Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

तीरंदाज़ी में भारत को फिर लगातार स्वर्ण पदक, राजधानी में छाए रहेंगे बादल और अन्य खबरें

भारतीय पुरूष कम्पाउंड तीरंदाजी टीम ने शनिवार को फाइनल में पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए फ्रांस को दो अंक से पछाड़कर विश्व कप चरण में लगातार स्वर्ण पदक जीता।


 

Live blog

भारतीय पुरूष कम्पाउंड तीरंदाजी टीम ने विश्व कप में लगातार स्वर्ण पदक जीता

दक्षिण कोरिया/भाषा: भारतीय पुरूष कम्पाउंड तीरंदाजी टीम ने शनिवार को फाइनल में पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए फ्रांस को दो अंक से पछाड़कर विश्व कप चरण में लगातार स्वर्ण पदक जीता।

यह विश्व कप के पहले चरण के फाइनल का दोहराव रहा। अभिषेक वर्मा, अमन सैनी और रजत चौहान की तिकड़ी पहले दो दौर में छठी वरीयता प्राप्त प्रतिद्वंद्वी से पिछड़ रही थी।

लेकिन तीसरे दौर में भारतीय तिकड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फ्रांस के एड्रियन गोंटियर, जीन फिलिप बलूच और केंटिन बराएर को 232-230 से शिकस्त देकर विश्व कप के दूसरे चरण में स्वर्ण पदक अपनी झोली में डाला।

अप्रैल में अंताल्या में हुए पिछले विश्व कप फाइनल में इसी भारतीय तिकड़ी ने फ्रांस को एक अंक से पराजित किया था।

भारतीय स्टार कम्पाउंड तीरंदाज वर्मा ने फिर दूसरा पदक अपने नाम किया। उन्होंने अवनीत कौर के साथ मिलकर मिश्रित टीम स्पर्धा में अपने से ऊंची वरीय तुर्की की अमीरकान हाने और आयसे बेरा सुजेर की जोड़ी को 156-155 से हराकर कांस्य पदक जीता।

वहीं अवनीत कौर के लिये यह उनका दूसरा कांस्य पदक था जिन्होंने इससे पहले महिला स्पर्धा में टीम कांस्य पदक जीता था।

राजधानी में छाए रहेंगे बादल

नयी दिल्ली/भाषा: राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार रात को बारिश होने और धूल भरी आंधी चलने से शनिवार सुबह बादल छाए रहे और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय ने यह जानकारी दी।

कार्यालय के अनुसार आज अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया सकता है।

‘स्काईमेट वेदर’ की एक रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में 22 मई तक मानसून पूर्व बारिश में तेजी आ सकती है और यह स्थिति 24 मई तक जारी रह सकती है। इससे दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आसपास के इलाकों में गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं, धूल भरी आंधी आ सकती है या 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

आईएमडी ने एक बुलेटिन में कहा कि शहर के दूर दराज के इलाकों में हल्की बारिश होने का भी अनुमान है।

मौसम कार्यालय ने 23 और 24 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

वरिष्ठ अकाली नेता तोता सिंह का निधन

चंडीगढ़/भाषा: शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व मंत्री 81 वर्षीय तोता सिंह का शनिवार को मोहाली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। सिंह लंबे समय से बीमार थे।

सिंह शिअद के नेतृत्व वाली सरकार में कृषि और शिक्षा मंत्री थे। वह वरिष्ठ उपाध्यक्ष और शिअद की कोर कमेटी के सदस्य थे। सिंह शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य भी थे।

सिंह 1997 में पहली बार मोगा विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। उन्हें उस समय प्रकाश सिंह बादल के नेतृत्व वाली सरकार में शिक्षा मंत्री के रूप में शामिल किया गया था।

वह 2002 के विधानसभा चुनावों में मोगा से फिर से चुने गए लेकिन 2007 में वह हार गए। सिंह 2012 में धर्मकोट विधानसभा सीट से चुने गए और कृषि मंत्री बने। सिंह हालांकि, 2017 और 2022 में विधानसभा चुनाव हार गए।

शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने सिंह के निधन पर दुख जताया है। बादल ने ट्वीट किया, ‘‘वरिष्ठ अकाली नेता जत्थेदार तोता सिंह जी के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। जत्थेदार साहब मेरे लिए पिता तुल्य थे और हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत थे। उनकी अमूल्य सलाह और परामर्श हमेशा याद रहेगा। दुख की इस घड़ी में मैं बराड़ परिवार के साथ हूं।’’

कांग्रेस की पंजाब इकाई के प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने भी तोता सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। वडिंग ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘अनुभवी अकाली नेता जत्थेदार तोता सिंह जी के दुखद निधन पर मेरी संवेदनाएं।’’

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest