Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

पंजाब: गन्ना के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी लेकिन नाख़ुश किसान फिर आंदोलन की राह पर

किसानों की मांग है कि गन्ने का दाम 450 रुपये प्रति क्विंटल दिया जाए। इस मांग को लेकर किसान एकबारगी फिर सड़कों पर उतरकर आंदोलन कर रहे हैं।
Farmers
Photo: PTI

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवत सिंह मान ने गन्ना खरीद मूल्य में 11 रुपए बढ़ोतरी की घोषणा की है लेकिन सूबे के किसानों को यह नामंजूर है। किसानों की मांग है कि गन्ने का दाम 450 रुपये प्रति क्विंटल दिया जाए। इस मांग को लेकर किसान एकबारगी फिर सड़कों पर उतरकर आंदोलन कर रहे हैं। दो हफ्ते पहले अपनी इस मांग को लेकर किसानों ने जालंधर-जम्मू हाईवे जाम कर दिया था। पहले सड़क मार्ग बाधित किया और उसके बाद रेल ट्रैक पर भी रोक दिया गया। मुख्यमंत्री से बैठक के बाद किसानों ने आंदोलन उठाया था। अब किसानों का आरोप है कि मुख्यमंत्री भगवान सिंह मान ने धोखा दिया है। किसानों का कहना है कि उनके साथ वादा खिलाफी की गई। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा था कि गन्ने का खरीद मूल्य 400 रुपए से ज्यादा होगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद अब गन्ने का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 380 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़कर 391 रुपए हो गया है। यह राशि देश में सबसे ज्यादा है। हरियाणा में MSP 386 रुपए, उत्तर प्रदेश में 350 और उत्तराखंड में भी 350 रुपए है। पंजाब में बढ़ोतरी 11 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 'शगुन' बताया। जबकि किसानों का कहना है कि शगुन 51 और 101 रुपए का भी होता है। मुख्यमंत्री ने आदेश जारी किए हैं कि सहकारी और प्राइवेट चीनी मीलें शनिवार से पिराई का काम शुरू कर दें। जबकि किसानों का कहना है कि पंजाब की शुगर मीलें देशभर में सबसे बाद शुरू हो रही है जिससे किसानों का बड़ा नुकसान हुआ है। इसकी पूर्ति भी सरकार करे।

मुख्यमंत्री की घोषणा के फौरन बाद किसानों ने संयुक्त संघर्ष कमेटी की अगुवाई में दोआबा व मालवा में शुगर मिलों के बाहर धरना लगा दिया। गन्ने से भरी ट्रॉलियों के साथ किसानों ने जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे जाम कर दिया। ताजा जानकारी के मुताबिक पंजाब के विभिन्न हिस्सों में गन्ना काश्तकार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। सबसे बड़ा धरना जिला होशियारपुर के कस्बे मुकेरियां में लगाया गया है। यहां बड़ी तादाद में गन्ने की फसल उगाई जाती है। मुकेरियां में धरने के चलते जालंधर-जम्मू हाईवे बंद हो गया है। राष्ट्रीय राज्य मार्ग पर आंदोलन कर रहे किसानों से बातचीत के लिए उपायुक्त होशियारपुर कोमल मित्तल व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुरिंदर लांबा पहुंचे लेकिन किसान धरना हटाने के लिए राजी नहीं हुए। प्रशासन ने रूट डायवर्ट कर दिया है।
 
किसान संगठनों का कहना है कि इस साल गन्ने में 'रत्ता' रोग से भारी नुकसान हुआ है। पहले सरकार ने कहा था कि किसानों को मुआवजा दिया जाएगा अब मुकर रही है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार मांगे पूरी नहीं करती है तो रेल ट्रैक पर भी धरना दिया जाएगा। जालंधर में संयुक्त किसान मोर्चा की इस बाबत विशेष बैठक हुई। किसान नेताओं ने कहा कि गन्ने का समर्थन मूल्य 400 रुपए प्रति क्विंटल से ज्यादा चाहिए। इसके बाद किसान नेताओं से आईपीएस जसकरण सिंह, नरेंद्र भार्गव एवं अन्य पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों से पीएपी में बैठक की। यह बैठक बेनतीजा रही। किसान संगठन अपनी मांग के लिए अड़े हुए हैं।

किसान नेता सतनाम सिंह बागड़ियां कहते हैं, "सरकार किसानों से धोखा कर रही है। पहले मुख्यमंत्री ने कहा था कि विधानसभा में गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ाने की घोषणा की जाएगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब उन्होंने अपने तईं घोषणा की है और फिलहाल तक कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है। गन्ना खरीद मूल्य में 11 रुपए की बढ़ोतरी किसानों को नामंजूर है।" वरिष्ठ किसान नेता गुरप्रताप सिंह के मुताबिक, "पंजाब की बदलाव का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी सरकार किसानों से लगातार वादा खिलाफी करती आ रही है।" किसान नेता सुरजीत सिंह बिल्ला का कहना है कि किसानों का धरना तब तक जारी रहेगा; जब तक सरकार गन्ने का समर्थन मूल्य 450 रुपए नहीं करती।

उधर, पंजाब के कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल का कहना है, "सूबे में गन्ने की कीमत सबसे ज्यादा है। गन्ने का सबसे ज्यादा दाम 391 रुपए प्रति क्विंटल पंजाब में सरकार की ओर से दिया जा रहा है। पिछली सरकारों ने कभी किसानों को समय पर भुगतान नहीं किया लेकिन हमने केवल डेढ़ साल के कार्यकाल में किसानों को समय पर भुगतान किया है।"
बहरहाल, किसानों और सरकार के बीच फिर से ठन गई है। 

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest