Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

हाथरस मामला: दो आरोपी गिरफ़्तार, मुख्य आरोपी अभी भी फ़रार, एक लाख का इनाम घोषित

उत्तर प्रदेश की क़ानून व्यवस्था दिन-प्रतिदिन बद से बदतर होती जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपराधियों के प्रति सख्ती बरतने की घोषणाएं तो बहुत करते हैं लेकिन प्रदेश में अपराध रुक नहीं रहे हैं।

Women's movement
चित्र साभार: फेमिनिज़्म इन इंडिया

उत्तर प्रदेश की क़ानून व्यवस्था दिन-प्रतिदिन बद से बदतर होती जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपराधियों के प्रति सख्ती बरतने की घोषणाएं तो बहुत करते हैं लेकिन प्रदेश में अपराध रुक नहीं रहे हैं और ऐसा लग रहा है कि अपराधी बेख़ौफ़ हैं। हाथरस कांड में दो आरोपी तो पकड़े गए हैं लेकिन मुख्य आरोपी अभी भी फरार है। यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा प्रमुख मायावती और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताई है। मायावती का कहना है कि दलित और महिला उत्पीड़न एवं असुरक्षा की आए दिन होने वाली दर्दनाक व शर्मनाक घटनाओं से हर तरफ चिन्ता है।

समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक हाथरस के सासनी में बेटी के साथ छेड़छाड़ की शिकायत करने वाले किसान की हत्या करने के आरोप में बुधवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार है और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया है।

हाथरस के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने 'भाषाको बताया कि बुधवार को दो आरोपियों -- रोहिताश शर्मा और निखिल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि इस मामले में चार आरोपी नामज़द हैं जिनमें गौरव शर्मारोहिताश शर्मानिखिल शर्मा व ललितेश शर्मा शामिल हैं। उनमें से ललितेश को मंगलवार को ही गिरफ्तार कर लिया गया था तथा रोहिताश शर्मानिखिल शर्मा पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था ।

उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी गौरव शर्मा पर बुधवार को अपर पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया है।

जायसवाल के मुताबिकमुख्य आरोपी गौरव शर्मा को पकड़ने के लिये पुलिस की पांच टीमें लगायी गयी हैंजो शहर और दूसरे जिलो में लगातार छापेमारी कर रही हैं।

उन्होंने दावा किया कि जल्द ही मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

गौरतलब है कि हाथरस के सासनी क्षेत्र के नौजरपुर गांव में सोमवार शाम खेत में आलू खोद रहे 50 वर्षीय किसान अमरीश शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

आरोप है कि करीब ढाई साल पहले अमरीश शर्मा के परिवार की एक लड़की की ओर से दर्ज कराए गए छेड़छाड़ के मुकदमे को वापस लेने के लिये आरोपी दबाव बना रहे थे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं।

इस घटना के मुख्य आरोपी गौरव की राजनीतिक पृष्ठभूमि को लेकर सपा और भाजपा के बीच ज़बानी जंग शुरू हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने गौरव के एक फेसबुक पेज का जिक्र करते हुए उसे सपा का नेता बताया है जबकि सपा ने उसे भाजपा का नेता करार दिया है ।

किशोरी की हत्या के आरोप में 17 वर्षीय लड़का पकड़ा गया

अलीगढ़ उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के अकराबाद क्षेत्र में पिछले रविवार को एक दलित लड़की की कथित हत्या के मामले में बुधवार को 17 साल के एक लड़के को पकड़ा गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज जी. ने यहां संवाददाताओं को बताया कि रविवार को जिस जगह लड़की का शव बरामद किया गया था उसके आसपास रहने वाले सभी संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद मामले का खुलासा हुआ। पूछताछ के दौरान 17 वर्षीय एक लड़के पर शक होने पर उससे गहनता से पूछताछ की गई तो उसने सच बोल दिया।

उन्होंने बताया कि पकड़े गए लड़के के पास से मृत लड़की की चप्पल भी बरामद की गई है। आरोपी ने घटना का सिलसिलेवार विवरण देते हुए कहा है कि वह पड़ोस के खेत में हेल्पर के तौर पर काम करता था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के मुताबिकलड़के ने यह कबूल किया है कि घटना वाले दिन वह मोबाइल पर अश्लील फिल्म देख रहा था। तभी उसकी नजर पास से गुजरी 14 साल की लड़की पर पड़ी। लड़की को पानी देने के बहाने वह उसे एक सुनसान जगह ले गया और उससे बलात्कार की कोशिश की। लड़की ने इसका विरोध करते हुए शोर मचाया तो उसे चुप कराने के लिए लड़के ने उसका मुंह दबा दिया जिससे दम घुटने से लड़की की मौत हो गई।

गौरतलब है कि गत रविवार को अकराबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में 14 साल की एक लड़की का शव खेत में मिला था। पोस्टमार्टम के लिए शव को कब्जे में लेने गई पुलिस पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया था। लड़की रविवार दोपहर को खेत से चारा लेने गई थी लेकिन वह वापस नहीं लौटी।

पुलिस के मुताबिकलड़की की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उससे बलात्कार का कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं मिला है। बहरहालइस मामले में हत्याबलात्कार तथा पॉक्सो अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

आठ साल की दलित बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में 70 साल का बुजुर्ग गिरफ्तार

बांदा: बांदा जिले के बबेरू क्षेत्र में आठ साल की एक दलित बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में 70 साल के बुजुर्ग व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

बबेरू के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) सियाराम ने बुधवार को बताया, "मंगलवार की शाम करीब छह बजे बबेरू कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में दलित वर्ग की आठ साल की बच्ची के साथ उसी गांव के 70 साल के बुजुर्ग व्यक्ति जगदीश पाल उर्फ मुच्छड़ ने कथित रूप से दुष्कर्म किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।" उन्होंने बताया "बच्ची अपने घर से करीब सौ मीटर की दूरी पर खेल रही थी जिस दौरान आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।" सीओ ने बताया "बच्ची का आज सरकारी अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण करवाया जाएगा और आरोपी को संबंधित पॉक्सो अदालत में पेश किया जाएगा।"

मायावती ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए

लखनऊबहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने बुधवार को उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए महिला उत्पीड़न के मामलों में सरकार पर असंवेदनशील और लापरवाह रवैया अपनाने का आरोप लगाया।

मायावती ने सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा " उत्तर प्रदेश में वैसे तो हर प्रकार के अपराध चरम पर होने से अपराध नियंत्रण का काफी बुरा हाल हैलेकिन खासकर दलित और महिला उत्पीड़न एवं असुरक्षा की आए दिन होने वाली दर्दनाक व शर्मनाक घटनाओं से हर तरफ चिन्ता है। ऐसे संगीन मामलों में भी सरकार की असंवेदनशीलता व लापरवाही अति-दुःखद है।"

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री ने एक अन्य ट्वीट में कहा "हाथरस में दलित उत्पीड़न व पिता की हत्या तथा गुजरात में दलित आरटीआई कार्यकर्ता की निर्मम हत्या यह साबित करती है कि कांग्रेस पार्टी की तरह भाजपा सरकार में भी दलितोंशोषितों और महिलाओं आदि की जान तथा आत्म सम्मान कतई सुरक्षित नहीं है। सरकार इस ओर तुरन्त ध्यान दे।"

उत्तर प्रदेश में हर रोज़ कोई न कोई परिवार न्याय के लिए चीख रहा है : प्रियंका गांधी

नयी दिल्ली  उत्तर प्रदेश में अपराध की घटनाओं में वृद्धि को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने बुधवार को कहा कि योगी आदित्यनाथ के प्रचार के विपरीत हर रोज कोई न कोई परिवार न्याय के लिए चीख रहा है।

कांग्रेस नेता ने उत्तर प्रदेश में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना ऐसे वक्त साधा है जब हाथरस जिले में बेटी से छेड़छाड़ की शिकायत वापस नहीं लेने पर एक आरोपी ने पीड़िता के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। वहींएक अन्य घटना में बुलंदशहर में एक व्यक्ति के घर में बने गड्ढ़े से 12 वर्षीय लड़की का शव निकाला गया।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘हाथरस में छेड़खानी के खिलाफ मुक़दमा वापस नहीं लेने वाली एक लड़की के पिता की हत्या कर दी गई। बुलंदशहर में कई दिनों से गायब एक बच्ची का शव एक घर में गड़ा हुआ मिला।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘अपराध को लेकर उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार के झूठे प्रचार के ठीक विपरीत जमीन पर हर रोज कोई न कोई परिवार न्याय के लिए चीख रहा है।’’

प्रियंका गांधी और कांग्रेस के अन्य नेताओं ने उत्तर प्रदेश में कानून और व्यवस्था की स्थिति को लेकर योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार पर हमला करते हुए आरोप लगाया है कि आपराधिक गतिविधियां बेलगाम हैंजबकि राज्य सरकार ने इन दावों को खारिज किया है।

उत्तर प्रदेश की स्थिति क्या है इसे सरकारी आंकड़ों के जरिये ही समझा जा सकता है। एनसीआरबी की बीते साल जनवरी में आई सालाना रिपोर्ट कहती है कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं के प्रति अपराध पूरे देश में सबसे ज़्यादा हैं। पुलिस हर दो घंटे में बलात्कार का एक मामला दर्ज करती हैजबकि राज्य में हर 90 मिनट में एक बच्ची के ख़िलाफ़ अपराध की सूचना दी जाती है। देश में महिलाओं के ख़िलाफ़ 2018 में कुल 378,277 मामले हुए और अकेले यूपी में 59,445 मामले दर्ज किए गए। यानी देश के कुल महिलाओं के साथ किए गए अपराध का लगभग 15.8%।

 

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest