शीर्ष अदालत को दो नये न्यायाधीश मिले : न्यायमूर्ति भुइयां और न्यायमूर्ति भट्टी ने शपथ ली

नयी दिल्ली: प्रधान न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ ने न्यायमूर्ति उज्ज्वल भुइयां और न्यायमूर्ति एस. वेंकटनारायण भट्टी को शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश के तौर पर शपथ दिलाई।
इसके साथ ही शीर्ष अदालत में प्रधान न्यायाधीश सहित कुल न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 32 हो गई। उच्चतम न्यायालय में कुल 34 न्यायाधीश नियुक्त किए जा सकते हैं।
शीर्ष अदालत के सभागार में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधान न्यायाधीश ने दो नये न्यायाधीशों को पद की शपथ दिलाई।
VIDEO | Justice Sarasa Venkatanarayana Bhatti takes oath as Supreme Court judge.
(Source: Third Party) pic.twitter.com/pbTF0hbphY— Press Trust of India (@PTI_News) July 14, 2023
केंद्र सरकार ने 12 जुलाई को न्यायमूर्ति भुइयां और न्यायमूर्ति भट्टी को पदोन्नत कर उच्चतम न्यायालय में नियुक्त करने की मंजूरी दी थी।
न्यायमूर्ति भुइयां तेलंगाना उच्च न्यायालय के और न्यायमूर्ति भट्टी केरल उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश थे।
विधि मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बुधवार को न्यायमूर्ति उज्ज्वल भुइयां और न्यायमूर्ति भट्टी की नियुक्तियों की घोषणा की थी।
प्रधान न्यायाधीश की अध्यक्षता वाले उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने उन्हें शीर्ष अदालत में न्यायाधीश के तौर पर पदोन्नत करने की सिफारिश पांच जुलाई को की थी।
न्यायमूर्ति भुइयां का जन्म दो अगस्त 1964 को हुआ था। उन्हें 17 अक्टूबर 2011 को गौहाटी उच्च न्यायालय का न्यायाधीश नियुक्त किया गया और वह उच्च न्यायालय (गौहाटी) के सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश थे। वह 28 जून 2022 से तेलंगाना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यरत थे।
न्यायमूर्ति भट्टी का जन्म छह मई 1962 को हुआ। उन्हें 12 अप्रैल 2013 को आंध्र प्रदेश के उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया। वह आंध्र प्रदेश के उच्च न्यायालय में सबसे वरिष्ठ थे।
न्यायमूर्ति भट्टी को मार्च 2019 में केरल उच्च न्यायालय में स्थानांतरित कर दिया गया था और एक जून 2023 से वह वहां मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यरत थे।
(समाचार एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ)
अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।