क्रिकेट वर्ल्ड कप चैंपियंसः 1975-2023

ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराकर क्रिकेट विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया है, ये आप जानते हैं। लेकिन क्या आप ये जानते हैं कि पहला विश्व कप किस देश ने जीता था? क्रिकेट वर्ल्ड कप की शुरुआत कैसे हुई? पहला वर्ल्ड कप कब हुआ और कहां हुआ? समय के साथ-साथ इसके स्वरूप में क्या-क्या बदलाव आए? खिलाड़ियों की जर्सी सफेद से रंगीन कैसे हुई? गेंद लाल से सफेद कब हुई? सबसे ज्यादा वर्ल्ड किस देश के नाम है? क्या है क्रिकेट वर्ल्ड कप की कहानी? आइये, जानते हैं।
क्रिकेट विश्व कप का इतिहास
पहला क्रिकेट वर्ल्ड कप वर्ष 1975 में खेला गया था। इस प्रतियोगिता में 10 देशों ने हिस्सा लिया था और इस वर्ल्ड कप को इंग्लैंड ने होस्ट किया था। आप जानते होंगे कि क्रिकेट वर्ल्ड कप हर चार साल के अंतराल के बाद होता है, लेकिन दो बार ऐसा हुआ है कि ये फ्रिक्वेंसी टूटी है। असल में 1987 वो साल था जब पहली बार वर्ल्ड कप इंग्लैंड से बाहर होस्ट किया गया था। 1987 का वर्ल्ड कप भारत ने होस्ट किया था। इसके बाद अगला वर्ल्ड कप 1991 की बजाय 1992 में हुआ। यानी चार साल की बजाय पांच साल के बाद हुआ था। एक बार ऐसा भी हुआ है कि वर्ल्ड कप चार साल की बजाय तीन साल के अंतराल पर हुआ है। हालांकि इसके बाद फिर से वर्ल्ड कप चार साल के अंतराल पर लौट आया। अब बात करते हैं कि किस देश ने कितनी बार वर्ल्ड कप को फतह किया है और सबसे ज्यादा खिताब किस देश के नाम है?
विश्व कप विजेता देशों की सूची
वर्ष 1975 में पहला क्रिकेट वर्ल्ड कप हुआ और फाइनल में ऑस्ट्रेलिया और वेस्ट इंडीज़ पहुंचे। इस मैच में वेस्ट इंडीज़ ने ऑस्ट्रेलिया को 17 रन से हराया और वर्ल्ड कप अपने नाम कर लिया।
1979 में फाइनल मुकाबला वेस्ट इंडीज़ और इंग्लैंड के बीच था। इस मैच में वेस्ट इंडीज़ ने इंग्लैंड को 92 रनों से हराकर वर्ल्ड कप अपने नाम कर लिया।
1983 के वर्ल्ड कप के बारे में आप जानते ही होंगे कि भारत ने वेस्ट इंडीज़ को 43 रनों से हराकर वर्ल्ड कप अपने नाम कर लिया था।
1987 का फाइनल मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेला गया था। कांटे की टक्कर रही लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 7 रनों से मात देकर वर्ल्ड कप अपने नाम कर लिया।
अगला वर्ल्ड कप 1991 की बजाय 1992 में हुआ। फाइनल मुकाबला पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच खेला गया। पाकिस्तान ने इंग्लैंड को 22 रनों से हराकर वर्ल्ड कप जीत लिया।
1996 में फाइनल मुकाबला श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच था। श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को 7 विकेट से शिकस्त देकर वर्ल्ड कप जीत लिया था।
अगला वर्ल्ड कप 2000 की बजाय 1999 में खेला गया यानी ये चार साल की बजाय तीन साल के अंतराल पर हुआ था। फाइनल में ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान पहुंचे। ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराकर वर्ल्ड कप अपने नाम कर लिया था।
2003 में वर्ल्ड कप के लिए फाइनल मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच खेला गया। ऑस्ट्रेलिया ने 125 रन के भारी अंतर से भारत को करारी हार देकर वर्ल्ड कप जीता।
2007 का फाइनल मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच खेला गया। ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को 53 रनों से हराकर वर्ल्ड कप अपने नाम किया।
2011 का फाइनल मुकाबला तो आपको याद ही होगा। भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया था। भारत ने श्रीलंका को 6 विकेट से हराकर विश्व कप जीता था।
2015 का फाइनल मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया था। ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट से न्यूजीलैंड को हराकर वर्ल्ड कप अपने नाम किया था।
पिछला यानी वर्ष 2019 का फाइनल मुकाबला इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया था। ये मैच टाई हो गया था। इंग्लैंड चौके की गिनती के आधार पर इस मैच को जीत गया था।
इस बार यानी 2023 विश्व कप फाइनल मुकाबला ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच था। ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 6 विकेट से हराकर विश्वकप अपने नाम कर लिया।
विश्व कप के रोचक तथ्य
1987 से पहले सभी मैच 60 ओवर के होते थे। लेकिन 1987 में मैच के ओवरों की संख्या घटाकर 50 कर दी गई। आपको बता दें कि भारत इकलौता देश है जिसने 60 ओवर और 50 ओवर, दोनों तरह का वर्ल्ड कप जीता है। यानी उस वक्त भी विश्व कप जीता है जब मैच 60 ओवर के होते थे और उस वक्त भी विश्व कप जीता है जब मैच 50 ओवर के होते हैं।
वर्ष 1992 में विश्व कप प्रतियोगिता में कई बड़े बदलाव किए गए। पहला बदलाव था खिलाड़ियों की ड्रेस में। इससे पहले सभी खिलाड़ियों की ड्रेस सफेद जर्सी होती थी। जिन्होंने पुराने मैच देखें हैं वो जानते होंगे। लेकिन 1992 में सफेद की बजाय रंगीन जर्सी पहनी जाने लगी। यही वो साल था जब पहली बार डे-नाइट मैच खेले गये और इसी साल क्रिकेट की बाल का रंग लाल से बदलकर सफेद हो गया।
अब तक सबसे ज्यादा बार वर्ल्ड कप जीतने वाला देश ऑस्ट्रेलिया है। ऑस्ट्रेलिया ने इस बार की जीत मिलाकर 6 बार वर्ल्ड कप फतह कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया ही ऐसा इकलौता देश है, जिसने लगातार तीन बार वर्ल्ड कप को अपने नाम किया है। इसके अलावा वेस्ट इंडीज़ और इंडिया ने दो-दो बार और पाकिस्तान, श्रीलंका और इंग्लैंड ने एक-एक बार वर्ल्ड कप जीता है।
(लेखक स्वतंत्र पत्रकार एवं ट्रेनर हैं। आप सरकारी योजनाओं से संबंधित दावों और वायरल संदेशों की पड़ताल भी करते हैं। विचार व्यक्तिगत हैं।)
इन्हें भी पढ़ें :
मोदी सरकार द्वारा जातिवार जनगणना के आंकड़े सार्वजनिक न करने की वजह?
अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।