Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

पांच साल में 89 हजार हेक्टेयर जंगल गायब, सड़कों आदि गैर-वन उद्देश्यों के इस्तेमाल को की गई डायवर्ट

भारत में बीते पांच साल में 89 हजार हेक्टेयर जंगल (रिकोर्डिड वन) गायब हो गए हैं। केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय द्वारा संसद में दी गई जानकारी के अनुसार, देश में करीब 89 हजार हेक्टेयर वन भूमि पर सड़क आदि 25 अलग अलग गैर-वन उपयोगों के इस्तेमाल के लिए डायवर्जन की इजाजत दी गई है। यह इतना बड़ा क्षेत्रफल है कि इससे छोटे छोटे कई शहर समा जाएंगे।
jungle
फ़ोटो साभार: DW

केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय के अनुसार देश में कुल भूमि का करीब 24 प्रतिशत वन क्षेत्र है। डीडब्लू वेबसाइट द्वारा प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय द्वारा संसद को जानकारी दी गई है कि 25 अलग अलग गैर- वन उद्देश्यों के इस्तेमाल के लिए 88,903.80 हेक्टेयर वन भूमि के इस्तेमाल की इजाजत, सरकार द्वारा दी गई है। वन भूमि का सबसे ज्यादा डायवर्जन सड़कों के लिए किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार सड़कों के उपयोग के लिए सर्वाधिक 19,424 हेक्टेयर वन भूमि का डायवर्जन किया गया है। 

बीते पांच सालों में वन भूमि के बड़े गैर वन उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल की बात करें तो सड़कों के बाद सर्वाधिक 19,424 हेक्टेयर जंगल काटे गए हैं। दूसरा नंबर खनन गतिविधियों के लिए वन भूमि के इस्तेमाल का हैं। रिपोर्ट के अनुसार, खनन गतिविधियों के लिए 18,847 हेक्टेयर वन भूमि के इस्तेमाल की इजाजत दी गई है। अलग अलग सिंचाई परियोजनाओ के लिए 13,344 हेक्टेयर वन भूमि का उपयोग किया गया है। जबकि 9,469 हेक्टेयर वन भूमि का विद्युत परियोजनाओं यानी बिजली के टॉवर व तार बिछाने के लिए डायवर्जन किया गया है। 

सेनाओं के उपयोग के लिए भी बड़े पैमाने पर वन भूमि का गैर वन उद्देश्यों के लिए डायवर्जन किया गया है। अलग अलग रक्षा परियोजनाओं के लिए 7,630 हेक्टेयर वन भूमि का इस्तेमाल पिछले पांच सालों में किया गया है।

भारत में वनों की परिभाषा

देश में एक हेक्टेयर से बड़े क्षेत्रफल (भूमि) जिसमे पेड़ों की यानी हरित छतरी यानी हरियाली का घनत्व 10 प्रतिशत से ज्यादा हो, जंगल कहा जाता है। फिर चाहे वो वाकई में जंगल हो या फिर किसी का खेत या कोई बगीचा या किसी की निजी संपत्ति हो।

रिकोर्डिड फॉरेस्ट से इतर देंखे तो... भारत में पांच साल में खो गए 668,400 हेक्टेयर जंगल

रिकोर्डिड फॉरेस्ट से इतर गायब जंगल का आंकड़ा और खतरनाक है। यूके स्थित फर्म यूटिलिटी बिडर के मुताबिक वन विनाश के मामले में भारत, ब्राजील के बाद दूसरे स्थान पर है, जहां पिछले पांच वर्षों में 668,400 हेक्टेयर में फैले जंगल काट दिए गए हैं।

हालांकि 13 जनवरी 2022 को प्रकाशित “इंडिया स्टेट ऑफ फॉरेस्ट रिपोर्ट 2021” (ISFR 2021) में जारी आंकड़ों पर गौर करें तो 2019 से 2021 के बीच वन आवरण में 1.6 लाख हेक्टेयर (0.2 प्रतिशत) की मामूली वृद्धि दिखाई गई है। लेकिन यहां ध्यान देने वाला तथ्य यह है कि, ये ज्यादातर वन रिकॉर्डेड फॉरेस्ट (राज्य सरकारों के वन विभाग के अधीन वन भूमि) के बाहर उग रहे हैं।

सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (सीएसई) द्वारा किए विश्लेषण के मुताबिक बात करें तो भारत के करीब उत्तर प्रदेश के आकार के बराबर 2.59 करोड़ हेक्टेयर में फैले जंगल लापता हैं। विश्लेषण के मुताबिक इतनी बड़ी अनियमितता का ISFR 2021 में कोई स्पष्टीकरण नहीं है, केवल सरसरी तौर पर कहा गया है कि यह रिकॉर्डेड फॉरेस्ट बिना वन आवरण का है। देखा जाए तो अगर यह लापता वन क्षेत्र इतना विशाल न होता तो इसे नजरअंदाज किया जा सकता था। लेकिन करीब 2.6 करोड़ हेक्टेयर क्षेत्र को नजरअंदाज कर देना संभव नहीं है।

वन विनाश में दुनिया में दूसरे स्थान पर भारत

यूके स्थित फर्म यूटिलिटी बिडर के मुताबिक वन विनाश के मामले में भारत, ब्राजील के बाद दूसरे स्थान पर है, जहां पिछले पांच वर्षों में 668,400 हेक्टेयर में फैले जंगल काट दिए गए हैं। डाउन टू अर्थ में छपी यूटिलिटी बिडर द्वारा जारी नई रिपोर्ट के मुताबिक, भारत ने पिछले 30 वर्षों के दौरान जंगलों के होते सफाए के मामले में सबसे ज्यादा वृद्धि देखी है। इसमें 2015 से 2020 के बीच उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। आंकड़ों की मानें तो इन पांच वर्षों के दौरान भारत में 668,400 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले वन क्षेत्र को काट दिया गया है।

देखा जाए तो यह आंकड़ा ब्राजील के बाद सबसे ज्यादा है। गौरतलब है कि इस दौरान ब्राजील में 16,95,700 हेक्टेयर में फैले जंगल साफ कर दिए गए हैं। मार्च 2023 में जारी यूटिलिटी बिडर रिपोर्ट में डेटा एग्रीगेटर साइट अवर वर्ल्ड इन डेटा द्वारा 1990 से 2000 और 2015 से 2020 के लिए जारी आंकड़ों का विश्लेषण किया गया है। इन आंकड़ों में पिछले 30 वर्षों के दौरान 98 देशों में काटे गए जंगलों का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार जहां भारत ने 1990 से 2000 के बीच अपने 384,000 हेक्टेयर में फैले जंगलों को खो दिया था। वहीं 2015 से 2020 के बीच यह आंकड़ा बढ़कर 668,400 हेक्टेयर हो गया है। मतलब की इन दो समयावधियों के दौरान भारत में वन विनाश में 284,400 हेक्टेयर की वृद्धि देखी है जो दुनिया में सबसे ज्यादा है। देखा जाए तो इसके लिए कहीं न कहीं देश में बढ़ती आबादी जिम्मेवार है जिसकी लगातार बढ़ती जरूरतों के लिए तेजी से जंगल काटे जा रहे हैं।

कौन है इस विनाश के लिए जिम्मेवार

ब्राजील और भारत के बाद अफ्रीकी देश जाम्बिया है। जहां इन दोनों अवधियों के बीच वन विनाश में 153,460 हेक्टेयर की वृद्धि दर्ज की है। गौरतलब है कि 1990 से 2000 के बीच जहां जाम्बिया में 36,250 हेक्टेयर में फैले जंगल काट दिए गए थे। वहीं 2015 से 2020 के बीच यह आंकड़ा बढ़कर 189,710 हेक्टेयर पर पहुंच गया था। वहीं यदि 2015 से 2020 के आंकड़ों पर गौर करें तो वन विनाश के मामले में ब्राजील अव्वल है, जहां इस दौरान 1,695,700 हेक्टेयर में फैले जंगल काट दिए गए हैं। रिपोर्ट की मानें तो इसके लिए कहीं न कहीं जलवायु में होती वृद्धि जिम्मेवार है। हालांकि यदि 2015 से 2020 के आंकड़ों से तुलना करें तो इस वहां इस दौरान वन विनाश में भारी कमी आई है। पता चला है कि 1990 से 2000 के बीच ब्राजील में 42,54,800 हेक्टेयर में वन क्षेत्र नष्ट कर दिए गए हैं।

इसी तरह इंडोनेशिया में ताड़ की बढ़ती खेती ने 650,000 हेक्टेयर में फैले जंगलों को नष्ट कर दिया है, इस तरह यह 2015 से 2020 के बीच वन विनाश के मामले में भारत के ठीक पीछे है। इंडोनेशिया को दुनिया के सबसे बड़े ताड़ तेल उत्पादक देशों में से एक माना जाता है। भले ही ताड़ के तेल के इतने सारे उपयोग हैं, जिनके बारे में आप जानते भी न हों, लेकिन एक बात जो व्यापक रूप से सामने आई है वो यह है वनों के विनाश के मामले में जंगलों पर ताड़ के तेल उत्पादन का व्यापक प्रभाव पड़ा है। रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि वैश्विक स्तर पर पशुपालन व्यवसाय ने जंगलों को गंभीर नुकसान पहुंचाया है, जिसकी वजह से हर साल 21,05,753 हेक्टेयर में फैले जंगल काट दिए गए हैं। इसके बाद तेल के लिए 950,609 हेक्टेयर वनों का विनाश किया गया है।

साभार : सबरंग 

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest