बिहार : हड़ताल का 28वां दिन, 'नहीं होगा भूखे पेट काम'

पटना: आशा संयुक्त संघर्ष मंच के आह्वान पर 12 जुलाई से जारी आशा कार्यकर्ताओं की ऐतिहासिक हड़ताल आज 28वें दिन और भी व्यापकता के साथ नजर आई। भूख के खिलाफ मासिक मानदेय के लिए आशा कार्यकर्ताओं ने आज जन स्वास्थ्य केन्द्र (पीएचसी) परिसर में थाली बजाओ आंदोलन शुरू किया।
सैकड़ों आशा कार्यकर्ताओं और आशा फैसिलिटेटर की थालियों की खनखनाहट की तेज आवाज से पीएचसी प्रभारी, मैनेजर और बीसीएम सब परेशान हो गये। कई जगहों पर थाना प्रभारी को बुला लिया। थाना प्रभारी ने इन्हें रोकने को कहा तो आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि वे (थाना प्रभारी) उन्हें मानदेय दिला देंगे तो आशा कार्यकर्ता हड़ताल खत्म कर देंगीं। थक हार कर पुलिस को लौटना पड़ा। थाली पीटो आंदोलन ने एकबार फिर आशा कार्यकर्ताओं में आगे लड़ने के लिए ऊर्जा भर दी।
आंदोलन के तेवर को सलाम करते हुए आशा हड़ताल की मुख्यनेत्री शशि यादव ने कहा कि मांगें न माने जाने तक हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को हस्तक्षेप कर मांगों को पूरी कर हड़ताल समाप्त करानी चाहिए क्योंकि आमजन को परेशानी हो रही है। आगे उन्होंने कहा कि भाकपा माले विधायक सत्यदेव राम की ओर से इस दिशा में पहल की जा रही है।
अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।