Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

बात बोलेगी: सावित्री बाई फुले को याद करना, मतलब बुल्ली बाई की विकृत सोच पर हमला बोलना

सवाल यह है कि जिन लोगों ने, सावित्री बाई फुले के ऊपर कीचड़ डाला था, उनके ख़िलाफ गंदी-अश्लील टिप्पणी की थी, वे 2022 में कहां हैं। वे पहले से अधिक खूंखार हो गये हैं, पहले से ज्यादा बड़े अपराधी—जिन्हें सरकारों-सरकारी मशीनरी का पूरा खुल्लम-खुल्ला समर्थन हासिल है।

आज देश के कई हिस्सों में देश की पहली शिक्षिका सावित्री बाई फुले को याद किया गया। छोटे-बड़े कार्यक्रम हुए, जहां महिलाओं-खास तौर से वंचित समाज की औरतों के लिए शिक्षा और ज्ञान का रास्ता खोलने, विधवाओं के लिए सम्मान भरा जीवन सुनिश्चित करने, विधवा विवाह-प्रसूतिगृह शुरू करने के सावित्री बाई फुले के क्रांतिकारी कदमों को सलाम पेश किया गया। उनके साथ-साथ, उनकी अभिन्न साथी फातिमा शेख को भी सलाम पेश किया गया—क्योंकि उनके साथ मिलकर ही उन्होंने मनुस्मृति के घटाटोप अंधकार में घिरे भारत में शिक्षा की मशाल जलाई थी। हम सब भारतीय महिलाओं और पुरुषों के लिए, 3 जनवरी 1831 को जन्मी सावित्री बाई फुले ने संघर्ष की एक ऐसी इबारत लिखी, जो आज भी हौसला देती है। सवाल यह है कि जिन लोगों ने, सावित्री बाई फुले के ऊपर कीचड़ डाला था, उनके ख़िलाफ गंदी-अश्लील टिप्पणी की थी, वे 2022 में कहां हैं। वे पहले से अधिक खूंखार हो गये हैं, पहले से ज्यादा बड़े अपराधी—जिन्हें सरकारों-सरकारी मशीनरी का पूरा खुल्लम-खुल्ला समर्थन हासिल है—आज 2022 में ये भारतीय महिलाओं के ऊपर कीचड़ बम फेंक रहे हैं और उसका नाम है बुल्ली बाई.

क्या विडंबना है कि आज जब हम सावित्री बाई फुले की क्रांतिकारी विरासत को याद कर रहे हैं, तब हमें अपने आसपास बुल्ली बाई-सुल्ली डील्स करते मानवता विरोधी-घिनौने लोगों की जमात नजर आ रही है। जो लोग सावित्री बाई फुले पर कीचड़ फेंकते थे, वे आज 2022 की शुरुआत भारत की महिला नागरिकों को ऑनलाइन बेचने में लगे हैं। ऐसा व पहली बार नहीं कर रहे, इससे पहले 2021 में यही बलात्कारी सोच –‘सुल्ली डील्स’ के नाम पर ऑनलाइन मुसलमान औरतों की बोली लगा कर अट्टाहास कर रही थी। सुल्ली डील्स से बुल्ली बाई तक का सफर इस विकृत मानसिकता ने महज़ छह महीने लगाए और इस तरह से साबित किया कि भारतीय औरत को सरेआम जलील करने वाला तंत्र कितना विकराल हो गया है।

जुलाई 2021 को जब सुल्ली डील्स सामने आया था, तब भी अश्लील फोटो को मॉर्फ ( morph) करके मुस्लिम समाज की लड़कियों की फोटो के गलत ढंग से जोड़कर पब्लिक प्लेटफॉर्म पर डाली गईं और फिर उनकी बोलियां लगाई गईं। इस पर जब आपत्ति जताई गई, तो यह प्लेटफॉर्म गायब हो गया, लेकिन पकड़ा कोई भी नहीं गया। सरकारी मशीनरी, पुलिस प्रशासन जो बात-बात पर तमाम लोगों के गढ़े मुर्दे उखाड़ने का दावा करता है, वह सुल्ली डील्स के पीछे के मास्टरमाइंड की हवा तक नहीं लगा पाया। देश के संविधान-कानून व्यवस्था, महिला की गरिमा, निजता सबकी धज्जियां सरेआम उड़ती रहीं, लेकिन सिस्टम हिला-डुला तक नहीं।

इसके बाद, भारतीय लोकतंत्र को 2022 को वेलकम गिफ्ट मिला बुल्ली बाई के रूप में, जहां एक बार फिर नरसंहार को रचाने वाली मानसिकता ने औरतों की मंडी सजाई थी। करीब 100 मुसलमान औरतों की खरीद-फरोख्त करने वाली नपुंसक भीड़ भारतीय संविधान को धता बता रही थी। यह वीभत्य नाच, राजनीतिक इशारों पर है। मुसलमानों के कत्लेआम का सार्वजनिक मंचों से उद्घोष करने वाले देशद्रोहियों की सोच ही पैदा करती है सुल्ली डील्स और बुल्ली बाई। जिस तरह से गंदगी का यह खुला खेल चल रहा है, वह भारत को मध्य युगीन बर्बरता की ओर ढकेलने वाला है।

लेकिन ये लोग भूल जाते हैं, कि भारत की विरासत सावित्री बाई फुले औऱ फातिमा शेख की विरासत है। जब 1831 में जन्मी ये दोनों शख्सियतें उस समय मनुस्मृति और पितृसत्ता से दो-दो हाथ करते हुए आगे बढ़ी, तब आज की भारतीय नागरिक कैसे हिम्मत हार मान लेगी। इस विरासत को आगे बढ़ाते हुए, पूरी मजबूती औऱ दृढ़ता से वे भारतीय नागरिक सामने आईं, जिनके चेहरों को इन घिनौने प्लेटफॉर्म पर बिक्री के लिए डाला गया था, उन्होंने जाकर पुलिस में रिपोर्ट लिखाई, सोशल मीडिया पर खुद इस साजिश का पर्दाफाश किया।

आज जब हम याद करते हैं सावित्री बाई फुले को तो आज बुल्ली बाई करने वाली विकृत-बलात्कारी, मानवताविरोधी सोच के खिलाफ आज बुलंद करनी जरूरी है। वरना हम, सावित्री बाई पर कीचड़ फेंकने वालों के साथ ही खड़े होंगे और अगली पीढ़ी को अंधकार युग में ढकेलेंगे। 

(लेखिका वरिष्ठ पत्रकार हैं।)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest