Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

उच्चतम न्यायालय राष्ट्रीय न्यायिक डेटा ग्रिड से जुड़ेगा

प्रधान न्यायाधीश ने जब शीर्ष अदालत में दिन की कार्यवाही शुरू की तो उन्होंने कहा कि शीर्ष अदालत का डेटा वास्तविक समय के आधार पर एनजेडीजी पर अपलोड किया जाएगा।
sc
फ़ोटो : PTI

नयी दिल्ली: प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि उच्चतम न्यायालय को जल्द ही राष्ट्रीय न्यायिक डेटा ग्रिड (एनजेडीजी) से जोड़ा जाएगा। एनजेडीजी, ई-कोर्ट परियोजना के तहत एक ऑनलाइन मंच के रूप में बनाए गए जिला और अधीनस्थ न्यायालयों और उच्च न्यायालयों के आदेशों, निर्णयों और मामलों के विवरण का एक डेटाबेस है।

वर्तमान में पोर्टल केवल उच्च न्यायालय स्तर तक के डेटा दिखाता है।

प्रधान न्यायाधीश ने जब शीर्ष अदालत में दिन की कार्यवाही शुरू की तो उन्होंने कहा कि शीर्ष अदालत का डेटा वास्तविक समय के आधार पर एनजेडीजी पर अपलोड किया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘एक छोटी सी घोषणा। यह एक ऐतिहासिक दिन है। यह एक अनूठा और सूचनात्मक मंच है जिसे एनआईसी और उच्चतम न्यायालय की इनहाउस टीम द्वारा विकसित किया गया है। अब एक बटन के क्लिक पर आप लंबित मामलों और निपटारा किए गए मामलों की वास्तविक स्थिति की जानकारी, वर्षवार पंजीकृत और गैरपंजीकृत लंबित मामले, कोरम-वार तय किए गए मामलों की संख्या देख सकते हैं।’’

सीजेआई ने कहा कि एनजेडीजी पर डेटा अपलोड करने से न्यायिक क्षेत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।

एनजेडीजी 18,735 जिला और अधीनस्थ न्यायालयों और उच्च न्यायालयों के आदेशों, निर्णयों और मामले के विवरण का एक डेटाबेस है। इससे जुड़ी जिला और तालुका अदालतों द्वारा डेटा को वास्तविक समय के आधार पर अपडेट किया जाता है।

यह देश के सभी कम्प्यूटरीकृत जिला और अधीनस्थ न्यायालयों की न्यायिक कार्यवाही/निर्णयों से संबंधित डेटा प्रदान करता है। सभी उच्च न्यायालय भी वेब सेवाओं के माध्यम से एनजेडीजी) में शामिल हो गए हैं, जिससे वादी जनता को आसान पहुंच की सुविधा मिलती है।

(समाचार एजेंसी भाषा के इनपुट के साथ)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest