Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

पोल्स ऑफ पोल: हर राज्य में सस्पेंस.. 3 दिसंबर से पहले ख़ुश होना दुखी कर सकता है!

राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में चुनाव के नतीजे आने वाले हैं, मगर उससे पहले आए एग्ज़िट पोल्स ने सभी राजनीतिक दलों की सांसे रोक रखी हैं। क्योंकि हर सर्वे एजेंसी के अपने अलग-अलग दावे हैं।
voting

2024 लोकसभा चुनाव में सियासी हवाओं का रुख किस ओर रहने वाला है?  इसका कुछ सुराग़ 3 दिसंबर को भी मिलेगा, क्योंकि इस दिन पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आने वाले हैं।

कुछ दिनों पहले ही राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में चुनाव हुए थे, जिनके नतीजों से पहले आए एग्ज़िट पोल्स ने सभी राजनीतिक दलों की सांसे बढ़ा दी हैं। छत्तीसगढ़ और मिजोरम को छोड़ दें तो बाकी तीनों राज्यों में भाजपा और कांग्रेस के बीच पेच फंसता नज़र आ रहा है।

शुरुआत करते हैं राजस्थान से...

यहां 199 विधानसभा सीटों पर चुनाव हुए थे, यानी बहुमत का आंकड़ा 100 है। इसमें इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया ने कांग्रेस को 86 से 106 सीटें दी हैं, जबकि भाजपा को 80 से 100 तो वहीं निर्दलीयों के खाते में 9-18 सीटें दे रहा है। यहां बहुमत का आंकड़ा 100 है जिसके आसपास कांग्रेस और दोनों दल पहुंच रहे हैं।

यानी अगर इंडिया टुडेज़ की बात मानेंगे तो इस राज्य में राज बदलेगा या रिवाज़ ये पूरी तरह साफ नहीं है और यह बहुत कुछ निर्दलीयों पर निर्भर करेगा।

जन की बात अगर मानें तो वह राजस्थान में भाजपा को स्पष्ट बहुमत दे रहा है। उसके हिसाब से प्रदेश में भाजपा को 100 से 122 सीटें मिलेंगी जबकि कांग्रेस 62 से 85 सीटों के बीच ही रहेगी। इसके अलावा ये 14 से 15 सीटें निर्दलीयों को भी दे रहे हैं।

ऐसे ही पोलस्ट्रैट ने भी पेच फंसा रखा है, उसके अनुसार कांग्रेस को 90 से 100 तो भाजपा को 100 से 110 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं निर्दलीय को 5 से 15 सीटें मिल सकती हैं।

टुडेज़ चाणक्य ने कांग्रेस को थोड़ा आगे रखा है, यहां कांग्रेस को 89 से 113 सीटें मिलने का अनुमान हैं, जबकि भाजपा को 77 से 101 सीटें मिल सकती हैं। वहीं अन्य के खाते में 2-16 सीटें जा सकती हैं।

अब आते हैं सी-वोटर्स पर... तो इनके मुकाबिक यहां रिवाज़ नहीं बदलेगा। यानी फिर से सरकार बदलेगी और भाजपा सत्ता में आएगी। इनके मुताबिक यहां भाजपा को 94 से 114 तो कांग्रेस को 71 से 91 सीटें मिल रही हैं। वहीं अन्य के खाते में 9 से 19 सीटें जाने की उम्मीद है।

मध्यप्रदेश में भी सस्पेंस बरकरार है

'इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया' एग्जिट पोल में मध्यप्रदेश में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिलता दिख रहा है, भाजपा मध्यप्रदेश में 140-162 सीटें जीत सकती है, वहीं, कांग्रेस के खाते में सिर्फ 68-90 सीटें आती दिख रही हैं। यानी एक बार फिर लोगों का शिवराज सरकार पर भरोसा दिखता नजर आ रहा है।

मध्य प्रदेश में 230 सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 116 है।

अगर टुडेज़ चाणक्य की बात करें तो यहां से भाजपा के खाते में 139-163 सीटे आती नज़र आ रही हैं, तो कांग्रेस 62-86 सीट पर सिमट सकती है। यानी यहां भी भाजपा ही सरकार बन रही है।

हालांकि कुछ सर्वे ऐसे भी हैं जो मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनवा रही हैं। जैसे जन की बात का कहना ये है कि यहां भाजपा को 100-123 सीट मिल सकती है जबकि  कांग्रेस को 102-125 मिलती दिख रही हैं।

वहीं बात अगर पोलस्ट्रैट की करें तो यहां भाजपा को 106 से 116 सीट मिल जाएंगी, जबकि कांग्रेस 111 से 121 सीटों के साथ बड़ी पार्टी बन सकती है।

बात अगर सी-वोटर्स की करें तो ये स्पष्ट रूप से कांग्रेस की सरकार बनवा रहे हैं। इन्होंने भाजपा को 88-112 सीटे दी हैं जबकि  कांग्रेस को 113-137 सीटें देकर उनकी जीत का अनुमान लगाया है।

छत्तीसगढ़ में लगभग कांग्रेस ही!

इस राज्य में कहा जा रहा था कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की बढ़ती लोकप्रियता ही दूसरी पार्टियों को हराने के लिए काफी है, लेकिन चुनाव नज़दीक आते गए, तो भाजपा ने अपने पांव फैला ही लिए, मग़र फिर एग्ज़िट पोल्स के हिसाब से कांग्रेस थोड़ा आगे दिख रही है।

छत्तीसगढ़ में 90 सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 46 है।

बात अगर पोलस्ट्रैट की करें तो, भाजपा को 35-45, कांग्रेस को 40-50 और अन्य को 0-3 मिलने का अनुमान है। यानी इनके मुताबिक कांग्रेस यहां सरकार बना सकती है।

वहीं इंडिया टीवी-सीएनएक्स के एग्जिट पोल के मुताबिक, भाजपा को 30-40, कांग्रेस को 46-56 और अन्य को 3-5 सीटें मिल सकती हैं, यानी उसके अनुसार भी सरकार कांग्रेस ही बना रही है।

इसके बाद इंडिया टुडे-माई एक्सिस ने अनुमान जताया कि यहां पर भाजपा को 36 से 46, कांग्रेस को 40-50 और अन्य को 1-5 सीटें मिल सकती हैं, इनके मुताबिक एक बार फिर भूपेश बघेल का जादू यहां चल सकता है।

वहीं न्यूज18-मैट्रिज ने संभावना जताई है कि भाजपा को 41, कांग्रेस को 46 और अन्य को 3 सीटें मिल सकती हैं।

न्यूज24-चाणक्य के मुताबिक, भाजपा को 33, कांग्रेस को 57 सीटें मिल सकती हैं, यानी चाणक्य तो कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत देने को तैयार है।

टाइम्स नाउ-इटीजी के मुताबिक, भाजपा को 32-40, कांग्रेस को 48-56 और अन्य को 2-4 सीटें हासिल हो सकती हैं।

कुल मिलाकर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस वापसी करती दिख रही है।

तेलंगाना में बहुत बड़े उलटफेर की संभावना

यहां विधानसभा की 119 सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 60 है। इस राज्य को चंद्रशेखर राव का किला माना जाता है। उनके किले में कौन सेंध लगाएगा, ये तो 3 दिसंबर को मालूम पड़ेगा, लेकिन उससे पहले एग्जिट पोल के जो आंकड़े सामने आए हैं। उसमें टीवी9-पोलस्ट्रैट के मुताबिक तेलंगाना में बीआरएस को 48-58, भाजपा को 5-10, कांग्रेस को 49-59 और ओवैसी की पार्टी AIMIM को 6-8 सीटें मिलने की संभावना है, यानी ओवैसी यहां पर किंगमेकर बन सकते हैं। यहां ये कहना ग़लत नहीं होगा कि कांग्रेस ने बहुत हद तक खुद को फ्रंटफुट पर लाकर खड़ा कर दिया है।

चाणक्य के मुताबिक, यहां बीआरएस को 33, भाजपा को 7, कांग्रेस को 71 सीटें मिल सकती हैं। यानी चाणक्य तो स्पष्ट तौर पर कांग्रेस की सरकार बनवा रहा है।

ईटीजी ने यहां पर बीआरएस को 37-45, भाजपा को 6-8, कांग्रेस को 60-70 और अन्य को 5-7 सीटें मिलने की संभावना जताई है।

जन की बात के मुताबिक, बीआरएस को 40-55, भाजपा को 7-13, कांग्रेस को 48-64 और AIMIM को 4-7 सीटें मिल सकती हैं।

इंडिया टीवी-सीएनएक्स के अनुसार बीआरएस को 31-47, भाजपा को 2-4, कांग्रेस को 63-79 और AIMIM को 5-7 सीटें मिल सकती हैं।

इंडिया टुडे-माई एक्सिस के मुताबिक, तेलंगाना में बीआरएस को 48-58, भाजपा को 5-10, कांग्रेस को 49-56 और अन्य के खाते में 6-8 सीटें जा सकती है।

वैसे इस राज्य में केसीआर का आधिपत्य रहा है, मग़र इस चुनाव में जिस तरह कांग्रेस ने वापसी की है, ऐसे में दिख रहा है कि अब केसीआर की सत्ता हिल सकती है।

मिज़ोरम में किसकी सरकार

मिज़ोरम में कुल 40 सीटें हैं यानी बहुमत का आंकड़ा 21 है।

यहां एबीपी-सी वोटर ने कांग्रेस को 2-8, एमएनएफ को 15-21, ZPM को 12-18 और अन्य को 0-5 सीटें दी है।

जन की बात ने यहां पर कांग्रेस को 5-9, एमएनएफ को 10-14, ZPM को 15-25 और भाजपा को 0-2 सीटें देने का ऐलान किया है।

इंडिया टीवी-सीएनएक्स के मुताबिक, यहां पर कांग्रेस को 8-10, एमएनएफ को 14-18, ZPM को 12-16 और भाजपा को 0-2 सीटें मिल सकती हैं। टाइम्स नाउ-ईटीजी के मुताबिक, कांग्रेस को 9-13, एमएनएफ को 14-18, ZPM को 10-14 और भाजपा को 2 सीटें मिल सकती हैं।

इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया ने यहां पर एमएनएफ को 3-7, कांग्रेस को 2-4, ZPM को 28-35, भाजपा को 0-2 सीटें मिलने की संभावना जताई है।

मिज़ोरम में भी त्रिशंकु विधानसभा दिखाई पड़ रही है, जिसमें एमएनएफ और ZPM फिलहाल मुख्य भूमिका में हैं। वहीं कहीं-कहीं पर कांग्रेस भी अपना पांव रख रही है। अब असल में किसकी सरकार बनती है ये तो 3 दिसंबर को मालूम होगा।

अगर आप सभी राज्यों के पोल्स अलग-अलग सर्वे के अनुसार देखेंगे तो पता चलेगा कि किसी भी राज्य में किसी भी पार्टी के लिए खुशी मनाना जल्दबाज़ी हो सकती है। वहीं ये कहना भी ग़लत नहीं होगा कि अगर राजस्थान में भाजपा रिवाज कायम करने में कामयाब रहती है, तो कांग्रेस और उनके विश्वास के लिए बहुत बड़ा झटका होगा। दूसरी ओर अगर कांग्रेस तेलंगाना में वाकई उलटफेर कर देती है, तो आने वाले लोकसभा भाजपा के लिए बहुत कठिन हो जाएँगे। क्योंकि दक्षिण का एक राज्य कर्नाटक कांग्रेस पहले ही भाजपा से छीन चुकी है। यानी दक्षिण में कांग्रेस लगातार मज़बूत हो रही है।

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest