Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

विरोधी दलों के नेतृत्व वाली राज्य सरकारों के ख़िलाफ़ प्रतिशोध की भावना रखती है भाजपा सरकार: स्टालिन

‘‘अगर हमें समूचे भारत को मणिपुर और हरियाणा बनने से रोकना है तो ‘इंडिया’ गठबंधन को जीताना ही होगा।"
Stalin
फ़ोटो : PTI

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने सोमवार को केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार पर विरोधी दलों के नेतृत्व वाली राज्य सरकारों के खिलाफ प्रतिशोध की भावना रखने और उनकी संप्रभुता को नष्ट करने का आरोप लगाया।

पॉडकास्ट श्रृंखला ‘स्पीकिंग फॉर इंडिया’ के अपने पहले संबोधन में उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अपनी कठोर गतिविधियों के माध्यम से पूरे देश को तबाह करने का प्रयास कर रही है।

द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) अध्यक्ष ने अपने भाषण में कहा, ‘‘सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्ष राजनीति, समाजवाद, समानता, सामाजिक सद्भाव, राज्यों की स्वायत्ता, संघवाद, विविधता में एकता जैसे पहलू जिस भारत में अपनी पूरी महिमा के साथ पनपते हैं वही असली भारत है। एक अद्वितीय भारत।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मौजूदा भाजपा नीत केंद्र सरकार, विरोधी दलों वाले राज्य सरकारों के खिलाफ सिर्फ प्रतिशोध की भावना से काम कर रही है। वे सिर्फ और सिर्फ राज्य सरकारों की संप्रभुता को नष्ट करना चाहते हैं, उन राज्य सरकारों को जो जनता के कल्याण के लिए सीधे जिम्मेदार हैं।’’

उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस यानी ‘इंडिया’ का गठन उन पहलुओं पर भारत को फिर से खड़ा करने के लिए किया गया है, जिन पर वह फलता-फूलता था। उन्होंने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन देश को बचाने जा रहा है।

पटना, बेंगलुरु और मुंबई में आयोजित गठबंधन की बैठकों के संदर्भ में स्टालिन ने कहा, ‘‘अगर हमें समूचे भारत को मणिपुर और हरियाणा बनने से रोकना है तो ‘इंडिया’ गठबंधन को जीताना ही होगा। ये राज्य दुर्भाग्यवश भाजपा की सांप्रदायिक राजनीति और नफरत फैलाने वाली नीतियों का शिकार हुए हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘चलिए एक बहु-सांस्कृतिक और विविध भारत का निर्माण करें। चलें भारत को बचाएं। इसके लिए सबसे पहले भारत की बात करें।’’

उन्होंने कहा कि यह अकेले एम के स्टालिन की नहीं बल्कि ‘इंडिया’ की आवाज है।

उन्होंने कहा, ‘‘सुनिश्चित करें कि मेरी आवाज भारत में हर एक आवाज बने। चलिए ‘इंडिया’ को असली विजेता बनाएं।’’

स्टालिन ने दावा किया कि भाजपा भारत के मूल ढांचे को नुकसान पहुंचाने और एकता की भावना को नष्ट करने की कोशिश कर रही है, जिसे भारतीयों ने इतने लंबे समय तक संजोया और संरक्षित किया है।

उन्होंने कहा कि 2014 में सत्ता में आई भाजपा अपने चुनाव पूर्व वादों को पूरा करने में विफल रही, विशेष रूप से विदेशों में जमा काले धन को वापस लाने, हर भारतीय को 15 लाख रुपये देने, हर साल 2 करोड़ लोगों को रोजगार की गारंटी देने, किसानों की आय दोगुनी करने, हर भारतीय के लिए घर सुनिश्चित करने और देश को 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने जैसी जन कल्याण योजनाओं के संबंध में।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा शासन के जल्द ही 10 साल होने जा रहे हैं और उनमें से एक भी वादा पूरा नहीं किया गया है।’’

द्रमुक नेता ने दावा किया कि गुजरात मॉडल के जरिए सत्ता में आया ‘नरेंद्र मोदी मॉडल’ अब खत्म होने जा रहा है और उसके पास अपना कहने के लिए कोई महत्वपूर्ण मॉडल नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह दिशाहीन मॉडल बन गया है और कभी मशहूर रहे गुजरात मॉडल के बारे में भी अब कोई बड़े-बड़े दावे नहीं किए जा रहे हैं, खासकर तब जब हमने तमिलनाडु में द्रविड़ियन मॉडल की उपलब्धियों को आंकड़ों के सबूत के साथ गिनाया है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देखना निराशाजनक है कि कैसे भारत के मजबूत सार्वजनिक क्षेत्र को केंद्र सरकार द्वारा बर्बाद किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह स्पष्ट है कि वे सार्वजनिक क्षेत्र को अपने कॉर्पोरेट मित्रों को हस्तांतरित करने के लिए अपनी शक्ति का दुरुपयोग कर रहे हैं।’’

उन्होंने अपने भाषण में कहा, ‘‘पूरे देश का कल्याण कुछ लोगों के कल्याण तक सीमित हो गया है।’’

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूरे भारत में हवाई अड्डे और बंदरगाह निजी कंपनियों के हाथों में जा रहे हैं।

उन्होंने दावा कि केंद्र की भाजपा सरकार अपनी सभी कमियों को छिपाने के लिए धर्म को अपने हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है और लोगों की धार्मिक भावनाओं को भड़का रही है।

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest