Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

आसमान से गिरते इंसान: मानव होने की निरर्थकता

कुछ इंसान आज के दौर में भगवान की तरह बर्ताव करते हैं। यह लोग दूसरे लोगों से ऐसे व्यवहार करते हैं, जैसे उद्दंड बच्चे उड़ती हुई तितलियों के साथ करते हैं।
आसमान से गिरते इंसान: मानव होने की निरर्थकता

हम एक ऐसे दौर में रहते हैं जहां तस्वीरों का कभी ना खत्म होने वाला बहाव हमारी कल्पनाओं पर प्रहार करता रहता है। हाल में कुछ ऐसी तस्वीरें आईं जिन्होंने हमारे ऊपर कुछ ज़्यादा ही प्रभाव डाला। इन तस्वीरों ने हमें महसूस कराया कि कैसे इंसानों ने उनके साथी इंसानों की जिंदगी बेमोल बना दी है। काबुल से उड़ते विमान से गिरते शख़्स की तस्वीर इस क्रम में नया जुड़ाव है। यह राहत की बात रही कि यह घटना हवा में तब हुई, जब वहां कोई दानिश सिद्दीकी की तरह का शख़्स मौजूद नहीं था, जो उस घटना की क्रूरताओं को बारीकी से अपने कैमरे में कैद करता। लेकिन यह राहत बहुत थोड़े समय के लिए ही रही। इस तस्वीर का प्रभाव तब काफ़ी ज़्यादा बढ़ गया, जब पता चला कि गिरने वाला शख़्स अफ़गानिस्तान की युवा टीम का फुटबॉलर ज़ाकी अनवारी था। फ्रेंच फुटबॉलर एरिक कैंटोना ने एक बाद शेक्सपियर का उद्धरण देते हुए कहा था कि फुटबॉल खिलाड़ी कुछ लोगों के लिए वैसे ही होते हैं, जैसे उद्दंड बच्चों के लिए उड़ती तितलियां होती हैं। ज़ाकी अनवारी ने इसे शब्दश: साबित कर दिया। कुछ इंसान आज के दौर में भगवान की तरह बर्ताव करते हैं और दूसरे लोगों से वैसा व्यवहार करते हैं, जैसे उद्दंड बच्चे उड़ती हुई तितलियों के साथ करते हैं। यह इन्हीं लोगों की उद्दंडता थी, जिसने ज़ाकी और दूसरे लोगों को निगल लिया।

हाल के इतिहास में एलान कुर्दी की मृत तस्वीर से ज़्यादा किसी भी चीज ने इंसानी जिंदगी का कोई मोल ना होने की बात को साबित नहीं किया। लाल शर्ट और नीली पतलून में एक सुंदर सा बच्चा, जो विशाल समंदर के किनारे रेत में निर्जीव पड़ा हुआ है। आज 6 साल बाद भी निलुफेर देमिर की इस तस्वीर का सच किसी को भी दहला देता है; इस दुनिया में किसी बच्चे की जिंदगी की कीमत सागर में फेंकी गई एक प्लास्टिक की बॉटल के बराबर है। समुद्र दोनों को ही तटों पर पहुंचा देता है। जब सितंबर 2015 में इस तस्वीर ने हमें तोड़ दिया था, तब कलाकारों ने दिल की गहराई से अपनी अभिव्यक्ति का प्रदर्शन किया था। कुछ ने एलान को पंख दे दिए थे, ताकि वो स्वर्ग तक उड़ सके, तो कुछ ने उसे भगवान की गोद में प्रदर्शित किया था। इसके बाद कुछ यूरोपीय देशों ने शरणार्थी समस्या पर थोड़ा खुला नज़रिया अपनाया था। लेकिन व्यापक स्तर पर उस डराने वाली तस्वीर ने इंसानों को ना तो ज़्यादा दयावान बनाया और ना ही उनकी दूसरी नस्ल के लोगों की घृणा को कम किया। 

नीलुफेर के फ्रेम में एक छोटे बच्चे को पानी के बड़े विस्तार के साथ दिखाया था। अगली तस्वीर जो दिमाग में आती है, उसमें कोई शख़्स फ्रेम में नहीं है। इसके बावजूद इसकी प्रबलता हमारे दिमाग में कौंधती है। इस तस्वीर में एक रेलवे ट्रैक पर कुछ रोटियां बिखरी हुई दिखती हैं। यह 8 मई, 2020 का दिन था। 16 प्रवासी मज़दूरों को औरंगाबाद के पास उस वक़्त एक ट्रेन ने कुचल दिया, जब वो सो रहे थे। यह लोग महाराष्ट्र से मध्य प्रदेश तक पैदल ही घर तक का रास्ता तय कर रहे थे। क्योंकि देश में कुछ ही घंटे के नोटिस पर लॉकडाउन लगा दिया गया था। इन लोगों की गलती उनका यह अंदाजा था कि इस ट्रैक से कोई ट्रेन नहीं गुजरेगी, क्योंकि 25 मार्च से ट्रेनों की आवाजाही बंद हो गई थी। इन मौतों के लिए कौन जिम्मेदार था? सिस्टम की संवेदनहीनता या देश की संवेदनहीनता? जब यह ख़बर सार्वजनिक हो गई तब प्रधानमंत्री दुख और हैरानी जताई। लेकिन शायद जब वो लॉकडाउन लगा रहे थे, तब इस तरह के लोग उनके दिमाग में नहीं थे। राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन में प्रवासी मज़दूरों के अमानवीय संघर्ष को दिखाती तस्वीरों की कोई कमी नहीं है। 

लेकिन इन तस्वीरों ने बताया कि यह लोग इस देश के कई लोगों के लिए कुछ मौजूद ही नहीं थे। कड़वा लगा? शायद है भी। लेकिन बदतर यह है कि औरंगाबाद के पास मारे गए 16 लोगों के परिवारों के सदस्यों को इस साल मार्च तक मृत्यु प्रमाणपत्र भी नहीं मिला। 

इसी तरह काबुल छोड़कर जाने वाले प्लेन से गिरता शख़्स भी हवाई ज़हाज और अथाह आकाश के स्वामित्व वाली तस्वीर में सिर्फ़ एक बिंदु था। यह तस्वीर है कि मानवीय अविष्कार अब मानवीय भावनाओं के परे जा चुके हैं। जब किसी विमान को उड़ना है, तो उड़ना है। इससे फर्क नहीं पड़ता कि कितने लोग इसके टायर से लटके हुए हैं। हम अपनी खुद की प्रजाति के लिए इससे ज़्यादा तुच्छ नहीं हो सकते थे। 

उड़ना इंसान की सबसे पुराने सपनों में से एक रहा है। दुनिया के सभी हिस्सों के मिथकों में उड़ने से संबंधित चीजें पाई जाती हैं। शायद इनमें सबसे ज़्यादा दिल तोड़ने वाली कहानी डाएडालस के बेटे ल्कारुस की है। ल्कारुस के पर, मोम और पंखों के बने हुए थे। वह सूर्य के ज़्यादा पास तक पहुंच गया और मोम पिघल गई। नतीज़तन ल्कारुस समुद्र में गिर गया और मर गया। तुच्छ इंसानों को यहां शांति की खोज करनी चाहिए, यह खोज ग्रीक कहानी में नहीं, बल्कि इस कहानी से प्रेरित पुनर्जागरण काल की पेंटिंग में होनी चाहिए।

किसी को भी पीटर ब्रुगेल द एल्डर्स "फाल ऑफ़ ल्कारुस" में ल्कारुस को खोजने में दिक्कत हो सकती है। आपको एक इंसान दिखाई दे सकता है, जो पीछे की तस्वीर में घोड़े को धक्का दे रहा है, फिर एक चरवाहा अपने घोड़ों के साथ दिखता है, जिसक मेमने घास चर रहे हैं। आपको एक इंसान मछली पकड़ता हुआ दिखा देगा, साथ पेड़ की एक डाली पर बैठा पक्षी भी दिखेगा। यहां तक कि चित्र में आपको दूर-दराज के पर्वत और दूसरे द्वीप भी दिखाई दे सकते हैं। लेकिन ल्कारुस कहां है? आपको सिर्फ उसके पैर दिखाई देंगे, जब वो डूब रहा है। उसके आसपास की दुनिया इस बात से पूरी तरह बेफिक्र है।

इसी तरह दुनिया आसमान से गिरते अफ़गानियों के बारे में भी नहीं सोचेगी। सभी देश, जिनमें हमारा देश भी शामिल है, वे शरणार्थियों से मुंह मोड़ते रहेंगे। ना ही तालिबान बदलेगा। हम सिर्फ़ यह कहकर खुद को शांति दे सकते हैं कि इंसान हमेशा से दूसरे इंसान के लिए इतना ही तुच्छ रहा है। अगर ऐसा नहीं होता तो एक कलाकार इस तरह से ल्कारुस को नहीं डुबा पाता।

लेखक कोलकाता में रहने वाले स्वतंत्र पत्रकार हैं। वे समाज, राजनीति और खेल पर लिखना पसंद करते हैं। यह उनके निजी विचार हैं।

इस लेख को मूल अंग्रेजी में पढ़ने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें।

Falling From the Sky: The Insignificance of Being Human

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest