Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

दिल्ली: ऐप कर्मचारियों ने बनाई अपनी यूनियन, तेज़ करेंगे आंदोलन!

ऐप कर्मचारी एकता यूनियन ने आम सभा की। इसमें दिल्ली के सभी हिस्सों से स्विगी, ब्लिंकिट, इंस्टामार्ट, पोर्टर और अन्य कंपनियों में काम करने वाले राइडर्स ने भाग लिया।
app

देशभर में गिग इकोनॉमी बढ़ रही है और इसके साथ ही गिग वर्कर भी बढ़ रहे है। आज देश में एक बड़ी आबादी गिग इकोनॉमी का हिस्सा है लेकिन यहां काम करने वाले कर्मचारियों की कोई सुरक्षा नहीं है। आम तौर पर इस  ऐप आधारित इकोनॉमी में कर्मचारियों को ऐप पर काम मिलता है। इनका मालिक से सीधा सम्बंध नहीं होता है। बीते सालों में यहां काम करने वाले कर्मचारी देशभर में एकजुट हुए और अपने साथ हो रहे शोषण के खिलाफ़ आंदोलन किए हैं।

इसी कड़ी में मंगलवार, 5 मार्च 2024 को दिल्ली में ऐप कर्मचारी एकता यूनियन ने अपना सम्मेलन किया और भविष्य में संगठित होकर ऐप कर्मचारियों को आवाज़ उठाने का वादा किया। यह यूनियन सेंट्रल ट्रेड यूनियन ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियंस (ऐक्टू) से जुड़ी है। 

ऐप कर्मचारी एकता यूनियन ने शकरपुर में आम सभा की बैठक की। इसमें दिल्ली के सभी हिस्सों से स्विगी, ब्लिंकिट, इंस्टामार्ट, पोर्टर और अन्य कंपनियों में काम करने वाले राइडर्स ने भाग लिया।

यह बैठक दिल्ली भर में महीनों के जागरूकता अभियान और सदस्यता अभियान के बाद आयोजित की गई थी, जिसके दौरान बड़ी संख्या में ऐप कर्मचारी यूनियन में शामिल हुए।

जागरूकता अभियान में ऐप श्रमिकों को 'पार्टनर' के बजाय श्रमिकों के रूप में मान्यता देने और न्यूनतम वेतन, सामाजिक सुरक्षा और यूनियन बनाने के उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ने की तत्काल आवश्यकता पर जोर दिया गया। सदस्यता अभियान को 2024 की शुरुआत में दक्षिण क्षेत्र में ब्लिंकिट कर्मचारियों के विरोध के दौरान यूनियन के सक्रिय समर्थन से भी काफी प्रोत्साहन मिला।

ऐप कर्मचारी एकता यूनियन की अध्यक्षा अपूर्वा शर्मा ने इस बात पर जोर दिया कि श्रमिकों की एकता में ही ताकत है और यह ताकत सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है कि यूनियन दिल्ली के सभी हिस्सों में बढ़े। राइडर्स सभी क्षेत्रों और कंपनियों के श्रमिकों के बीच सक्रिय रूप से एकता बनाने की आवश्यकता पर सहमत हुए।
ओजज

राइडर्स ने बैठक में अपनी अपनी बात रखी

अनिल कुमार ने कहा कि रेट प्रति ऑर्डर प्रणाली बंद होनी चाहिए। एक निश्चित और नियमित वेतन होना चाहिए, साप्ताहिक छुट्टियों के साथ काम की रोस्टर प्रणाली होनी चाहिए। सुभाष ने राइडर्स से कहा कि वे निरन्तर संगठित होकर संघ के कार्य का विस्तार करें।

ऐप कर्मचारी एकता यूनियन की बैठक को ऐक्टू के पदाधिकारी संतोष रॉय, सुचेता डे, अभिषेक, सूर्य प्रकाश और अन्य ट्रेड यूनियन के वरिष्ठ नेता ने भी संबोधित किया। 

संतोष राय ने कार्यकर्ताओं से ऐप कर्मियों के अधिकारों के लिए प्रभावी आंदोलन खड़ा करने की अपील की, वहीं  सुचेता डे ने हमारे समाज में असमानता के बढ़ते स्तर को चुनौती देने के लिए ऐप कर्मचारियों से एक मजबूत श्रमिक आंदोलन की आवश्यकता की अपील की।

ऐप कर्मचारी एकता यूनियन की आम सभा अपनी मांगों के चार्टर को दोहराने और एक यूनियन काउंसिल के चुनाव के साथ समाप्त हुई। अपूर्वा शर्मा को संघ की अध्यक्षा और ऋत्विक राज को महासचिव चुना गया। नई परिषद ने घोषणा की कि संघ अब अपनी मांगों पर दबाव डालने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों दोनों के खिलाफ आंदोलन शुरू करेगा।

ऐप कर्मचारियों का चार्टर:
1.      सभी ऐप कर्मचारियों को स्थायी कर्मचारी घोषित किया जाए। केंद्र और राज्य सरकारों को इस संबंध में आवश्यक कानून बनाना चाहिए।
2.      सभी ऐप कर्मचारियों के लिए 8 घंटे का कार्यदिवस और न्यूनतम वेतन 26,000 रुपये प्रति माह सुनिश्चित किया जाए।
3.      सभी ऐप कंपनियों को न्यूनतम 20 प्रतिशत बोनस देना होगा।
4.      सभी ऐप कर्मचारियों को पी.एफ., ई.एस.आई. और अन्य सामाजिक सुरक्षा लाभ मिलना चाहिए। उन्हें पेट्रोल और ईंधन की कीमतों में महंगाई के अनुरूप महंगाई भत्ता दिया जाना चाहिए।
5.      ऐप कर्मचारी के घायल होने पर 50 लाख रुपये का भुगतान किया जाना चाहिए और ऐप कर्मचारियों की मृत्यु के मामले में 1 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए।
6.      ऐप कंपनियों को अवैध छंटनी तुरंत रोकनी होगी।

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest