Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

संसद का शीतकालीन सत्र शुरू, 16 बिल होंगे पेश; विपक्ष की चर्चा के लिये पर्याप्त समय की मांग

संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन निचले सदन की कार्यवाही आरंभ होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदस्यों को मुलायम सिंह यादव और आठ पूर्व सदस्यों के निधन के बारे में सूचित किया।
parliament

नयी दिल्ली: संसद का शीतकालीन सत्र बुधवार से शुरू हो गया। पहले दिन लोकसभा ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और आठ पूर्व दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
    
संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन निचले सदन की कार्यवाही आरंभ होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदस्यों को मुलायम सिंह यादव और आठ पूर्व सदस्यों के निधन के बारे में सूचित किया।
    
उन्होंने यादव के लंबे राजनीतिक जीवन का उल्लेख किया। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मुलायम सिंह यादव मौजूदा लोकसभा के सदस्य थे।
    
बिरला ने कहा, ‘‘ मुलायम सिंह यादव के सरल व्यक्तित्व के कारण उनकी लोकप्रियता सभी दलों में थी। अनुभवी नेता होने के कारण उनका मार्गदर्शन सदन को हमेशा मिलता रहा।’’
    
मुलायम सिंह यादव का 10 अक्टूबर, 2022 को गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया था।
    
बिरला ने आठ पूर्व सदस्यों के जे सुंदर लाल, देबी घोषाल, रूपचंद पाल, गोविंद चंद्र नस्कर, थान सिंह जाटव, माणिक राव गावित, जयंती पटनायक और जी कृष्णा के निधन के बारे में भी सदन को सूचित किया।
    
इसके बाद सदन ने कुछ देर मौन रखकर दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि दी। बिरला ने करीब 11 बजकर 10 मिनट पर सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करक दी।

इस बार सत्र में सरकार की कोशिश 16 नये विधेयकों एवं अनुदान की अनुपूरक मांगों को पारित कराने की रहेगी। तो वहीं 17 बैठकों वाले इस सत्र में विपक्षी दलों ने महंगाई, बेरोजगारी, चीन के साथ सीमा पर स्थिति, कॉलेजियम के विषय व केंद्र राज्य के संबंध जैसे मुद्दों को उठाने व चर्चा के लिये पर्याप्त समय देने की मांग की है।

    
संसद का शीतकालीन सत्र 29 दिसंबर को समाप्त होगा। इस दौरान 17 बैठकें होंगी ।
    
संसद के शीतकालीन सत्र के पहले दिन मीडिया को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि संसद में हंगामे और व्यवधान के चलते देश का बहुत नुकसान होता है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से शीतकालीन सत्र को अधिक से अधिक सार्थक बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास करने का आग्रह किया।
   
बुधवार से शुरू हो रहे सत्र के दूसरे दिन आठ दिसंबर को हिमाचल प्रदेश और गुजरात विधानसभा चुनाव के परिणाम भी सामने आएंगे । ऐसे में शीतकालीन सत्र पर इन दोनों राज्यों के चुनाव परिणाम की छाया भी देखने को भी मिलेगी।
   
संसद सत्र में सुचारू रूप से कामकाज चलाने के उद्देश्य से चर्चा के लिये सरकार ने सोमवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई थी जिसमें 31 दलों के सदन के नेताओं ने हिस्सा लिया था।
    
विपक्षी दलों ने महंगाई, बेरोजगारी, चीन से लगी सीमा की स्थिति, कॉलेजियम के मुद्दे से जुड़ा विषय, केंद्र राज्य संबंध एवं संघीय ढांचे का विषय एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को आरक्षण पर अदालती फैसले सहित कुछ अन्य मुद्दों को उठाने एवं चर्चा कराने के लिये पर्याप्त समय देने की मांग की है।
   
सरकार ने बैठक में आश्वस्त किया कि वह लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति की अनुमति से नियमों के तहत विपक्ष के उठाये मुद्दों पर चर्चा कराने को तैयार है।    
   
शीतकालीन सत्र में विपक्षी दलों द्वारा उठाये जाने वाले कई मुद्दों में प्रमुख मुद्दा पूर्वी लद्दाख में चीन से लगी सीमा की स्थिति और जांच एजेंसियों के कथित दुरूपयोग का विषय है और इन मुद्दों पर सदन में टकराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
    
सरकार की योजना सत्र में 16 नए विधेयक पेश करने की है जिनमें बहु-राज्यीय सहकारी समितियों में जवाबदेही बढ़ाने और इसकी चुनावी प्रक्रिया में सुधार से संबंधित विधेयक शामिल हैं।
  
लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा है कि विपक्ष बहु-राज्यीय सहकारी समितियां (संशोधन) विधेयक, 2022 और वन (संरक्षण) संशोधन विधेयक को संसद की स्थायी समिति को भेजे जाने की मांग करेगा।

इस सत्र में जो विधेयक संसद में पेश किए जाएंगे उनमें शामिल हैं:

संसद के इस सत्र में पेश किए जाने वाले 16 विधेयकों की सूची
1. व्यापार चिह्न (संशोधन) विधेयक, 2022
2. वस्तुओं का भौगोलिक संकेत (पंजीकरण और संरक्षण) (संशोधन) विधेयक, 2022
3. बहु-राज्य सहकारी समितियां (संशोधन) विधेयक, 2022
4. छावनी विधेयक, 2022
5. पुराना अनुदान (विनियमन) विधेयक, 2022
6. संविधान (अनुसूचित जनजाति) आदेश (द्वितीय संशोधन) विधेयक, 2022
7. संविधान (अनुसूचित जनजाति) आदेश (तीसरा संशोधन) विधेयक, 2022
8. संविधान (अनुसूचित जनजाति) आदेश (चौथा संशोधन) विधेयक, 2022
9. संविधान (अनुसूचित जनजाति) आदेश (पांचवां संशोधन) विधेयक, 2022
10. निरसन और संशोधन विधेयक, 2022
11. राष्ट्रीय दंत चिकित्सा आयोग विधेयक, 2022
12. नेशनल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी कमीशन बिल, 2022
13. वन (संरक्षण) संशोधन विधेयक, 2022
14. तटीय जलीय कृषि प्राधिकरण (संशोधन) विधेयक, 2022
15. उत्तर पूर्व जल प्रबंधन प्राधिकरण विधेयक, 2022
16. कलाक्षेत्र फाउंडेशन (संशोधन) विधेयक, 2022

(समाचार एजेंसी भाषा इनपुट के साथ)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest