Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

घोसी की जंगः रोमांचक मुकाबले में सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह बीजेपी के दारा सिंह चौहान से काफी आगे

घोसी का चुनाव कई मायने में अहम माना जा रहा है। यहां बीजेपी गठबंधन में सुभासपा मुखिया ओमप्रकाश राजभर की साख दांव पर लगी है। सपा गठबंधन छोड़कर राजभर ने बीजेपी का दामन थामा है। इनके दल बदलने के बाद पहला चुनाव घोसी में हो रहा है।
uttar pradesh
बीजेपी के दारा सिंह और सपा के सुधाकर सिंह

उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में घोसी सीट के लिए हुए रोमांचक मुकाबले में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सुधाकर सिंह ने बीजेपी के दारा सिंह चौहान को तेजी से पछाड़ना शुरू कर दिया है। छह राउंड की गिनती खत्म होने तक समाजवादी पार्टी ने बीजेपी को पीछे छोड़ते हुए करीब आठ हजार से अधिक वोटों की लीड ले ली। खास बात यह है कि बीजेपी उन्हें बूथों पर हार रही है जो उसके गढ़ माने जाते थे। सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह सुबह से ही सुबह से मतगणना स्थल पर भी डटे हुए हैं, जबकि बीजेपी कैंडिडेट दारा सिंह चौहान अभी नहीं पहुंचे हैं, जिसके चलते कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।

घोसी सीट के लिए पांच सितंबर को मतदान हुआ था, जिसमें 50.77 फीसदी वोटरों ने हिस्सा लिया था। यहां कुल 2 लाख 17 हजार मतों की गिनती होनी है। भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान और सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह के साथ कुल 10 प्रत्याशी मैदान में हैं। कुल 32 राउंड की मतगणना होनी है। वोटों की गिनती के लिए कुल 14 काउंटर (टेबल) बनाए गए हैं। साल 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में इस क्षेत्र के 58.59 फीसदी वोटरों ने हिस्सा लिया था।

भाजपा के दारा सिंह चौहान और सपा के सुधाकर सिंह के बीच सीधा मुकाबला होने की वजह से चुनाव काफी रोमांचक रहा। घोसी में कुल 32 राउंड में वोटों की गिनती होनी है। पहले राउंड में बैलेट पेपरों की गिनती हुई, जिसमें अब सपा के सुधाकर सिंह ने बढ़त बना ली। इस राउंड में भाजपा को 3203 और सपा को 3581 वोट मिले। बीजेपी के चौहान पहले राउंड में ही 378 वोटों से पिछड़ गए। दूसरे राउंड में सपा प्रत्याशी ने 1372 वोट की बढ़त बना ली। इस राउंड तक सपा को 6844 और बीजेपी को 5472 वोट मिले।

तीसरे राउंड में भी सुधाकर सिंह लगातार बढ़ते गए। इस राउंड में सपा को 10,334 और बीजेपी को 8242 वोट मिले। चौथे राउंड में सुधाकर सिंह ने 4,067 मतों ली लीड ले ली। इस राउंड तक सपा को 14,286 और बीजेपी को 10,219 वोट मिले। घोसी में इस बार बड़ा उलट-फेर देखने को मिल रहा है।

किसकी प्रतिष्ठा दांव पर

घोसी का चुनाव कई मायने में अहम माना जा रहा है। यहां बीजेपी गठबंधन में सुभासपा मुखिया ओमप्रकाश राजभर की साख दांव पर लगी है। सपा गठबंधन छोड़कर राजभर ने बीजेपी का दामन थामा है। इनके दल बदलने के बाद पहला चुनाव घोसी में हो रहा है। खास बात यह है कि घोसी में राजभर वोटरों की तादाद अधिक है। दूसरी ओर, बीजेपी प्रत्याशी दारा सिंह चौहान की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है। साल 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में वह समाजवादी पार्टी के टिकट पर घोसी सीट से चुनाव लड़े थे। इससे पहले वह बीजेपी में  वन मंत्री थे। दोबारा मंत्री बनने की ललक में उन्होंने सपा छोड़ दी। घोसी सीट से इस्तीफा देने के बाद वह दोबारा बीजेपी में शामिल हो गए हैं। घोसी इलाके में चौहान वोटरों की तादाद बहुत ज्यादा है। चौहान को उम्मीद थी कि अपनी बिरादरी के वोटरों के दम पर वह दोबारा घोसी सीट जीत लेंगे।

घोसी सीट के लिए हुए रोमांचक मुकाबले के दौरान बीजेपी प्रत्याशी दारा सिंह चौहान के समर्थन में सीएम  योगी आदित्यानाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत बीजेपी सरकार के 40 मंत्रियों का अमला चुनाव प्रचार में जुटा था। बीजेपी अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह करीब एक पखवाड़े तक घोसी में जमे रहे।

समाजवादी पार्टी ने अपने प्रत्याशी सुधाकर सिंह के प्रचार के लिए अध्यक्ष अखिलेश यादव आए, जबकि पार्टी के कद्दावर नेता शिवपाल यादव कई दिनों तक यहीं डेरा डाले रहे। घोसी में सपा के चुनाव प्रचार की बागडोर शिवपाल के हाथ में थी।

घोसी उप-चुनाव में दारा सिंह चौहान को एनडीए के पक्ष में अपना दल (सोनेलाल), निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद) पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का समर्थन दिया था। दूसरी ओर सपा उम्मीदवार सुधाकर सिंह को 'इंडिया'  के घटक दल कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), राष्ट्रीय लोक दल (रालोद), आम आदमी पार्टी (आप), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) (भाकपा-माले)-लिबरेशन और सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी से समर्थन है।

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest