Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

आंदोलनजीवी, चंदाजीवी और दंगाजीवी

सरकार कानून ही ऐसे बनाती है जिनसे प्रभावित जनता आंदोलन पर उतर आये। और सरकार जी के अनुसार इन्हीं आंदोलनों से आंदोलनजीवियों को रोज़गार उपलब्ध होता है।
cartoon click

सरकार जी भी अद्भुत हैं। बैठे बैठे ही नये नये रोजगार ईजाद कर देते हैं, वो भी बिना सोचे समझे। वैसे सोचने समझने का काम सरकार जी का नहीं है। सोचता समझता तो कोई और ही है। सरकार जी तो सिर्फ घोषणा कर देते हैं। उनको तो सिर्फ नई नई खोज करने से ही मतलब होता है, चाहे विज्ञान की करें या फिर रोजगार की। उनकी खोजों का क्या अर्थ या अनर्थ निकलता है, उससे उन्हें कोई मतलब नहीं है।

अब सरकार जी ने एक नया रोजगार ईजाद किया है, आंदोलनजीवी। पहले पकौड़े तलने का रोजगार ईजाद किया था जिसका आज तक मजाक उड़ाया जाता है, अब आंदोलनजीवी का ईजाद कर दिया है। माना कि पकौड़े तलने के रोजगार में सरकार की कोई प्रत्यक्ष भूमिका नहीं थी पर लोगों को आंदोलनजीवी नामक रोजगार प्रदान करने में सरकार का सीधा रोल है। सरकार  कानून ही ऐसे बनाती है जिनसे प्रभावित जनता आंदोलन पर उतर आये। और सरकार जी के अनुसार इन्हीं आंदोलनों से आंदोलनजीवियों को रोजगार उपलब्ध होता है। इसलिए आंदोलनजीवी नामक रोजगार के सृजन में सरकार की भूमिका बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं की जा सकती है। 

वैसे यह आंदोलनजीवी बहुत पुराना है पर इसे रोजगार के रूप में पहली बार सरकार जी ने ही पहचाना है। बताया जाता है कि राजा राम मोहन राय और ज्योतिबा फूले तथा उनकी पत्नी सावित्री फूले भी आंदोलनजीवी ही थे। महात्मा गांधी तो बहुत ही बड़े आंदोलनजीवी थे। शायद गांधी जी का पेट वकालत से नहीं भरता था तो दक्षिणी अफ्रीका में ही आंदोलनों के रोजगार में लग आंदोलनजीवी बन गये। फिर भारत में आ कर भी थोक में आंदोलनों का रोजगार शुरू कर दिया। उनसे आज तक विश्व के सभी आंदोलनजीवी प्रेरणा पाते हैं। वे भारत ही नहीं विश्व के सबसे बड़े आंदोलनजीवी थे, आंदोलनजीवी हैं और आंदोलनजीवी रहेंगे। 

कहा तो यह भी जाता है कि गांधी जी की हत्या भी आंदोलनजीवी होने के कारण ही की गई थी। बताया जाता है कि जिसने गांधी जी की हत्या की थी वह आज की सरकारी पार्टी की एक पूर्वज पार्टी हिंदू महासभा का ही एक सदस्य था। उसने गांधी जी की हत्या इसलिए की थी कि कहीं गांधी जी कोई और नया आंदोलन शुरू न कर दें। आखिर गांधी जी आंदोलनजीवी जो थे। 

स्वतंत्र भारत में आज से पहले भी आंदोलनजीवी हुए हैं। एक आंदोलनजीवी जेपी थे। जिनके आंदोलन से इंदिरा गांधी की सरकार गिरी और जनता पार्टी की आंदोलनभोगी सरकार बनी जिसमें जनसंघ भी भागीदार थी। एक और आंदोलनजीवी अन्ना हैं। उन्हीं के आंदोलन के बाद भाजपा की आंदोलनभोगी सरकार बनी। पर अन्ना अब आंदोलनजीवी नहीं रहे हैं। लगता है कि इस आंदोलनभोगी सरकार ने उनके रोजगार का कोई और बंदोबस्त कर दिया है। 

सरकार जी ने आंदोलनजीवी के अलावा और रोजगारों का जिक्र भी किया। श्रमजीवी बताया, परजीवी भी बताया पर अन्य कुछ रोजगारों का जिक्र करने से बचे। वे रोजगार हैं दंगाजीवी और चंदाजीवी। चंदाजीवी बड़ा अहिंसक सा रोजगार माना जाता रहा है। जो चंदा दे उसका भी भला और जो चंदा न दे उसका भी भला। पर हाल के वर्षों में जो चंदा दे उनकी रसीद तो काटी ही जाती है, जो चंदा न दे उनकी दूसरी रसीद काट दी जाती है। चंदाजीवी चंदे से अपना तो जीवन यापन करता ही है, जिस चीज के लिए चंदा इकट्ठा किया जा रहा है उस पर भी थोड़ा बहुत खर्च कर देता है। राजनीतिक दल भी चंदाजीवी होते हैं। जिस राजनीतिक दल की सरकार होती है वह अधिक बड़ा चंदाजीवी होता है। 

एक और रोजगार है जो रोजगारों की श्रेणी का अंतिम रोजगार है। यह रोजगार है दंगाजवी या फिर रक्तजीवी। वेदों-पुराणों में जिस रक्तबीज राक्षस का जिक्र है उसका आधुनिक रूप है यह दंगाजीवी। रक्तबीज नाम के राक्षस का रक्त जहाँ गिरता था वहीं एक नया राक्षस पैदा हो जाता था उसी तरह दंगाजीवी भी लहू बहने से अधिक बड़ा बनता जाता है। जितना लहू बहेगा, रक्तजीवी या दंगाजीवी उतना ही बड़ा होता जायेगा। ये दंगाजीवी बदलते रहते हैं। सन् चौरासी में दंगाजीवी अलग था तो वर्ष दो हजार दो में अलग। रक्त भले ही मुजफ्फरनगर के दंगों में लोगों का बहा हो या फिर पुलवामा की शहादत में सैनिकों का, यह दंगाजीवी हर बार अधिक बड़ा ही हुआ है। 

खैर, सरकार जी ने लोकसभा में इन रोजगारों के बारे में जो भी कुछ कहा हो या न कहा हो, उन्होंने एक बात अवश्य कही। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन पवित्र आंदोलन है। अब यह समझ में नहीं आ रहा है कि एक पवित्र आंदोलन की मांगें अपवित्र कैसे हो गयीं। और अगर मांगें भी पवित्र हैं तो फिर मानी क्यों नहीं जा रही हैं। सच ही तो है, मोदी जी हैं तभी तो मुमकिन है कि किसानों के पवित्र आंदोलन की पवित्र मांगें भी न मानी जायें। 

(इस व्यंग्य स्तंभ के लेखक पेशे से चिकित्सक हैं।)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest