम जनता के सामने इस नारे की पोल पूरी तरह खुल चुकी थी। भाजपा के नेताओं ने इस चुनाव को व्यक्तिगत आरोपों का केंद्र बना दिया और आम आदमी पार्टी के नेताओं खासकर केजरीवाल पर शर्मनाक आरोप लगाए। मोदी भी इसमें पीछे नहीं रहे। उन्होंने केजरीवाल को अराजक तत्व से लेकर नक्सल तक कह दिया। उन्होंने कहा की केजरीवाल और उनकी पार्टी केवल धरना देना जानती है और हम सत्ता चलाना। उनके इन सभी बयानों में घमंड की बू आ रही थी। जनता की नज़रों में यह साफ़ हो गया कि भाजपा फिर उन्हें झूठे नारों और व्यक्तिगत आरोपों के जरिए गुमराह करना चाहती है इसलिए दिली की जनता ने एक आवाज़ में भाजपा के खिलाफ वोट दिया।

फैसला मोदी के खिलाफ

दिल्ली की जनता यह फैसला सीधे मोदी सरकार के काम-काज पर प्रश्नचिन्ह लगाता है। गरीब, मेहनतकश और माध्यम वर्ग की जनता की समस्याओं की अनदेखी करना, बेरोजगारों पर काबू न पाना, जन-विरोधी भूमि अधिग्रहण से जैसे कानून को अअध्यादेश के जरिए पास करना, मंरेगा जोकि ग्रामीण रोज़गार का एकमात्र जरिया है, को बेअसर करना, दिल्ली में महंगा बिजली-पानी मुहैया करना, नगर निगम में भरष्टाचार का बोलबाला होना, अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं का चरमराना, सरकारी स्कूलों में बच्चों को जरूरी सुविधाओं का न मिलना, खाने की वस्तुओं के आसमान छूती दामों को न रोकना, कुल मिलाकर आम जनता की जवलंत समस्याओं से पूरी तरह से आखें मूँद लेना। अगर सरकार ऐसा करेगी तो उसे फिर सत्ता में क्यों लाया जाए। इस चुनाव में आम जनता ने ऐसा ही कुछ सोचा है। बेशक किरण बेदी भाजपा की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार थी लेकिन केजरीवाल के खिलाफ मोदी और अमित शाह सीधे चुनाव लड़ रहे थे। उन्हें इसका खामियाजा आने वाले चुनावों में भी झेलना पड़ेगा।

चुनाव का सन्देश 

इस चुनाव का सन्देश बहुत स्पष्ट है। आम जनता ने यह साफ़ कर दिया है कि जनता से कोई भी बड़ा नहीं है। उसका फैसला अन्तिम फैसला होगा। अगर कोई भी राजनितिक दल जनता की भावनाओं से खिलवाड़ करेगा तो उसका हश्र भी भाजपा की तरह ही होगा। भाजपा ने यह सीख कांग्रेस की गिरती हालत से नहीं ली इसलिए उसे इस शर्मनाक हार का मुहं देखना पड़ा और वह अपने बडबोलेपन में मारी गयी। जनता के पास ज्यादा वक्त नहीं है, वह काम देखना चाहती है अगर आम आदमी पार्टी ने ठीक से जनता के हक में काम नहीं किया तो उसे भी जनता उसकी औकात बता देगी। यह चुनावी जीत इस बात का भी संकेत देती है कि राष्ट्रीय स्तर पर ऐसी पार्टियों के गठजोड़ के उभरने की जरूरत है ताकि पूरे देश की जनता उनका जीने का हक दिया जा सके। यही वक्त कि देश की राष्ट्रीय राजनीती ग्रीस की तरह करवट ले और राष्ट्रीय पैमाने पर भी एक आम जनता की हितैषी सरकार बन सके। इसके लिए आम आदमी पार्टी को उन सभी छोटे दलों को अपने साथ लेकर चलाना होगा जो इस लड़ाई में जनता की हुकूमत लाना चाहते हैं।

डिस्क्लेमर:- उपर्युक्त लेख मे व्यक्त किए गए विचार लेखक के व्यक्तिगत हैं, और आवश्यक तौर पर न्यूज़क्लिक के विचारो को नहीं दर्शाते ।

 

 

 

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest