राजस्थान चुनाव : मतदान जारी, तीन बजे तक 55 प्रतिशत मतदान
राजस्थान में 200 सदस्यीय राज्य विधानसभा की 199 सीट पर चुनाव के लिए शनिवार को जारी मतदान के बीच अपराह्न तीन बजे तक 55 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं ने वोट डाले।
निर्वाचन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ। दोपहर बाद तीन बजे तक 55.63 प्रतिशत मतदान हुआ है। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा।
Rajasthan: 55.63% votes polled till 3 pm; LS Speaker says it reflects strong democracy
Read: https://t.co/zzLoPptqQ1#RajasthanAssemblyElection2023 #RajasthanElection2023 #AssemblyElections2023 pic.twitter.com/HeccyvoXao— IANS (@ians_india) November 25, 2023
राज्य में कुल 36,101 स्थानों पर 50 हजार से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं जहां 5,26,90,146 मतदाता प्रत्याशियों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की बीच जारी है।
कुल 1862 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मतदान शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए राजस्थान पुलिस के 70,000 जवानों सहित 1.70 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। कुल 2,74,846 चुनावकर्मी मतदान कराएंगे।
गंगानगर जिले की करणपुर सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन के बाद वहां चुनाव स्थगित कर दिया गया है।
राज्य में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ कांग्रेस व मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी के बीच माना जा रहा है। कांग्रेस को उम्मीद है कि वह राज्य में प्रत्येक चुनाव में सरकार बदलने के ‘रिवाज’ को बदलते हुए अपना ‘राज’ (सरकार) कायम रखेगी। वहीं भाजपा उम्मीद कर रही है कि चुनावी लड़ाई में ‘कमल’ खिलेगा। मतगणना तीन दिसंबर को होगी।
राजस्थान में कुल 200 विधानसभा सीटें हैं। करणपुर सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार और मौजूदा विधायक गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन के कारण चुनाव स्थगित किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि इन 199 सीटों पर 1862 उम्मीदवार मैदान में हैं, जहां मतदाताओं की संख्या 5,25,38,105 है। इनमें 18-30 आयु वर्ग के 1,70,99,334 युवा मतदाता शामिल हैं, जिनमें 18-19 आयु वर्ग के 22,61,008 नए मतदाता शामिल हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि मतदान शनिवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा, जिसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
सत्तारूढ़ कांग्रेस की ओर से इस बार भी अपना चुनावी भाग्य आजमा रहे नेताओं में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी, मंत्री शांति धारीवाल, बीडी कल्ला, भंवर सिंह भाटी, सालेह मोहम्मद, ममता भूपेश, प्रताप सिंह खाचरियावास, राजेंद्र यादव, शकुंतला रावत, उदय लाल आंजना, महेंद्रजीत सिंह मालवीय तथा अशोक चांदना व पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट शामिल हैं।
वहीं भाजपा के प्रमुख उम्मीदवारों में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया तथा सांसद दीया कुमारी, राज्यवर्धन राठौड़, बाबा बालकनाथ व किरोड़ी लाल मीणा मैदान हैं।
भाजपा ने कांग्रेस विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा समेत छह सांसदों और एक राज्यसभा सदस्य सहित 59 मौजूदा विधायकों को टिकट दिया है। वहीं कांग्रेस ने सात निर्दलीय विधायकों और एक भाजपा विधायक-शोभारानी कुशवाह, जिन्हें पिछले साल भाजपा से निष्कासित कर दिया गया था, सहित 97 विधायकों को मैदान में उतारा है।
कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने वाले प्रमुख चेहरों में से एक पूर्व सांसद ज्योति मिर्धा हैं, जो नागौर से विधानसभा चुनाव लड़ रही हैं। नागौर से सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के संयोजक हनुमान बेनीवाल भी विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। इस पार्टी ने चन्द्रशेखर आजाद के नेतृत्व वाली आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के साथ चुनावी गठबंधन किया है।
भाजपा सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि सत्तारूढ़ कांग्रेस ने 2018 चुनाव की तरह अपने सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के लिए एक सीट -भरतपुर- छोड़ी है। भरतपुर सीट से आरएलडी के मौजूदा विधायक सुभाष गर्ग चुनाव लड़ रहे हैं।
राज्य में इसके अलावा माकपा, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी, भारत आदिवासी पार्टी, भारतीय ट्राइबल पार्टी, आम आदमी पार्टी, एआईएमआईएम समेत कई पार्टियां भी मैदान मे हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों के 40 से अधिक बागी भी मैदान में हैं।
मौजूदा विधानसभा की बात करें तो इस समय कांग्रेस के 107 विधायक, भाजपा के 70, आरएलपी के तीन, माकपा और भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) के 2-2, राष्ट्रीय लोक दल का एक विधायक हैं। निर्दलीय विधायक 13 हैं जबकि दो दो सीटें (उदयपुर और करणपुर) खाली हैं।
(न्यूज़ एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ)
अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।