Skip to main content
xआप एक स्वतंत्र और सवाल पूछने वाले मीडिया के हक़दार हैं। हमें आप जैसे पाठक चाहिए। स्वतंत्र और बेबाक मीडिया का समर्थन करें।

हरियाणा : निलंबित बेलसोनिका कर्मचारियों की भूख हड़ताल छठे दिन भी जारी !

यूनियन का कहना है कि पुनः बहाली नहीं होने तक कर्मचारियों की हड़ताल जारी रहेगी।
workers protest
फ़ोटो साभार : फेसबुक

हरियाणा के मानेसर स्थित बेलसोनिका ऑटो कंपोनेंट इंडिया में कारखाने के बाहर निलंबित कर्मचारियों ने गुरुवार 4 मई से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की। ये क्रमिक भूख हड़ताल 9 मई 2023 को छठे दिन भी जारी रहा। यूनियन का कहना है कि पुनः बहाली नहीं होने तक कर्मचारियों की हड़ताल जारी रहेगी।

यूनियन के धरने पर यूनियन और मजदूर नेता पहुंच रहे हैं और अपना समर्थन दे रहे हैं। कल यानी सोमवार को हिंद मजदूर सभा के नेता जसपाल राणा व सुजुकी बाइक एंप्लाइज यूनियन के लोग पहुंचे और उन्होंने यूनियन के संघर्ष का समर्थन किया। जसपाल राणा ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि यूनियन का संघर्ष काबिले तारीफ है। हिंद मजदूर सभा आपके संघर्ष के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।

यूनियन के धरने पर बेलसोनिका के मजदूर लगातार सक्रिय हैं। मजदूर धरनारत साथियों के लिए जरूरी सामान लगातार पहुंचा रहे हैं। शिफ्टों की छुट्टी के बाद मजदूर धरने पर पहुंच रहे हैं तथा प्रबंधन की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं। यूनियन अपनी मांगों के साथ लगातार आंदोलन को आगे बढ़ा रहा है।

यूनियन ने आरोप लगाया कि श्रम विभाग और प्रबंधन के साथ बातचीत के कई प्रयासों के बावजूद मजदूरों को निलंबित या बर्खास्त कर दिया गया।

यूनियन महासचिव अजीत सिंह ने न्यूज़क्लिक को बताया कि पिछले तीन महीनों में 17 कर्मचारियों को बर्खास्त और 13 को निलंबित किया गया है। 17 कर्मचारियों में से 13 पक्के थे जबकि बाकी कम से कम सात साल की सेवा वाले पुराने कर्मचारी थे।

आगे उन्होंने कहा, “हमने न्याय पाने के लिए हर संभव कोशिश की और प्रबंधन, श्रम विभाग और मीडिया से बात की, कोई फायदा नहीं हुआ। बेहतर और सम्मानजनक कामकाजी परिस्थितियों के लिए लड़ाई ने हमारी नौकरियां छीन लीं।”

अजीत कहते है कि भूख हड़ताल "प्रबंधन और श्रम विभाग दोनों के हस्तक्षेप की आवश्यकता पर जोर देने" के लिए शुरू की गई थी।

प्रबंधन द्वारा 33 पक्के कर्मचारियों पर उनकी नियुक्ति के समय फर्जी दस्तावेज जमा करने का आरोप लगाने के बाद कर्मचारी-प्रबंधन तनाव बढ़ गया।

कंपनी के एच आर उपाध्यक्ष एमएन साहू ने निलंबन का बचाव किया। उन्होंने फोन पर न्यूज़क्लिक को बताया था कि कर्मचारियों को अपने दस्तावेज़ों के सत्यापन में होने वाली जांच के बारे में पता था, जिसका उल्लेख उनके रोज़गार पत्रों में किया गया है।

उन्होंने कहा, "उनके कॉन्ट्रैक्ट लेटर में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि अगर उनके दस्तावेजों में कोई विसंगति पाई जाती है तो उन्हें हटाने का अधिकार कंपनी के पास है।"

उन्होंने आरोप लगाया कि 13 कर्मचारियों ने "फर्जी प्रमाण पत्र पेश किए थे। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि यह हड़ताल अदालत के स्टे ऑर्डर का उल्लंघन करती है, जिसमें फ़ैक्टरी के बाहर किसी भी तरह के धरने पर रोक लगा दी गई है"।

अजीत ने जोर देकर कहा कि सभी "पक्के कर्मचारियों को पात्रता मानदंड के अनुसार चुना गया था और पक्के किए जाने से पहले कठोर सत्यापन से गुजरना पड़ा था।"

उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें अनुचित श्रम प्रथाओं के खिलाफ आवाज उठाने के लिए दंडित किया गया।

यूनियन से जुड़े एक वकील मोनू सिंह ने कहा कि "अदालत के आदेश में यह उल्लेख नहीं है कि कार्यकर्ताओं को धरने पर बैठने के लिए कितनी दूरी बनाए रखनी चाहिए"। उन्होंने कहा, "केवल निर्देश शर्त यह थी कि मजदूरों को परिसर के अंदर या कहीं और उत्पादन बाधित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।"

यूनियन ने अपने बयान में कहा कि क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे हुए छह दिन हो चुके हैं। लेकिन न तो बेलसोनिका प्रबंधन कोई सुध ले रहा है और न ही श्रम विभाग विवादों के समाधान के लिए प्रबंधन के खिलाफ कोई उचित कार्रवाई कर रहा है। प्रबंधन विवादों का समाधान करने की बजाय विवादों को और ज्यादा बढ़ा रहा है तथा उकसावे वाली कार्रवाई कर यूनियन के आंदोलन को तोड़ने का प्रयास लगातार कर रहा हैं। प्रबंधन अपनी मनसा बार-बार जाहिर कर रहा है कि मजदूरों की छंटनी कर ठेके पर सस्ते व अधिकार विहीन मजदूर रख सके। बेलसोनिका यूनियन अपनी मांगों के साथ लगातार क्रमिक भूख हड़ताल को जारी रखते हुए आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए अपनी रणनीति बना रहा है।

अपने टेलीग्राम ऐप पर जनवादी नज़रिये से ताज़ा ख़बरें, समसामयिक मामलों की चर्चा और विश्लेषण, प्रतिरोध, आंदोलन और अन्य विश्लेषणात्मक वीडियो प्राप्त करें। न्यूज़क्लिक के टेलीग्राम चैनल की सदस्यता लें और हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित हर न्यूज़ स्टोरी का रीयल-टाइम अपडेट प्राप्त करें।

टेलीग्राम पर न्यूज़क्लिक को सब्सक्राइब करें

Latest