पाकिस्तान में बाढ़ से तबाहीः क़रीब 1200 लोगों की मौत, 3 करोड़ से ज़्यादा प्रभावित
![pakistan](/sites/default/files/styles/responsive_885/public/2022-09/pak2.png?itok=IVD-9QnF)
पाकिस्तान में बाढ़ के कारण 1200 से अधिक लोगों की जान चली गई है, जबकि लाखों लोग बेघर हो गए हैं। इनके सामने खाने-पीने की दिक्कत हो गई है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार रिकॉर्ड मानसूनी बारिश के कारण आई बाढ़ से 1208 लोगों की जान चली गई। जिन लोगों की मौत हुई है उनमें 416 बच्चे और 244 महिलाएं हैं। उसके अनुसार बाढ़ से हुई घटनाओं में 6082 लोग घायल भी हो गए।
हिंदुस्तान की रिपोर्ट के अनुसार देश में तीन दशक में इस बार सबसे अधिक वर्षा होने और हिमनद के पिघलने से एक तिहाई हिस्सा जलमग्न है। बाढ़ की सबसे अधिक मार सिंध और बलूचिस्तान प्रांत पर पड़ी है। गिल्गिट बाल्टिस्तान का दौरा करने के बाद प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ़ ने कहा, 'बाढ़ के कारण यहां हुई लोगों की मौत से मुझे बड़ा दुख हुआ। पूरे देश में तबाही हुई है। आप जहां भी जाएं, तबाही हर जगह आपको नज़र आएगी।'
पाकिस्तान के इतिहास की सबसे ख़तरनाक बाढ़
पाकिस्तान के इतिहास में इसे सबसे ख़तरनाक बाढ़ बताया जा रहा है। देश की एक-तिहाई से अधिक आबादी पानी के बीच रहने को मजबूर है। यूरोपियन स्पेस एजेंसी ने कुछ सेटेलाइट तस्वीरें जारी की हैं, जिनमें बाढ़ की भयावहता को देखा जा सकता है। बाढ़ के पानी में फंसे होने से बहुत लोगों को भोजन की सख़्त ज़रूरत है। बाढ़ के चलते यहां लाखों एकड़ की फसल बर्बाद हो गई है। ऐसे में समस्या और गंभीर हो चुकी है।
बाढ़ के बीच भूख बड़ी समस्या बनती जा रही
चैरिटी एक्शन अगेंस्ट हंगर के अनुसार, पाकिस्तान में 27 मिलियन लोगों के पास बाढ़ से पहले ही पर्याप्त भोजन की व्यवस्था नहीं थी। अब तो बड़े पैमाने पर भूख की समस्या खड़ी हो गई है। यूनाइटेड किंगडम स्थित सहायता गठबंधन आपदा आपातकालीन समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सालेह सईद ने राहत और बचाव कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा, 'पानी लगातार बढ़ता ही जा रहा है। हमारी प्राथमिकता है कि ज़्यादातर लोगों का जीवन बचाया जा सके। बाढ़ के चलते जान-माल का भारी नुक़सान हुआ है।'
यूएन के महासचिव कर सकते हैं पाकिस्तान का दौरा
विदेश कार्यालय के प्रवक्ता असीम इफ़्तिख़ार अहमद ने कहा कि 3.3 करोड़ से अधिक लोग बड़े पैमाने पर आपदा से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने आपदा से निपटने के लिए 16 करोड़ डॉलर की तत्काल मदद की अपील की है। अहमद ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस इस कठिन समय में पाकिस्तान के प्रति एकजुटता और अंतरराष्ट्रीय समुदाय का समर्थन दर्शाने के लिए 9-10 सितंबर को पाकिस्तान का दौरा करेंगे। ऑस्ट्रेलिया, चीन समेत कई देशों और विश्व बैंक, एशियाई विकास बैंक और संयुक्त राष्ट्र की विभिन्न एजेंसियों समेत विभिन्न वैश्विक संगठनों ने सहायता की पेशकश की है।
(फ़ोटो साभार : ट्विटर)
अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।