Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

मिजोरम जाने की हिम्मत भी नहीं जुटा पाए पीएम मोदी और गृह मंत्री शाह

मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरामथंगा ने ऐलान किया है कि वे प्रधानमंत्री मोदी के साथ कोई मंच साझा नहीं करेंगे। उनके इस फ़ैसले की वजह को समझना मुश्किल नहीं है।
modi and shah
फाइल फ़ोटो। PTI

पूर्वोत्तर के सबसे छोटे राज्य मिजोरम में भी विधानसभा चुनाव होने हैं। वहां सात नवंबर को मतदान होगा, लिहाजा पांच नवंबर को चुनाव प्रचार बंद हो जाएगा। यानी चुनाव प्रचार के लिए दो दिन और बचे हैं। लेकिन न तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा वहां अपनी पार्टी का प्रचार करने गए। भारतीय जनता पार्टी की ओर से एकमात्र बड़े नेता के तौर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ही मिजोरम में चुनाव प्रचार किया है। पिछले दस सालों में यह पहला ऐसा मौका है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने किसी प्रदेश के विधानसभा चुनाव में हिस्सा नहीं लिया है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को मिजोरम में एक चुनावी रैली को संबोधित किया और दावा किया कि केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद पूर्वोत्तर के राज्यों में तेजी से विकास हुआ है, जिससे यहां दशकों से जारी अलगाववाद खत्म हुआ है। उनके इस दावे के बरअक्स सवाल हैं कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले छह महीने से पूर्वोत्तर से क्यों दूरी बना रखी है? वे पूरे देश में घूम रहे हैं लेकिन पूर्वात्तर का दौरा क्यों नहीं कर रहे हैं? हर छोटे-बड़े चुनाव के मौके पर प्रचार के लिए जाने वाले और भाजपा की हर छोटी-बड़ी चुनावी जीत का श्रेय लेने वाले नेता मिजोरम में चुनाव प्रचार करने क्यों नहीं गए?

राजनाथ सिंह ने मिजोरम की चुनावी रैली में आरोप लगाया कि मणिपुर में जब हिंसा चरम पर थी, तब वहां कांग्रेस ने राजनीति करने की भरपूर कोशिश की। उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिए बगैर कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के मना करने के बावजूद कांग्रेस के नेता ने मणिपुर का दौरा कर वहां के लोगों के जख्मों को कुरेदा। सवाल है कि अगर राहुल गांधी वहां लोगों के जख्मों को कुरेदने गए थे तो लोगों के जख्मों पर मरहम लगाने के लिए वहां जाने से प्रधानमंत्री को किसने रोका था और किसने अभी तक रोक रखा है?

यह सही है कि मिजोरम छोटा राज्य है और 40 सीटों वाली विधानसभा है। फिर भी भाजपा ने जिस तरह से पूर्वोत्तर में अपना विस्तार किया है, वहां कई राज्यों में अपनी सरकार बनाई है और वह वहां अलगाववाद खत्म करके शांति बहाल करने का दावा कर रही है, उस लिहाज से तो उसके लिए यह चुनाव कम अहम नहीं है। सवाल है कि क्या मिजोरम के चुनाव नतीजों का अंदाजा पार्टी को पहले से हो गया है और क्या इसीलिए मोदी और शाह प्रचार के लिए नहीं गए?

गौरतलब है कि मिजोरम में पिछले कई दशकों से कांग्रेस और मिजो नेशनल फ्रंट बारी-बारी से सत्ता में आते रहे हैं और कांग्रेस के पी. ललथनहवला और मिजो नेशनल फ्रंट के पी. जोरामथंगा बारी-बारी से मुख्यमंत्री बनते रहे हैं। जोरामथंगा से पहले मिजो नेशनल फ्रंट के संस्थापक लालडेंगा मुख्यमंत्री बनते रहे। पूर्वोत्तर के ज्यादातर राज्यों में भाजपा ने अपनी अच्छी खासी राजनीतिक जमीन तैयार कर ली है लेकिन आदिवासी और ईसाई बहुल मिजोरम, नगालैंड और मणिपुर में उसका जनाधार नहीं बन सका है। मिजोरम के इस राज्य में भाजपा का कभी कोई जनाधार नहीं रहा है। पिछले विधानसभा चुनाव में उसे महज एक सीट मिली थी।

यह भी गौरतलब है कि मिजोरम से ही सटा मणिपुर पिछले छह महीनों से जातीय हिंसा की आग में बुरी तरह झुलस रहा है। वहां 500 से भी ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं, हजारों घरों और सरकारी इमारतों को जला कर राख कर दिया गया है, सशस्त्र बलों से हथियार छीने गए हैं। मणिपुर की राज्यपाल अनुसुइया उइके की माने तो वहां एक हजार से भी ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं और हालात बेहद भयावह हैं। वहां महिलाओं से सामूहिक बलात्कार और उन्हें निर्वस्त्र कर सड़कों पर घुमाने जैसी वीभत्स और शर्मनाक वारदातें भी हुई हैं। छह महीने से वहां कर्फ्यू लगा हुआ है और वहां के लोग मोबाइल व इंटरनेट सेवाओं से महरूम हैं। इन सब घटनाओं की तपिश मिजोरम तक भी पहुंची है। मणिपुर से पलायन कर हजारों लोगों ने मिजोरम में शरण ली है। वहां भी कुकी-जोमी यानी आदिवासी समुदाय के समर्थन में बड़ी रैली निकाली गई।

मिजोरम में सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट कुछ दिनों पहले तक भाजपा की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए का हिस्सा था, लेकिन मणिुपर की घटनाओं की वजह से ही उसने अपने को एनडीए से अलग कर लिया है। यही नहीं, मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरामथंगा ने यह भी ऐलान किया है कि वे प्रधानमंत्री मोदी के साथ कोई मंच साझा नहीं करेंगे। उनके इस फैसले की वजह समझना मुश्किल नहीं है।

मणिपुर में छह महीने से जारी जातीय हिंसा के बीच प्रधानमंत्री मोदी एक बार भी मणिपुर नहीं गए हैं। मणिपुर की स्थिति पर भी वे महज दो बार बोले हैं, वह भी बिल्कुल सरसरी तौर पर। उनके मिजोरम में चुनाव प्रचार के लिए नहीं जाने के पीछे भी मणिपुर की घटनाएं हैं। हालांकि उनके मिजोरम जाने का कार्यक्रम बना था लेकिन मुख्यमंत्री जोरामथंगा ने अपनी पार्टी के एनडीए से अलग होने और प्रधानमंत्री के साथ मंच साझा नहीं करने का ऐलान कर दिया। उनके इस ऐलान के बाद ही प्रधानमंत्री का मिजोरम जाने का कार्यक्रम टला। अगर वे मिजोरम जाते तो उन्हें मणिपुर के बारे में भी बोलना पड़ता और यह सवाल भी निश्चित ही उठता कि वे मणिपुर नहीं गए लेकिन चुनाव प्रचार के लिए मिजोरम पहुंच गए। इसीलिए वे मिजोरम नहीं गए, जैसे मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में चुनाव प्रचार के लिए जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री का दौरा रद्द होने के बाद गृह मंत्री अमित शाह के मिजोरम जाने का कार्यक्रम बना। लेकिन जिन तारीखों में उनके मिजोरम जाने की खबर आई थी, उन तारीखों में वे छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में चुनावी रैलियां करते रहे। यानी उनका भी मिजोरम जाने का कार्यक्रम रद्द हो गया। जाहिर है कि मणिपुर की हिंसा का असर पूर्वोत्तर के बाकी राज्यों में भी गहराई तक हुआ है और भाजपा का शीर्ष नेतृत्व भी हालात की गंभीरता को समझ गया है। मिजोरम में पिछली बार भाजपा ने एक सीट जीत कर अपना खाता खोला था और इस बार उसे ज्यादा सफलता की उम्मीद थी लेकिन अब लग रहा है कि वह अपनी एकमात्र सीट भी नहीं बचा पाएगी। कहने की आवश्यकता नहीं कि यह पूर्वोत्तर से भाजपा के पैर उखड़ने की शुरुआत होगी।

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest