Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

दिन दहाड़े सुरक्षा बलों के सामने केजरीवाल के घर पर हमला, सिसोदिया बोले - भाजपा के गुंडों ने किया हमला

आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि यह हमला केजरीवाल की हत्या की साजिश थी। इसको लेकर सभी विपक्षी दलों ने भी बीजेपी की निंदा की है।  
kejriwal's house attacked
फ़ोटो साभार: सोशल मीडिया

दिल्ली में बुधवार को ऐसी घटना हुई जिसने दिल्ली पुलिस पर गंभीर सवाल खड़ा कर दिया। 30 मार्च को भारतीय जनता पार्टी की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कथित विरोध-प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर लगे सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा अवरोधकों पर हमला किया। उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। ये बेहद शर्मनाक है कि लोकतंत्र में एक मुख्यमंत्री के घर पर इस तरह हमला किया जाए।

हालांकि बीजेपी नेता कह रहे हैं कि उनके लोगो ने कोई हमला नही किया है। परन्तु वहीं आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि यह कृत्य केजरीवाल की हत्या की साजिश थी। इसको लेकर सभी विपक्षी दलों ने भी बीजेपी की निंदा की क्योंकि दिल्ली में सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्र के अधीन आने वाली दिल्ली पुलिस की है जिसे बीजेपी के द्वारा नियंत्रित किया जाता  है। ऐसे में उसी के कार्यकर्ताओं का दिल्ली के मुख्यमंत्री के घर पर प्रदर्शन  के नाम पर इस तरह का कृत्य करना और पुलिस का मूक दर्शक बनकर खड़ा रहना गंभीर सवाल उठता है।
 
आपको बता दें कि भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के नेतृत्व में कुछ कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल के आवास पर प्रदर्शन किया।  कथित तौर पर कश्मीरी पंडितों का “मजाक उड़ाने” के लिये उनसे माफी की मांग की।लेकिन सवला उठता है मुख्यमंत्री केजरीवाल का आवास 6, फ्लैग स्टाफ रोड पर है। भाजयुमो का विरोध-प्रदर्शन बुधवार सुबह करीब 11 बजकर 30 मिनट पर शुरू हुआ।

 दिल्ली पुलिस ने कहा कि उसने उपयुक्त इंतजाम किए थे लेकिन फिर 15-20 प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास तक पहुंचने में कैसे सफल रहे? पहुँच भी गए तो उन्हें इतना समय क्यों दिया गया कि वो सुरक्षा उपकरणों को तोड़े और मुख्यमंत्री के घर के गेट पर भगवा रंग से रंग दे? इस पुरे घटनाक्रम को देखे तो लगता है पुलिस ने भी उत्पादियों को उत्पाद करने का पूरा मौका दिया।  
 
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बुधवार को आरोप लगाया कि पंजाब विधानसभा चुनाव में हार के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ‘‘हत्या’’ करना चाहती है।हालाँकि हंगमा बढ़ते देख दिल्ली पुलिस ने कहा कि इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर) सागर सिंह कल्सी ने कहा कि आईपीसी की धारा 186 (सरकारी कर्मचारी के कार्य में बाधा डालना), धारा 188 (लोक सेवक द्वारा जारी आदेश का उल्लंघन), धारा 353 (सरकारी कर्मचारी को हमला या आपराधिक बल के जरिए कर्तव्य निर्वहन से रोकना) और सार्वजनिक संपत्ति क्षति रोकथाम अधिनियम की धारा 3 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।उन्होंने कहा कि जांच शुरू की गई है और गिरफ्तारी के लिए कई टीम रवाना की गई हैं।

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने एक ट्वीट में दावा किया कि असामाजिक तत्वों ने दिल्ली में केजरीवाल के आवास पर सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा के लिये लगाए गए अवरोधकों पर हमला किया और उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्होंने बताया कि द्वार पर लगा ‘बूम बैरियर’ भी टूट गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर आवास के प्रमुख द्वार पर पेंट भी फेंका।

सिसोदिया ने एक अन्य ट्वीट में कहा, “भाजपा के गुंडों ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर में तोड़फोड़ की। भाजपा की पुलिस उन्हें रोकने के बजाय घर के गेट तक ले गई।”दिल्ली के गृह मंत्री सत्येंद्र जैन ने यह भी आरोप लगाया कि “भाजपा के लोगों द्वारा हमला दिल्ली पुलिस के कर्मियों की मौजूदगी में किया गया, जिसके दौरान सीसीटीवी कैमरे और बैरियर तोड़ दिए गए।”

भाजयुमो के राष्ट्रीय सचिव तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने कहा कि संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल के घर के निकट प्रदर्शन किया, लेकिन किसी तरह की तोड़फोड़ नहीं की।इस पुरे घटना को लेकर वामपंथी दल भारत की कम्युनिस्ट (मार्क्सवादी) यानी माकपा ने बयाना जारी कर इस घटना की निंदा की।   इसे मुट्ठी भर भाजपाई गुंडों द्वारा की गई कायराना हरकत कहा। उन्होंने कहा  "दिल्ली में एक विशेष फिल्म को कर-मुक्त बनाने के मुद्दे पर आरएसएस-भाजपा अभियान चला रही थी, जिसके जवाब में विधानसभा में मुख्यमंत्री ने जो भाषण दिया उसमें मोदी सरकार की घोर अक्षमता को उजागर किया गया। जिससे नाराज होकर भाजपा-आरएसएस वालों ने यह कायराना हमला किया।

दिल्ली के नागरिकों ने आरएसएस-भाजपा ठगों की ऐसी आपराधिक, अलोकतांत्रिक मानसिकता को पहले भी बर्दाश्त नहीं किया है. न ही भविष्य में ऐसा करने को तैयार हैं। आने वाले एमसीडी चुनाव में जनता इसका संकेत देगी। सीपीआई(एम) दिल्ली राज्य कमेटी इस आपराधिक कृत्य में शामिल सभी लोगों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग करती है।"

कांग्रेस ने भी हमले की निंदा की और इसे लोकतंत्र के लिए खतरा बताया।  इस घटना के बाद ट्विटर पर भी हैशटैग बीजेपी के गुंडे (#BJPKeGunde) टॉप पर ट्रेंड होने लगा। लोगों ने इसे लेकर जमकर रिऐक्‍शन दिए। उन्‍होंने इस घटना की तीखी निंदा की।

उधर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने  इस घटना पर कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर पुलिस की मौजूदगी में ‘‘हमला’’ कायराना कृत्य है जो दिखाता है कि भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) आम आदमी पार्टी (आप) और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक से भयभीत है।
 
मान ने इस घटना पर ट्वीट किया,‘‘ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर पुलिस की मौजूदगी में ‘‘हमला’’ कायराना कृत्य है। अब स्पष्ट है कि भाजपा केवल आम आदमी पार्टी (आप) और इसके राष्ट्रीय संयोजक से डरती है।’’

पंजाब के मंत्री गुरमीत सिंह हेयर ने इस घटना पर कहा कि ‘‘देश के शासक भयभीत हैं।’’

हेयर ने ट्वीट किया कि मुख्यमंत्री केजरीवाल के आवास पर भाजपा के लोगों ने हमला किया और दिल्ली पुलिस की मौजूदगी में सीसीटीवी कैमरे तथा अवरोधक क्षतिग्रस्त कर दिए।

(समाचार एजेंसी भाषा इनपुट के साथ)

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest