Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

साल 2022 : अपने संघर्षों के दम पर देश-विदेश में नाम कमाती महिलाएं

यूं तो महिलाओं के संघर्ष ने एक लंबा सफ़र तय किया है लेकिन बीते कुछ सालों में जिस तरह महिलाएं बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरीं और उन्होंने अपनी आवाज़ बुलंद की, उसने आने वाले दिनों में महिला आंदोलनों की एक नई इबारत लिख दी है।
hijab

साल 2022 खत्म होेने को है, ऐसे में इस साल तमाम उठा-पठक के बीच देश को कई बार महिलाओं ने अपने आंदोलन और संघर्षों से झकझोरा है। एक ओर हिजाब विवाद में नारे लगाती औरतों ने सत्ता की नींद उड़ा दी, तो वहीं दूसरी ओर गीतांजलि श्री को मिले इंटरनेशनल बुकर प्राइज़ ने महिलाओं के हौसलों को नई उड़ान दी। सेना से लेकर सर्वोच्च अदालत तक महिलाओं ने पितृशाही और मनुवादी सोच को चुनौती देकर अपनी जीत मुकम्मल की।

राजनीति की ओर देखें, तो इस साल इतिहास में पहली बार कोई आदिवासी महिला देश के शीर्ष पद पर विराजमान हुईं। भले ही लोग इसे एक चुनावी रणनीति के तौर पर सांकेतिक ही क्यों न मानें, लेकिन ये एक उम्मीद तो है ही। खेल की दुनिया में उड़न परी पीटी उषा इस साल भारतीय ओलंपिक संघ की पहली महिला अध्यक्ष बनीं।

बीते साल 2021 की खट्टी-मीठी यादों से शुरू हुए इस साल इस साल की शुरुआत में पूरी दिल्ली में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला। उन्होंने 31 जनवरी को मुख्यमंत्री केजरीवाल के आवास का घेराव करते हुए अपने संघर्ष की हुंकार भरी। उनकी मांग थी कि उनके वेतन को बढ़ाया जाए और उन्हें सरकारी कर्मचारी होने का दर्जा मिले। ये वो सब महिलाएं थी जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना कोरोना काल के दौरान लॉकडाउन में जनता को सेवाएं दी। हालांकि ये पहली बार नहीं था, जब आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने विरोध प्रदर्शन किया हो। पहले भी कई बार इन महिलाओं ने अपनी आवाज़ उठाई लेकिन सरकार द्वारा दिए गए झूठे आश्वासन के चलते इनके संघर्ष का कोई नतीजा नहीं निकला। फिर भी ये महिलाएं अपने अधिकारों के लिए लगातार संघर्षरत हैं।

इसे भी पढ़ें: आंगनवाड़ी की महिलाएं बार-बार सड़कों पर उतरने को क्यों हैं मजबूर?

हिजाब विवाद में महिलाओं की गूंज

वैसे तो हिजाब विवाद बीते साल जुलाई के महीने में शुरु हुआ था, जब कर्नाटक के उडुपी ज़िले में एक जूनियर कॉलेज ने छात्राओं पर स्कूल में हिजाब पहनकर आने पर रोक लगा दी थी। लेकिन जब इस साल लॉकडाउन खुलने के बाद छात्राओं को पता लगा कि उनकी सीनियर्स हिजाब पहना करती थीं तो उन्होंने इस आधार पर कॉलेज प्रशासन से हिजाब पहनने की अनुमति मांगी। लेकिन उन्हें क्लास के भीतर हिजाब पहनने की अनुमति नहीं मिली। इसके बाद इन लड़कियों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और इस मुद्दे को लेकर कोर्ट में भी गईं। कर्नाटक राज्य से शुरू हुआ यह मुद्दा धीरे-धीरे पूरे देश में फैलने लगा।

देश की सर्वोच्च अदालत तक पहुंचा ये मामला महिलाओं को अपनी पसंद के कपड़े पहनने से जुड़े अधिकार को लेकर था। उनकी भी मंशा यही थी कि उनके पहनावे पर कोई पाबंदी ना हो, वो अपनी पसंद के लिए आज़ाद हो। देश में जब हिजाब का मामला विवादों में आया, तो कई सामाजिक और नागरिक संगठन न चाहते हुए भी इसकी ओर कदम बढ़ाने लगे, वो इसके हिमायती नहीं थे लेकिन वो इसे जबरन उतरवाने के ख़िलाफ़ थे। उन्हें डर था कि इसके चलते कहीं मुस्लिम लड़कियां शिक्षा से दूर न हो जाएं और शायद यही वजह है कि विरोध में और ज़्यादा महिलाओं ने हिजाब की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। सुप्रीम कोर्ट का फैसला जो भी हो उसका व्यापक असर देखने को मिलेगा क्योंकि ये मुद्दा अब धर्म और शिक्षा से काफी आगे चला गया है।

इसे भी पढ़ें: हिजाब मामला: सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले में बंटे जज, अब बड़ी बेंच निपटाएगी मुद्दा?

महिला आरक्षण बिल का संघर्ष

इस साल देश ने आज़ादी के 75 साल का जश्न अमृत महोत्सव के रूप में मनाया। इस साल ये संयोग भी रहा कि संसदीय लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी और महिला वकीलों की अदालत में दस्तक के 100 साल भी 2022 में पूरे हुए। इन सालों में कई उपलब्धियां औरतों ने हासिल कीं, जो निश्चित तौर पर याद करने योग्य है लेकिन समाज में पितृसत्ता का बोलबाला आज भी ऐसा है कि महिलाओं के सालों पुराने मुद्दे जस के तस बने हुए हैं। सालों से संसद में महिला आरक्षण बिल लटका हुआ है, जो इस साल भी लटका ही रहा। हालांकि महिलाओं ने इसे लेकर इस साल भी अपनी आवाज़ बुलंद की। स्वतंत्रता दिवस से महज़ ठीक पहले दिल्ली के जंतर मंतर पर देश के कोने-कोने से आकर महिलाओं ने अपने अधिकारों के लिए आवाज़ उठाई। नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन वूमेन और अन्य महिला संगठनों के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में औरतों की प्रमुख मांग थी कि महिलाओं को अब केवल 33 प्रतिशत नहीं बल्कि राजनीति में 50 प्रतिशत अपना आरक्षण चाहिए।

इसे भी पढ़ें: आज़ादी के 75 साल, कब महिलाओं को मिलेगा राजनीति में 50 प्रतिशत आरक्षण का अधिकार?

इंटरनैशनल बुकर प्राइज़ से नवाज़ी गईं गीतांजलि श्री

साल 2022 में गीताजंलि श्री हिंदी भाषा के किसी उपन्यास के लिए अंतरराष्ट्रीय बुकर पुरस्कार हासिल करने वाली पहली भारतीय लेखिका बन गईं। गीतांजलि श्री को उनकी कृति ‘रेत समाधि’ के अनुवाद ‘टूम ऑफ सेंड’ के लिए साल 2022 का ‘इंटरनैशनल बुकर प्राइज़’ से सम्मानित किया गया है। ये किताब धर्म, जेंडर और देश की सरहदों पर बात करती है। यह पहला मौका था जब कोई हिंदी रचना बुकर के लिए पहले लॉन्ग लिस्टेड, फिर शॉर्टलिस्टेड और फिर बुकर से सम्मानित हुई हो। ये पूरे देश के लिए गर्व का क्षण था, क्योंकि इस सम्मान में हिंदी रचनाकारों खासकर महिला साहित्यकारों को एक बल दिया। क्योंकि हिंदी के साथ-साथ ही भारतीय भाषाओं के साहित्य में भी ऐसे मौके कम ही आए हैं, जब उन्हें अंतर्राष्ट्रीय सम्मान मिला हो।

इसे भी पढ़ें: रेत समाधि/ Tomb of sand एक शोकगीत है, उस दुनिया का जिसमें हम रहते हैं”

महिलाओं की आर्मी एविएशन कॉर्प्स में एंट्री

इस साल भारतीय सेना के इतिहास में पहली बार किसी महिला को एविएशन कॉर्प्स में एंट्री मिली है। 25 मई को आर्मी में 26 साल की कैप्टन अभिलाषा बराक को पहली महिला कॉम्बेट एविएटर के तौर पर नियुक्त किया गया, जो साल 2020 में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद सेना में महिलाओं की बराबरी के संघर्ष में एक सकारात्मक कदम के तौर पर देखा जा सकता है। ध्यान रहे कि भारतीय वायु सेना में महिलाएं लंबे समय से हेलीकॉप्टर उड़ा रही हैं। लेकिन आर्मी में महिलाएं इससे पहले केवल ग्राउंड ड्यूटी का हिस्सा रहा करती थीं। सर्वोच्च अदालत के फैसले के बाद सेना में आए इस बदलाव में महिलाओं की और सशख्त भूमिका नज़र आती है। इसके अलावा इसी साल नौसेना के एक ऑल-वूमन क्रू ने अरब सागर में निगरानी मिशन को पूरा करके भी इतिहास रचा, जो पूरे देश के लिए गर्व का क्षण रहा।

इसे भी पढ़ें: महिलाओं का लंबा क़ानूनी संघर्ष भी सेना में पितृसत्ता की जड़ें नहीं उखाड़ पा रहा!

भारतीय ओलंपिक संघ की पहली महिला अध्यक्ष बनीं पीटी उषा

भारत की उड़नपरी पीटी उषा के नाम वैसे तो ट्रैक पर कई रिकॉर्ड हैं, उन्होंने कई बार भारतीय ध्वज का मान इंटरनेशनल स्तर पर बढ़ाया। लेकिन इस साल पीटी उषा ने ऑफ ट्रैक भी एक नया इतिहास रचा है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्त्रोत बनेगा। मर्दो के वर्चस्व वाले भारतीय ओलंपिक संघ यानी आईओए की पीटी उषा ने इस साल तस्वीर बदली और वो इसकी पहली महिला अध्यक्ष बन गईं। पीटी उषा इस पद के लिए नामांकन भरने वाली इकलौती दावेदार थीं। और ये पहला मौका जब कोई महिला एथलीट इस टॉप पोजीशन तक पहुंची हो। उनकी यह उपलब्धि इस साल खेल की दुनिया में हुए सबसे बड़े बदलावों में से एक रही।

इसके साथ ही खेलों में इस साल जार्जिया में आयोजित वूशू स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतकर गीतांजलि त्रिपाठी देश का नाम रोशन किया तो वहीं मीराबाई चानू 49 किलोग्राम भार वर्ग में वजन उठाकर कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीत कर एक बार फिर इतिहास रचने में कामयाब हुईं। इस साल बीसीसीआई ने भी ऐतिहासिक कदम उठाते हुए भारतीय महिला क्रिकेटर्स को पुरुष क्रिकेटर्स के बराबर मैच फ़ीस देना की घोषणा की। हालांकि इससे खेलों में महिलाओं का संघर्ष कम नहीं हुआ है, लेकिन ये बदलाव की शुरुआत जरूर है।

इसे भी पढ़ें: BCCI ने किया महिला क्रिकेटर्स के लिए समान मैच फ़ीस का ऐलान, लेकिन बराबरी अभी भी दूर क्यों है?

मनोरंजन की दुनिया में छाईं भारतीय महिलाएं

भारतीय मॉडल सरगम कौशल ने इस साल मिसेज वर्ल्ड का खिताब अपने नाम कर देश का मान बढ़ाया। भारत ने 21 साल के लंबे इंतजार के बाद इस ताज को एक बार फिर अपने नाम किया है। इससे पहले साल 2001 में यह खिताब पहली बार डॉ. अदिति गोवित्रीकर ने हासिल किया था। इस साल भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली सरगम कौशल ने 63 देशों के प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए ये ताज अपने सिर पर पहना है।

तमाम विवादों के बीच बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण ने इस साल कतर में आयोजित फीफा वर्ल्ड कप 2022 की ट्रॉफी का अनावरण किया। अंतरराष्ट्रीय मंच पर ये उपलब्धि हासिल करने वाली दीपिका पहली भारतीय हैं। वे इस साल दुनिया की टॉप 10 सबसे खूबसूरत महिलाओं की लिस्ट में शामिल होने के साथ- साथ पॉप कल्चर ब्रांड्स के लिए ग्लोबल चेहरे के रूप में चुनी जाने वाली भी एकमात्र भारतीय हैं।

यूएन में विशेष दूत बनीं पहली एशियाई दलित महिला अश्विनी के.पी

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में जातिवाद और नस्लीय भेदभाव जैसे मुद्दों के लिए विशेष दूत के रूप में नियुक्त कर्नाटक के कोलार जिले की अश्विनी के. पी., इस पद पर पहुंचे वाली पहली दलित और एशिया की सबसे पहली महिला भी हैं। अश्विनी के.पी का चयन संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार काउंसिल के 51वें सेशन के दौरान नवंबर में हुआ था। एक डॉक्टरेट फेलो के रूप में उन्होंने जाति, भेदभाव और इसी तरह के अन्य मुद्दों से संबंधित विभिन्न मानवाधिकारों के क्षेत्र में और अकादमिक रूप में काम किया है। वह भारतीय दलितों का प्रतिनिधित्व करने वाले संयुक्त राष्ट्र के प्रतिनिधिमंडल का भी हिस्सा थीं। अश्विनी के.पी की ये उपलब्धि अपने आप में खास है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देसी महिलाओं की धनक को मजबूत करती है।

इसे भी पढ़ें : अंतर-वर्ग व लिंग भेदभाव पर ध्यान दूंगी:  यूएन की विशेष दूत के तौर पर नियुक्त पहली भारतीय दलित महिला अश्विनी केपी

गौरतलब है कि आज़ादी की लड़ाई से लेकर चिपको आंदोलन तक देश में महिलाओं के संघर्ष की भूमिका को नकारा नहीं जा सकता। यूं तो निर्भया मामले से लेकर किसान मोर्चे तक महिलाओं में ये सजगता और साहस पहले भी कई मौक़ों पर दिखा है। साल 2012 में निर्भया मामले के बाद बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चियां इंडिया गेट पर जमा हुईं। उन्होंने पुलिस की लाठियां और वॉटर कैनन झेले, लेकिन अपने हौसले और दृढ़ता से महिलाओं ने सरकार को यौन हिंसा के ख़िलाफ़ सख़्त क़ानून बनाने के लिए बाध्य किया।

महाराष्ट्र में मार्च 2018 में महिला किसानों के छिले हुए नंगे पैरों की तस्वीरें आज भी इंटरनेट पर मिल जाती हैं। ये नासिक से मुंबई तक किसानों की एक लंबी रैली थी। इसमें महिला किसानों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उनके इसके बाद नवंबर 2018 में क़र्ज़ माफ़ी की माँग को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों से किसान महिलाएं विरोध प्रदर्शन के लिए दिल्ली पहुँची थीं।

रूढ़ीवादी परंपरा को तोड़ती हुई औरतें, सबरीमाला मंदिर हो या हाजी अली दरगाह, हिंसक प्रदर्शनकारियों के सामने अपनी जान जोख़िम में डालकर भी मंदिर पहुँचीं। महिलाओं की इस ताक़त में उम्र की कोई सीमा नहीं है। युवा, उम्रदराज़ और बुज़ुर्ग, हर उम्र की महिला के हौसले बुलंद नज़र आते हैं।

यूं तो महिलाओं के संघर्ष ने एक लंबा सफ़र तय किया है लेकिन साल 2020 में जिस तरह नागरिक संशोधन कानून के खिलाफ महिलाएं बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरीं और जिस तरह साल 2021 की सर्द रातों में महिलाओं ने किसान आंदोलन में अपनी आवाज़ बुलंद की, उसने आने वाले दिनों में महिला आंदोलनों की एक नई इबारत लिख दी है।

इसे भी पढ़ें: साल 2021 : खेत से लेकर सड़क और कोर्ट तक आवाज़ बुलंद करती महिलाएं

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest