Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

आगरा: लखनऊ से दिल्ली आ रही बस नाले में गिरी, 29 की मौत

उत्तर प्रदेश के आगरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर यह भीषण सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में 18 अन्य घायल हो गए हैं। घायलों में से नौ की हालत गंभीर है। 
फाइल फोटो

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में यात्रियों से भरी एक बस सोमवार को यमुना एक्सप्रेसवे से फिसलकर नीचे नाले में गिर गई जिसमें 29 लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि लखनऊ से दिल्ली जा रही अवध डिपो की जनरथ बस में करीब 50 लोग सवार थे। 

अतिरिक्त मुख्य सचिव (सूचना) अवनीश अवस्थी ने बताया, ‘जिलाधिकारी (आगरा) के मुताबिक 29 लोगों की मौत हो गई। बस एक नाले में गिरी है।’ अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश रोडवेज मृतकों के परिवार को पांच लाख रुपये का मुआवजा देगा। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना पर शोक जताया है और इसकी जांच एक समिति से कराने के आदेश दिए हैं। आदित्यनाथ ने आगरा के जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि घायलों को सही उपचार मिले। 

साथ ही उन्होंने उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और परिवहन राज्य मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को तत्काल दुर्घटनास्थल पर पहुंचने के लिए कहा है। अवस्थी ने कहा, ‘मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यातायात आयुक्त, मंडलीय आयुक्त और आईजी की एक समिति को 24 घंटे के भीतर इसकी जांच करने का आदेश दिया है।’

यह समिति दुर्घटना के कारणों के बारे में रिपोर्ट देगी और इस तरह की घटना से भविष्य में बचने के लिए भी उठाए जाने वाले कदमों की सिफारिश करेगी।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया कि राज्य भाजपा के महासचिव पंकज सिंह घटनास्थल पर गए हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मैंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को घटनास्थल पर भेजा है।’

उत्तर प्रदेश पुलिस ने ट्विटर पर कहा, ‘लखनऊ से दिल्ली जा रही स्लीपर कोच यात्री बस यमुना एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।’

उन्होंने बताया कि बस एत्मादपुर के पास यमुना एक्सप्रेसवे के नीचे बहते नाले में गिर गई। साथ ही कहा कि पानी भरे होने की वजह से राहत कार्य में मुश्किल आ रही है।

राज्य पुलिस ने ट्वीट किया, ‘उत्तर प्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह ने तेजी से राहत एवं बचाव कार्य करने का निर्देश दिया है और वह स्वयं इसकी निगरानी कर रहे हैं। सभी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।’

अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश रोडवेज के अवध डिपो की जनरथ बस लखनऊ से दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डा जा रही थी। घायलों को श्री कृष्ण हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से नौ की हालत गंभीर है। 

अधिकारियों ने बताया कि घायलों में कोई भी व्यक्ति आगरा का नहीं है, सभी प्रदेश के अन्य जिलों के निवासी हैं। छह लेने का 165 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश में आगरा को नोएडा के साथ जोड़ता है। 

वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने भी घटना पर शोक प्रकट किया है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘एक और बस दुर्घटना के कारण हुई मौतों के बारे में सुनकर दुख हुआ, इस बार आगरा के पास। शोकसंतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest