Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

हरियाणा : कांग्रेस प्रवक्ता की हत्या के खिलाफ कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

शुक्रवार की सुबह बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता स्थानीय बीके अस्पताल में इकट्ठे हो गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। इस क्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच झड़पें भी हुईं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन

फरीदाबाद :  हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता विकास चौधरी की निर्मम हत्या पर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यहां तीखा विरोध किया।

शुक्रवार की सुबह बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता स्थानीय बीके अस्पताल में इकट्ठे हो गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर, पलवल के विधायक करण दलाल और तिगांव के विधायक ललित नागर कर रहे थे।

फरीदाबाद पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और माथे पर काली पट्टियां बांध कर अस्पताल से बाहर निकलने का प्रयास किया। पुलिस बल ने उन्हें अस्पताल से बाहर नहीं निकलने दिया।

उन्होंने बताया कि इस क्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच झड़पें भी हुईं।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को पुलिस ने अस्पताल में तीन स्तर की सुरक्षा व्यवस्था की और मुख्य द्वार को पूरी तरह से सील कर दिया गया।

vikas chaudhri.png

हमले में मारे गए विकास चौधरी

वरिष्ठ कांग्रेस नेता बलजित कौशिक ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता जब मृतक विकास चौधरी का शव लेने मोर्चरी गए तो वहां भी भारी पुलिस बल तैनात था। पुलिस ने शव देने से मना कर दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने कांग्रेसी नेताओं व कार्यकर्ताओं को अस्पताल में ही नजरबंद कर दिया।

घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने आरोप लगाया कि भाजपा का यह शासनकाल हिटलहरशाही शासन की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से पुलिस के बल पर उनकी आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, वह कतई न्यायसंगत नहीं है।

तंवर ने कहा कि भाजपा की इस मनमानी का आने वाले समय में मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

नागर ने भी प्रशासन की इस घटना की कडी निंदा करते हुए सवाल किया कि आखिर प्रशासन परिवार को विकास का शव क्यों नहीं सौंप रहा।

मृतक के भाई गौरव ने सवाल किया कि आखिर पुलिस उन्हें विकास का शव क्यों नहीं दे रही।   

डीसीपी एनआईटी विज ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की वजह से किसी तरह की सडक़ जाम न हो, इसके लिए उन्होंने बीके अस्पताल के मुख्य द्वार पर सुरक्षा तैनात की है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री फरीदाबाद में है इसलिए किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए यह कदम उठाया गया है।

आपको बता दें कि हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता विकास चौधरी की गुरुवार को फरीदाबाद में अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी थी। हमला उस वक्त हुआ जब वह सेक्टर-9 स्थित पीएचसी जिम के बाहर अपनी गाड़ी को पार्क कर रहे थे। हमलावरों ने उनकी गाड़ी के दोनों तरफ से फायरिंग की।

फरीदाबाद के एसीपी जयबीर राठी ने बताया कि घटनास्थल पर 12 गोलियों के खोखे मिले हैं वहीं सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में हमलावर दिखाई दे रहे हैं। राठी ने बताया कि मामले को देख कर लगता है कि हत्या की साजिश काफी पहले से रची गई थी। इतना ही नहीं, इसके लिए संभवत: रेकी भी की गई होगी क्योंकि विकास चौधरी के जिम आने की बात हत्यारों को पहले से पता थी।

(भाषा के इनपुट के साथ)

इसे भी पढ़ें : हरियाणा में कांग्रेस प्रवक्ता विकास चौधरी की गोली मार कर हत्या

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest